×

यूपी में भगवान राम पर सियासत गर्म, संजय निषाद के बयान पर बीजेपी का पलटवार, संत भी नाराज

संजय निषाद ने भगवान राम पर विवादित बयान दिया। जिसके बाद अब भाजपा के नेता और अयोध्या के संत उन पर हमलावर हो गए हैं।

Rahul Singh Rajpoot
Published on: 9 Nov 2021 4:44 PM GMT
यूपी में भगवान राम पर सियासत गर्म, संजय निषाद के बयान पर बीजेपी का पलटवार, संत भी नाराज
X

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में चुनाव हो और नेताओं की ओर से अनर्गल बयानबाजी ना हो ऐसा हो ही नहीं सकता। यूपी में भगवान राम को लेकर एक बार फिर से सियासत गरम हो गई है। इस बार कोई विपक्षी दल नहीं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बयान पर बवाल मचा हुआ है।

संजय निषाद ने भगवान राम पर विवादित बयान दिया। जिसके बाद अब भाजपा के नेता और अयोध्या के संत उन पर हमलावर हो गए हैं। अयोध्या के संतों ने जहां संजय निषाद के बयान की निंदा की वहीं बीजेपी के कुछ नेता उन पर ही हमला बोलना शुरू कर दिए हैं। बीजेपी नेता और संतों ने क्या कहा उसे आपको बताएं उससे पहले जान लीजिये कि संजय निषाद ने क्या कुछ कहा था?

संजय निषाद का विवादित बयान

दरअसल, रविवार को संजय निषाद ने प्रयागराज में भगवान राम को लेकर एक विवादित बयान दिया था। जिसमें उन्होंने कहा कि 'भगवान श्रीराम और निषाद राज का जन्म मखौटा घाट पर हुआ था' संजय निषाद ने कहा 'खीर खाने से कोई बच्चा पैदा नहीं होता। भगवान श्री राम राजा दशरथ के तथाकथित पुत्र हैं', राम श्रृंगी ऋषि के पुत्र थे' इसी बयान को लेकर बवाल छिड़ गया है।


बीजेपी सांसद ने किया पलटवार

जाहिर है भगवान राम के नाम पर सियासत पर काबिज बीजेपी के नेता इस बयान पर कैसे चुप बैठने वाले थे। भले ही उनके आला नेता इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। लेकिन गोंडा से भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने संजय निषाद पर पलटवार करते हुए कहा 'क्या इनकी मां राम जन्म के समय वहां दाई थीं जो उन्हें पता है कि वह भगवान दशरथ के तथाकथित पुत्र थे'।

अयोध्या के संतो ने की निंदा

वहीं अयोध्या के संतों में भी नाराजगी देखने को मिली। रामलला के प्रमुख पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा कि निषाद पार्टी के अध्यक्ष जिस तरीके की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वह निंदनीय है, जो भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं इनका या बयान आपत्तिजनक है।

उन्होंने भगवान राम का अपमान कर राम भक्तों का अपमान किया है। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने भी उनके बयान की निंदा करते हुए कहा कि भगवान राम के समय में निषाद राज ने भगवान की सेवा भाव से की थी। भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगा कर उनको अपने दरबार में स्थान देकर बैठा था। लेकिन कलयुग में निषाद पार्टी के अध्यक्ष का यह बयान उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

ओवैसी ने संघ प्रमुख पर साधा निशाना

एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने संजय निषाद के बयान को लेकर संघ पर हमला बोला है। ओवैसी ने कहा मोहन भागवत (Mohan Bhagwat RSS) निषाद पार्टी के प्रमुख के इस बयान पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए, भाजपा और आरएसएस के नेता इस मुद्दे पर क्यों नहीं बोल रहे हैं।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story