×

Congress के RSS की ड्रेस में आग लगी तस्वीर पोस्ट करने पर बवाल, भाजपा ने दिया तीखा जवाब

Congress VS BJP: कांग्रेस की ओर से ट्वीट की गई तस्वीर में आरएसएस की ड्रेस में आग लगी हुई है। इसके नीचे भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा गया है कि अभी 145 दिन बाकी हैं।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 12 Sep 2022 9:32 AM GMT
Ruckus for posting a picture of Congresss RSS dress on fire, BJP gave a scathing reply
X

कांग्रेस नेता राहुल गांधी: Photo- Social Media

Click the Play button to listen to article

New Delhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Congress leader Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के बीच पार्टी की ओर से आरएसएस (RSS) की ड्रेस को लेकर किए गए ट्वीट पर बवाल मच गया है। कांग्रेस (Congress) की ओर से ट्वीट की गई तस्वीर में आरएसएस की ड्रेस में आग लगी हुई है। इसके नीचे भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा गया है कि अभी 145 दिन बाकी हैं। कांग्रेस की ओर से किए गए इस विवादित ट्वीट को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है।

पार्टी के नेता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने एक परिवार के इशारे पर संघ का अपमान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से निकाली गई यात्रा भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि आग लगाओ यात्रा है। भाजपा के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी कांग्रेस की ओर से ट्वीट की गई इस तस्वीर पर तीखी प्रतिक्रिया जताई है। कांग्रेस की ओर से यह ट्वीट किए जाने के बाद ही इसे लेकर बड़ा विवाद पैदा होने की आशंका जताई जा रही थी।

संघ और भाजपा पर साधा निशाना

दरअसल, कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए पोस्ट में संघ की ड्रेस में आग लगी तस्वीर शेयर की गई है। पार्टी की ओर से फेसबुक पर भी पोस्ट किया गया है। इस तस्वीर के जरिए कांग्रेस ने संघ और भाजपा पर निशाना साधा है। इस तस्वीर को पोस्ट करने के साथ पार्टी की ओर से लिखा गया है कि देश को नफरत के माहौल से मुक्त करने और आरएसएस–बीजेपी (RSS BJP) द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई को पूरा करने के लक्ष्य की दिशा में हम एक–एक कदम बढ़ा रहे हैं।

इस तस्वीर में आरएसएस की ड्रेस में आग लगने के साथ ही धुंआ भी उठता दिख रहा है। तस्वीर के साथ भारत जोड़ो यात्रा की ओर इशारा करते हुए कहा गया है कि अभी 145 दिनों की यात्रा बाकी है। इस ट्वीट के सामने आने के बाद ही इसे लेकर विवाद पैदा होने की आशंका पैदा हो गई थी।

कांग्रेस की आग लगाओ यात्रा

भाजपा नेता संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा भारत जोड़ो यात्रा नहीं बल्कि भारत छोड़ो और आग लगाओ यात्रा है। यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस पार्टी की ओर से इस तरह का कृत्य किया गया है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल पूछा कि क्या वे देश में हिंसा कराना चाहते हैं? उन्होंने मांग की कि कांग्रेस पार्टी को इस तस्वीर को तुरंत हटाना चाहिए।

कांग्रेस का जलाने का रहा है इतिहास

भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बेंगलुरु से सांसद तेजस्वी सूर्या ने इस ट्वीट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 1984 में कांग्रेस ने दिल्ली को जला दिया था और इसके पारिस्थितिकी तंत्र ने 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया था। ऐसे लोगों ने फिर से हिंसा का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के भारतीय राज्य के खिलाफ लड़ने के साथ ही कांग्रेस राजनीतिक दल नहीं रह गई है।

उत्तर प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद (Uttar Pradesh PWD Minister Jitin Prasada) ने भी कांग्रेस के इस ट्वीट पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद तो समझा जा सकता है मगर क्या राजनीतिक विरोधियों को जलाने के लिए इस तरह की मानसिकता की आवश्यकता है? उन्होंने इसे नकारात्मकता और नफरत की राजनीति बताते हुए कहा कि सभी को इसकी निंदा करनी चाहिए।

कांग्रेस का टिप्पणी से इनकार

दूसरी ओर कांग्रेस नेता जयराम रमेश (Congress leader Jairam Ramesh) ने इस बाबत कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रमेश ने कहा कि मैं टी-शर्ट और अंडरवियर पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा के लोग जूते, टीशर्ट और कंटेनर को मुद्दा बनाना चाहते हैं तो इससे पता चलता है कि वे कितना डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मैं इस मुद्दे पर कुछ भी नहीं बोलना चाहता। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर झूठ की फैक्ट्री चलाई जा रही है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story