×

मनोज सिन्हा ने कहा- यूपी में कानून व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या, ठीक करने पर होगा ध्यान

मनोज सिन्हा ने उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के प्रश्न पर कहा कि ख्वाहिशें बड़ी बेवफा होती हैं,पूरी होते ही बदल जाती हैं। मैं प्रदेश के सीएम पद की दौड़ में नहीं हूं, मेरे पास जो दायित्व है मैं प्रसन्न हूं।

zafar
Published on: 17 March 2017 10:08 AM GMT
मनोज सिन्हा ने कहा- यूपी में कानून व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या, ठीक करने पर होगा ध्यान
X

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बड़ी समस्या मानते हैं। मनोज सिन्हा शुक्रवार को वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद गाजीपुर में अपने गांव में पूजा करने जाएंगे।

कानून व्यवस्था की चुनौती

मनोज सिन्हा ने उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के प्रश्न पर कहा कि ख्वाहिशें बड़ी बेवफा होती हैं,पूरी होते ही बदल जाती हैं। मैं प्रदेश के सीएम पद की दौड़ में नहीं हूं, मेरे पास जो दायित्व है मैं प्रसन्न हूं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की जीत का श्रेय मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काम को देता हूं।

उत्तर प्रदेश में चुनौती के बारे में सिन्हा ने कहा कि कानून व्यवस्था उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी समस्या है। भाजपा का अब सबसे पहले सारा ध्यान इसको ठीक करने पर रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लखनऊ में चार महीने में मेट्रो ट्रेन चलने लगेगी। रेलवे ने इसकी तैयारी कर ली है।

मनोज सिन्हा शाम चार बजे की फ्लाइट से दिल्ली से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट, बाबतपुर पर उतरेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से गाजीपुर जाएंगे। वह गाजीपुर में रात्रि विश्राम करेंगे। मनोज सिन्हा शनिवार को अपने गांव मोहनपुर के प्राचीन मंदिर में भगवान के दर्शन करेंगे।

zafar

zafar

Next Story