×

Meerut Politics News: कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी मुख्यमंत्री को लेकर स्पष्टता नहीं

Meerut Politics News:कांग्रेस पार्टी में अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई स्पष्टता नहीं दिखाई दे रही।

Sushil Kumar
Report Sushil KumarPublished By Shraddha
Published on: 22 Aug 2021 7:43 AM GMT
कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी मुख्यमंत्री को लेकर स्पष्टता नहीं
X

सोनिया गांधी - राहुल गांधी (फाइल फोटो - सोशल मीडिया)

Meerut Politics News : कांग्रेस पार्टी (Congress Party) में अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ही उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री (Chief Minister) पद को लेकर कोई स्पष्टता दिखाई नहीं दे रही हैं। चुनाव घोषणा पत्र के सिलसिले में शनिवार को मेरठ पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद से हुई मीडिया की बातचीत से तो यही संकेत मिलते दिख रहे हैं।

स्थानीय मीडिया से बातचीत में कांग्रेस के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष के सवाल पर कांग्रेस के इस वरिष्ठ नेता ने बिना नाम लिए कहा कि सब जानते हैं कि पार्टी किसके नेतृत्व में आगे बढ़ रही है। हालांकि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए स्पष्ट तौर पर राहुल गांधी का नाम ले सकते थे,जिनके पु‌नः अध्यक्ष बनने की संभावनाएं चल रही हैं।

यहां बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। इसके बाद सोनिया गांधी को पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। कांग्रेस में काफी समय से कांग्रेस के भीतर नेतृत्व परिवर्तन की मांग हो रही है, मगर पार्टी इसके चुनाव को टालती आ रही है।


कांग्रेस पार्टी (कांसेप्ट फोटो - सोशल मीडिया)


पूर्व केंद्रीय मंत्री ने इसी तरह 2022 के चुनाव में उप्र में पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा के सवाल पर कहा कि इसका निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा करेंगी। हालांकि उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के नेतृत्व में मौजूदा सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष करेंगे और चुनाव लड़ेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेश तिवारी ने दावा किया था कि प्रियंका गांधी वाड्रा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस का चेहरा होंगी। जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है। उनके नेतृत्व में ही अगले साल विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। पार्टी सभी विधानसभा सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। जनता के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी प्रियंका को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। वहीं कांग्रेस के स्थानीय एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रियंका गांधी राष्ट्रीय महासचिव हैं, उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं। उनकी देखरेख में चुनाव होगा और मुख्यमंत्री का चेहरा राष्ट्रीय नेतृत्व तय करता है, जो राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा वही उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री पद का दावेदार होगा।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को संभालने का काम तो पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव का पद पाने के बाद 2019 से ही शुरू कर दिया था। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में यूपी की कुल 403 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को कांग्रेस को केवल 7 सीटें मिली थीं। कांग्रेस नेताओं को उम्मीद है कि यदि प्रियंका गांधी को राज्य के भावी मुख्यमंत्री के रूप में पेश किया जाता है तो इससे आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को संजीवनी मिल सकती है. साल 1989 के बाद से यूपी की सत्ता पर अलग-अलग कार्यकाल में सपा, बसपा और बीजेपी का कब्जा रहा है।

Shraddha

Shraddha

Next Story