×

मिशन 2019: चुनावी अभियान में मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी तय

sudhanshu
Published on: 29 Oct 2018 5:01 PM GMT
मिशन 2019: चुनावी अभियान में मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी तय
X

लखनऊ: भाजपा के राज्य मुख्यालय पर सरकार और संगठन के बीच हुई बैठक के केंद्र में चुनावी एजेंडा रहा। तय हुआ कि संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी के चलाए जा रहे अभियानों में सभी प्रदेश पदाधिकारी व मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी होगी। बूथ समिति अभिनन्दन कार्यक्रम, कमल संदेश बाइक रैली, सभी विधानसभाओं में पद यात्रा और सरकारी योजनाओं से लाभ पाए लोगों के घर जाकर कमल का दीपक जलाने के कार्यक्रम को अमली जामा पहनाने के कार्यक्रम पर चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया। मंत्रियों को मिशन 2019 की तैयारियों में जुटने को कहा गया। खुद प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, मंत्री व प्रदेश पदाधिकारी कार्यक्रमों में मौजूदगी होगी। 2 से 4 नवम्बर को लोकसभा चुनाव संचालन समितियों की बैठकें होगी।

10 से 15 नवम्बर तक बूथ समिति अभिनन्दन कार्यक्रम

भाजपा 10 से 15 नवम्बर तक बूथ समिति अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित करेगी। हर बूथ पर होने वाले अभिनंदन समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष डा. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल शामिल होंगे। इस अभिनन्दन कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री और पार्टी पदाधिकारी शामिल होकर बूथ समिति के सदस्यों का अभिनंदन करेंगे।

बाइक पर सवार होकर रैली में शिरकत करेंगे सीएम

भाजपा 17 नवम्बर को 80 लोकसभा क्षेत्रों में कमल संदेश बाइक रैली निकाल रही है। इसमें सीएम व प्रदेश अध्यक्ष सहित राज्य सरकार के मंत्री और पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी लोग बाइक पर सवार होकर रैली में शिरकत करेंगे।

एक से 15 दिसम्बर तक 403 विधानसभाओं में पद यात्रा

महात्मा गांधी की जयन्ती के 150वें वर्ष पर पार्टी द्वारा एक दिसम्बर से 15 दिसम्बर तक प्रदेश के सभी 403 विधानसभाओं में पद यात्रा का आयोजन किया जाएगा। पद यात्रा के दौरान प्रत्येक विधानसभा में पार्टी के कम से कम 25-25 कार्यकर्ताओं की छः अलग-अलग टोलियां बनाकर 150 किमी. पद यात्रा करेगें। विधानसभा स्तर पर होने वाली सभी पद यात्राओं का शुभारम्भ तथा समापन के स्थान तय होंगे।

सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर जलाएंगे कमल का दीपक

बैठक में पार्टी द्वारा चलाए जाने वाले कमल विकास ज्योति महाभियान पर भी चर्चा हुई। 26 जनवरी को सायं 5 बजे से आयोजित होने वाले कमल विकास ज्योति महाभियान के तहत बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ता बूथ समिति के सदस्यों के साथ मोदी-योगी सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर पर जाकर कमल का दीपक जलाकर लाभार्थी परिवार के साथ उत्सव मनाएंगे साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की उपब्धियों की जानकारी भी देंगे।

sudhanshu

sudhanshu

Next Story