×

अखिलेश बोले- बीजेपी का सिर्फ एक उद्देश्य सपा सरकार के कार्यो को बर्बाद करना

Gagan D Mishra
Published on: 9 Nov 2017 7:55 PM GMT
अखिलेश बोले- बीजेपी का सिर्फ एक उद्देश्य सपा सरकार के कार्यो को बर्बाद करना
X
डिंपल नहीं लड़ेंगी अब लोकसभा चुनाव, अखिलेश हो सकते हैं कन्नौज से प्रत्याशी

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे निकाय चुनावों को पूरी गंभीरता से लें, क्योकि उत्तर प्रदेश का संदेश राजनीति में बहुत महत्वपूर्ण होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी का एक मात्र उद्देश्य उनके खिलाफ प्रचार करना है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित नगर निकाय चुनाव से संबंधित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, "दिल्ली की सरकार के चार वर्ष और उप्र की सरकार के आठ महीने बिना किसी उपलब्धि के बीत गए। बीजेपी की क्या दिशा है यह भी तय नहीं है। समाजवादी सरकार के विकास कार्यो का कोई मुकाबला नहीं है। बीजेपी का बस एक मात्र उद्देश्य समाजवादी सरकार के कार्यो को बर्बाद करना और अखिलेश यादव के विरुद्ध दुष्प्रचार करना है।"

अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार के पांच वर्ष का हर पल विकास और जनहित के लिए समर्पित रहा है। कार्यकर्ता समाजवादी सरकार की पांच वर्ष की तमाम उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के साथ बूथ और वार्ड का इंतजाम फूलप्रूफ तरीके से करें।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "बीजेपी की आदत जनहित में काम करने की नहीं है। बीजेपी सरकार द्वारा नोटबंदी और जीएसटी लागू करने के दुष्परिणाम देश को भोगने पड़ रहे हैं। किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान, सभी बेहाल हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। नियम है कि काम से जीवन बदलता है किंतु बीजेपी की राज्य सरकार बसों और भवनों का रंग बदलना ही अपनी बड़ी उपलब्धि मान रही है। कानून व्यवस्था चौपट है।"

उन्होंने कहा, "निकाय चुनावों में बहुमत से जीत के लिए कार्यकर्ता हर मतदाता तक समाजवादी सरकार के कामों का ब्यौरा लेकर पहुंचे। हमारा काम बोलता है। हमें जरा भी आलस्य नहीं करना है। विधानसभा चुनाव के नतीजों पर आज भी किसी को भरोसा नहीं है। उसमें साजिश की बू आती है। इसलिए चुनावों को लेकर एक-एक कार्यकर्ता को सतर्क रहना है।"

--आईएएनएस

Gagan D Mishra

Gagan D Mishra

Next Story