×

योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार: शपथ लेने के बाद जानिए किसने क्या कहा?

मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से विधायक विजय कश्यप को राज्य मंत्री बनाया गया है। मूलतः संघ कैडर के विजय कश्यप सहारनपुर के जिला बौद्धिक प्रमुख रहे।

Aditya Mishra
Published on: 21 Aug 2019 3:31 PM
योगी मंत्रिमंडल का पहला विस्तार: शपथ लेने के बाद जानिए किसने क्या कहा?
X

धनंजय सिंह

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल विस्तार में आज छह कैबिनेट, छह राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और 11 राज्यमंत्री समेत कुल 23 मंत्रियों ने शपथ ली।

इनमे से कुछ मंत्रियों का प्रमोशन हुआ तो कुछ पहली बार मंत्री बनाये गए। शपथ लेने के बाद इन मंत्रियों से न्यूजट्रैक ने बात की।

बातचीत के दौरान इन मंत्रियों ने सरकार के एजेंडे को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने की बात कही, जिससे आम जनता को त्वरित गति से लाभ मिल सके।

मंत्रियों ने जहां बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया, वहीं प्रदेश के विकास को गति प्रदान करने की भी बात कही।

नई जिम्मेदारी मिलने से उत्साहित हूं: डॉ महेन्द्र सिंह

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) से कैबिनेट मंत्री बनाये जाने वालों में डॉ महेन्द्र सिंह ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से उत्साहित हूं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का नम्बर एक राज्य बने, यह मुख्यमंत्री का सपना है।

इसके लिए मैं अपनी भूमिका का पूरी तरह से निर्वहन करूंगा। अपने विभाग में पारदर्शी तरीके से तबादले करने के कारण सुर्खियां बटोरने वाले डॉ महेन्द्र सिंह ने कहा कि नई जिम्मेदारी में जनता को और भी बहुत कुछ अच्छा देखने को मिलेगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी का प्रमुख चेहरा माने जाने वाले सुरेश राणा ने कैबिनेट मंत्री बनने पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से पूरा करने का काम करूँगा।

ये भी पढ़ें...भारत में कंकाल झील: कहां से निकल रहे इंसानी ढांचे, कौन है इनका कातिल

योजनाओं का लाभ जनता को दिलाने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे: भूपेन्द्र सिंह चौधरी

प्रदेश सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति को मिले, इसे सुनिश्चित किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री बनाए गए भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि पार्टी और मुख्यमंत्री ने जो विश्वास व्यक्त किया है।

उसके लिए उनका आभारी हूँ। सरकार की प्राथमिकता वाले काम और योजनाओं पर पूरी मेहनत से काम करेंगे। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे सेक्टर में कैसे आम जनता को और लाभ मिल सकता है।

इस दिशा में प्रयास किया जाएगा। जनता ने जो स्नेह और आशीर्वाद दिया, वह एक तरह से जवाबदेही भी है। इसलिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

बेहतर कार्य करना मेरी प्राथमिकता में होगा: अनिल राजभर

कैबिनेट मंत्री बनाए गए अनिल राजभर ने कहा कि हमारा समाज पहले से ही भाजपा से जुड़ा है। लोकसभा चुनाव में भी ये स्पष्ट रूप से देखने को मिला। पार्टी ने जो भी जिमेदारी दी, उस पर खरा उतरने का प्रयास किया।

अब नई जिम्मेदारी में और बेहतर कार्य करना मेरी प्राथमिकता में होगा। उन्होंने कहा कि सही मायनों में ये चुनौती भी है। हम लोग रात दिन काम करने वाले लोग हैं और रात-दिन काम करेंगे। मैं पूरी ईमानदारी से अपने दायित्वों पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।

जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहूंगी: कमला रानी

नये चेहरे के तौर पर कैबिनेट मंत्री बनाई गई घाटमपुर से आने वाली कमला रानी वरुण ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि मेरी मेहनत में कोई कमी नहीं आएगी। ईमानदारी में कोई कमी नहीं आएगी और न ही धैर्य में कोई कमी देखने को मिलेगी।

मंत्री बनाये जाने से पहले सुर्खियों और बयानों से दूर रहने पर कहा कि मंत्रिपरिषद के विस्तार से पहले बहुत बातें होती हैं, उन पर पहले से प्रतिक्रिया व्यक्त करना ठीक नहीं होता।

अब जब सरकार में जिम्मेदारी मिली है, तब मैं सामने आयी हूं और जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार रहूंगी। नए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से पालन किया जाएगा। कमलरानी वरुण 1996 और फिर 1998 में घाटमपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद भी रह चुकी हैं।

एक अन्य नए चेहरे के तौर पर कैबिनेट मंत्री बनाए गए राम नरेश अग्निहोत्री मैनपुरी की भोगांव सीट से भाजपा विधायक हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जब भी कोई जिम्मेदारी दी, उसे पूरी निष्ठा से निभाया।

अब सरकार में जो दायित्व मिलेगा, उसे भी पूरी जिम्मेदारी से निभाऊंगा, जिससे मैनपुरी के साथ-साथ पूरे प्रदेश की जनता को उसका लाभ मिल सके। क्षेत्र के विकास को लेकर भी कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।

पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा : कपिल देव अग्रवाल

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मैं पार्टी का साधारण और पुराना कार्यकर्ता हूं, जो विश्वास मुझ पर जताया गया है। उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सिद्धान्तों पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्य कर रहे हैं। उसे आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

सरकार की नीति और योजनाओं का आम जनता को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके, इसके लिए गम्भीरता से प्रयास किया जाएगा। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए गए अशोक कटारिया संगठन में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।

इसके अलावा वह भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी का सपना सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का है।

इस दिशा में हर जिम्मेदारी को निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल ने अन्त्योदय की बात कही थी। उनके इस सपने को साकार करने के लिए पूरी मेहनत से कार्य किया जाएगा।

yogi cabinet 2

पार्टी जो दायित्व देगी उसका पालन करूंगा : नीलकंठ तिवारी

प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से आने वाले नीलकंठ तिवारी लो-प्रोफाइल में रहकर काम करने के लिए चर्चित हैं।

सूचना राज्य मंत्री के रूप में अभी तक वह सरकार के अहम कार्यों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालते आए हैं।

वहीं अब राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाए जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले जो दायित्व दिया। उसको निभाया गया और अब जो जिम्मेदारी मिली है, उसे भी पूरी ईमानदारी से पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी व्यक्ति के जीवन का हिस्सा है। इसलिए जो भी मिलेगी, उसका निर्वहन करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विकास को अपनी प्राथमिकता में रखा है।

इसको लेकर सरकार की जो भी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उन्हें धरातल पर और ज्यादा प्रभारी बनाने का काम किया जाएगा।

ये भी पढ़ें...डायल 100 : झगड़े का निपटारा करनी पहुंची टीम ने महिला को लात-घूसों से पीटा

वाराणसी से आने वाले मंत्रियों की संख्या बढ़कर तीन हुई

खास बात है कि अब प्रदेश सरकार में वाराणसी से आने वाले मंत्रियों की संख्या तीन हो गई है। यहां से राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे अनिल राजभर ओहदा बढ़ने के साथ जहां अब कैबिनेट मंत्री हो गए हैं।

वहीं नीलकंठ तिवारी के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनने के साथ शहर उत्तरी से दो बार विधायक रहे रवींद्र जायसवाल को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उसके वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए वह पूरी कोशिश करेंगे। राज्य मंत्री बनाए गए चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि बुन्देलखण्ड में शिक्षा,रोजगार और जल सबसे बड़ी समस्या है।

इसका समाधान सरकार के स्तर पर किस तरह प्रभावी रूप से हो, इस पर प्राथमिकता से काम करेंगे। इसके साथ ही पर्यटन के लिए विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मैं चित्रकूट से हूं, यह श्रीराम की पावन भूमि है। इसके समग्र विकास के लिए धरातल पर काम किया जाएगा।

वाराणसी उत्तरी से विधानसभा का चुनाव जीतने वाले रविन्द्र जायसवाल को योगी सरकार में पहली बार राज्यमंत्री बनाया गया है। वह इसके पहले 2012 में भी विधानसभा का चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंच चुके हैं।

पीएम मोदी के सपने को आगे बढाना है: रविन्द्र जायसवाल

राज्यमंत्री की शपथ लेने के बाद हुई बातचीत के दौरान रविन्द्र जायसवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को आगे बढाना है।

चूंकि वाराणसी से आता हूं इसलिए पूर्वांचल का विकास करना हमारी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि हमे उत्तर प्रदेश को आगे बढाना है।

साथ साथ संगठन के काम को भी देखना हमारी जिम्मेदारी है। यह भी कहा कि जनता की हर समस्या के लिए पूर्व की भांति काम करता रहूंगा।

सतीश द्विवेदी ने कहा कि मेरे जैसे साधारण कार्यकर्ता को विश्वास व्यक्त करते हुये पहले टिकट दिया और पहली बार विधायक चुने जाने के बाद अब मंत्री बनाया है, उसके लिए पार्टी के केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व का कृतज्ञ हूं।

प्रदेश की योगी सरकार जिस कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम कर रही है, उसका हिस्सा बनने के बाद मैं स्वयं भी पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाऊंगा।

मंत्रिमंडल विस्तार से योगी ने पश्चिमी यूपी में साधे जातीय समीकरण

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपनी सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार किया।

इस विस्तार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के चार नेताओं को मंत्री बनाया गया है। जबकि राज्य मंत्री सुरेश राणा को पदोन्नत करके कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।

कपिलदेव अग्रवाल

मुजफ्फरनगर शहर के विधायक कपिलदेव अग्रवाल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। गांधीनगर में रहने वाले कपिलदेव अग्रवाल ने अपने करियर की शुरूआत पत्रकारिता से की थी।

किशोर अवस्था में ही आरएसएस से जुड़ने वाले कपिलदेव अग्रवाल 2006 से 2011 तक नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष रहे।

इसके बाद वर्ष 2016 में अखिलेश यादव सरकार के मंत्री चितरंजन स्वरूप के निधन के बाद हुए उप चुनाव में मुजफ्फरनगर शहर सीट पर भाजपा के टिकट पर कपिल देव ने बाजी मारी।

इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनावों में भी फिर से विधायक बनने में कामयाब रहे। प्रत्येक मौके पर पहुंचने वाले कपिल देव की छवि जनता के बीच बहुत अच्छी है।

विजय कश्यप

मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट से विधायक विजय कश्यप को राज्य मंत्री बनाया गया है। मूलतः संघ कैडर के विजय कश्यप सहारनपुर के जिला बौद्धिक प्रमुख रहे।

सहारनपुर जनपद के नानौता के रहने वाले विजय कश्यप का अपनी बिरादरी में खासा जनाधार है। पहली बार 2007 में चरथावल से चुनाव लड़े, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।

2017 के विधानसभा चुनाव में वह चरथावल सीट से विधायक निर्वाचित हुए। विजय कश्यप् भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में सदस्य रह चुके हैं।

अनिल शर्मा

भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से विधायक बनें अनिल शर्मा मूल रूप से सुरजावली गांव के निवासी है। वर्ष 1989 में ग्राम प्रधानी का चुनाव जीतकर अनिल शर्मा ने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की।

अनिल शर्मा ने बसपा से वर्ष 2002 में खुर्जा विधानसभा से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए। 2007 में भी बसपा से खुर्जा से चुनाव लड़ कर अनिल शर्मा दूसरी बार विधायक बने।

वर्ष 2012 के विधानसभा से पहले परिसीमन हुआ तो खुर्जा सुरक्षित सीट हो गई। इसके बाद इन्होंने शिकारपुर को अपना राजनीतिक क्षेत्र बनाया और भाजपा का दामन थाम लिया।

वर्ष 2017 में शिकारपुर सीट पर बसपा प्रत्याशी मुकुल शर्मा को 51 हजार वोटों से हराकर चुनाव जीता।

अशोक कटारिया

गुर्जर बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले अशोक कटारिया मूलतः संघ कैडर के है। वह वर्ष 1990 में अखिल विद्यार्थी परिषद से जुड़ गए थे। उन्होंने 1993 में रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बरेली से अर्थशास्त्र व समाज शास्त्र में स्नातक किया।

संगठन में कार्यकुशलता के चलते वह 1994 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री मुरादाबाद रहे। 1996 में संगठन मंत्री मुरादाबाद का दायित्वच संभाला।

1997 से 2000 तक विभाग संगठन मंत्री बरेली रहते हुए राजनीतिशास्त्र में स्नातकोत्तर किया। वर्ष 2001 में अशोक कटारिया भाजपा के प्रदेश मंत्री चुने गए।

इसके बाद उन्हें भाजयुमो का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। 2013 में अशोक कटारिया को भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष और 2016 में प्रदेश महामंत्री बने।

इसके बाद भाजपा ने उन्हें विधान परिषद में भेजा। वह योगी मंत्रिमंडल के अकेले गुर्जर मंत्री है।

ये भी पढ़ें...अरे यहां ये क्या होता हैं, लड़के रहते हैं पर्दे में, लड़कियां उनसे करती हैं जबरन प्यार

Aditya Mishra

Aditya Mishra

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!