×

Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ में मेयर का चुनाव स्थगित, आप और कांग्रेस का भारी हंगामा, लगाया आरोप-हार निश्चित देखकर भाजपा ने टाला चुनाव

Chandigarh Mayor Election: मेयर का चुनाव स्थगित किए जाने की सूचना मिलने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 18 Jan 2024 7:09 AM GMT (Updated on: 18 Jan 2024 7:18 AM GMT)
Chandigarh Mayor Election 2024
X

Chandigarh Mayor Election 2024   (photo: social media )

Chandigarh Mayor Election: चंडीगढ़ में आज होने वाला मेयर पद का चुनाव अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। मेयर पद के चुनाव के पीठासीन अधिकारी अनिल भसीन के खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए चुनाव को स्थगित किए जाने के आदेश के बाद भारी हंगामा हुआ। मेयर का चुनाव स्थगित किए जाने की सूचना मिलने के बाद आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

दोनों पार्टियों के नेताओं ने आरोप लगाया कि अपनी निश्चित हार को देखते हुए भाजपा ने साजिश के तहत मेयर पद के चुनाव को स्थगित किया है। दरअसल लोकसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ में मेयर पद के चुनाव में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन करते हुए साझा उम्मीदवार उतारा था। इस कारण भाजपा उम्मीदवार की सियासी राह मुश्किल मानी जा रही थी मगर अब चुनाव को स्थगित कर दिया गया है।

आप और कांग्रेस का भारी हंगामा

चंडीगढ़ नगर निगम के पार्षदों को आज सुबह करीब साढ़े दस बजे मैसेज के जरिए चुनाव स्थगित किए जाने की जानकारी मिली। इस मैसेज में चुनाव अधिकारी अनिल भसीन के खराब स्वास्थ्य को देखते हुए चुनाव स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई थी। इस आदेश की जानकारी मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा का कोई भी पार्षद चुनाव के लिए नगर निगम नहीं पहुंचा और इसका मतलब है कि भाजपा के लोगों को पहले से ही चुनाव स्थगित किए जाने के संबंध में जानकारी थी।

आप और कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा को अपनी हार तय दिख रही थी और निश्चित हार को देखते हुए पार्टी डर गई है। कांग्रेस ने कहा कि मेयर चुनाव स्थगित किए जाने के फैसले के खिलाफ पार्टी अदालत का रुख करेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन बंसल ने कहा कि भाजपा को चुनाव में अपनी हार तय दिख रही थी। इसलिए जानबूझकर चुनाव को स्थगित कराया गया है। आप और कांग्रेस के नाराज कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पहुंचकर जमकर हंगामा किया और प्रदर्शन के साथ नारेबाजी भी की।

हार तय देखकर बौखला गई है भाजपा

आप नेता प्रेम गर्ग ने कहा कि भाजपा ने अपनी निश्चित हार को देखते हुए षड्यंत्र से चंडीगढ़ नगर निगम में होने वाले मेयर चुनाव को रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि यह धांधली दिल्ली निगम चुनाव में भी हुई थी। ये डेमोक्रेसी पर एक और चोट है। आज जबकि इंडिया गठबंधन देश में एक नया इतिहास लिखने जा रहा था तो भाजपा बौखला गई और मैदान छोड़कर भाग रही है।

आप के वरिष्ठ नेता और सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि सभी को इस बात की जानकारी है कि आप-कांग्रेस गठबंधन के पास 20 से अधिक वोट हैं जबकि दूसरी भाजपा के पास से सिर्फ 14 या 15 वोट हैं। ऐसे में मेयर पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार तय है। दूसरी ओर भाजपा उपाध्यक्ष देवेंद्र बबला ने कहा उन्हें पीठासीन अधिकारी के बीमार होने की सूचना मिली है।

आप और कांग्रेस का गठबंधन

लोकसभा चुनाव से पहले मेयर के चुनाव में भाजपा को पटखनी देने के लिए आप और कांग्रेस ने संयुक्त उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है। लोकसभा चुनाव से पहले में इस चुनाव में दोनों दलों के साथ आने के फैसले को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। इसका दूरगामी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

दोनों दलों के बीच हुए समझौते के मुताबिक आम आदमी पार्टी मेयर पद का चुनाव लड़ेगी जबकि सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर कांग्रेस के उम्मीदवार बीजेपी को चुनौती देंगे। आम आदमी पार्टी ने मेयर पद पर कुलदीप कुमार टीटा को चुनाव मैदान में उतारा है। टीटा भाजपा के उम्मीदवार मनोज सोनकर को चुनौती देंगे। अब सबकी निगाहें आप-कांग्रेस गठबंधन की इस पहली सियासी परीक्षा पर लगी हुई हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story