×

Amritsar News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वर्ण मंदिर में टेका मत्था, SGPC ने उठायी बंदी सिंहों की रिहाई की मांग

Amritsar News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर अमृतसर पहुंचीं। हवाई अड्डे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित ने उनकी अगवानी की।

aman
Written By aman
Published on: 9 March 2023 11:47 AM GMT (Updated on: 9 March 2023 11:47 AM GMT)
President Droupadi Murmu Punjab Visit
X

President Droupadi Murmu (Social Media)

President Droupadi Murmu Punjab Visit : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) गुरुवार (09 मार्च) को एक दिवसीय दौरे पर अमृतसर पहुंचीं। हवाई अड्डे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Punjab CM Bhagwant Mann) और गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित (Governor Banwarilal Purohit) ने राष्ट्रपति मुर्मू की अगवानी की। इसके बाद उन्होंने श्री हरमंदिर साहिब में मत्था टेका। राष्ट्रपति पद संभालने के बाद द्रौपदी मुर्मू का अमृतसर में यह पहला दौरा है। राष्ट्रपति आज अमृतसर में ही ठहरेंगी।

राष्ट्रपति को सौंपे दो पत्र, उठायी दो मांग

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (Shiromani Gurdwara Parbandhak Committee) की ओर से राष्ट्रपति मुर्मू को दो अलग-अलग पत्र सौंपे गए। पहले पत्र में राष्ट्रपति से मांग की गई है कि जेल में बंद बंदी सिंहों को रिहा किया जाए। जबकि, दूसरे पत्र में मांग उठाई गई है कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का 2014 एक्ट रद्द किया जाए। साथ ही, SGPC को तोड़ने की योजनाएं बंद होनी चाहिए। हरियाणा के गुरुद्वारों का प्रबंध एसजीपीसी के पास ही रहना चाहिए।

इन जगहों पर जा रहीं राष्ट्रपति

डीसीपी लॉ एंड आर्डर परमिंदर सिंह भंडाल (DCP Law & Order Parminder Singh Bhandal) ने बताया, 'राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को 5 सेक्टरों में बांटकर मार्ग सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। राष्ट्रपति श्री गुरु राम दास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से श्री दरबार साहिब, फिर जलियांवाला बाग (Jallianwala Bagh), श्री दुर्ग्याणा मंदिर ( Shri Durgiana Mandir ) और श्री वाल्मीकि तीर्थ (Shri Valmiki Tirat) के दर्शन कीं। आम लोगों को किसी प्रकार की ट्रैफिक संबंधी समस्या का सामना ना करना पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए कई मार्गों को बंद किया गया है।'

राष्ट्रपति की यात्रा से उड़ानें हुई प्रभावित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार की दोपहर 12 बजे के करीब अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरीं। राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर एक घंटे के लिए अमृतसर एयरपोर्ट की तरफ जाने वाली सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया गया। इसके बाद, 12 से 2 बजे के बीच गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Guru Ramdas International Airport) से दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रवाना हुई। इस वजह से एयर इंडिया ने पैसेंजर्स के लिए हिदायत जारी की गई थी। एयर इंडिया की लंदन के लिए उड़ान 1 बजे और बर्मिंघम के लिए फ्लाइट 1 बज कर 55 मिनट पर रवाना हुई। दोनों फ्लाइट्स के पैसेंजर्स को दोपहर 12 बजे से पहले अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने की हिदायत दी गई थी।

15 मार्च से अमृतसर में होगी G- 20 समिट

आपको बता दें, अमृतसर में 15 से 17 मार्च 2023 तक जी-20 समिट की बैठक होने वाली है। जिसे लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान उत्साहित हैं। सीएम मान ने इस संबंध में कहा, 'अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को आयोजित करने में पंजाब पूरी तरह सक्षम है। हमारी तैयारियां हो चुकी हैं। उन्होंने कहा, ये सूचित करते हुए मुझे बेहद खुशी हो रही है कि जी-20 की बैठक अमृतसर में होने जा रही है। सीएम मान ने कहा, ये यादगार बैठक होगी।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story