×

Punjab News: पंजाब के सीएम भगवंत मान को जान से मारने की धमकी, खालिस्तानी आतंकी पन्नू ने की हिमाकत

Punjab News: खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी है।

Anshuman Tiwari
Published on: 16 Jan 2024 7:04 AM GMT (Updated on: 16 Jan 2024 9:12 AM GMT)
Punjab News
X

पंजाब सीएम भगवंत मान और खालिस्तानी आतंकी गुरुवंत सिंह पन्नू (सोशल मीडिया)

Punjab News: खालिस्तानी आतंकी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। अब खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी है। पन्नू ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की भी जान लेने की धमकी दी है। पन्नू ने गणतंत्र दिवस के दिन 26 जनवरी को मान की हत्या करने की धमकी दी है।

पन्नू ने एक वीडियो जारी करते हुए 26 जनवरी को मुख्यमंत्री मान की हत्या के लिए पंजाब के गैंगस्टरों से साथ आने को कहा है। इससे पहले पन्नू ने 22 जनवरी को अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को निशाना बनाने की चेतावनी दी थी।

पंजाब पुलिस के एक्शन से पन्नू नाराज

जानकार सूत्रों का कहना है कि पंजाब में खालिस्तानी आतंकियों और गैंगस्टरों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया जा रहा है। पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर और खालिस्तानी आतंकियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपना रखी है और बीते कुछ समय से ताबड़तोड़ एक्शन लिया जा रहा है। पंजाब पुलिस और प्रशासन की ओर से की जा रही ताबड़तोड़ कार्रवाई से खालिस्तान के समर्थक बौखला गए हैं।

पंजाब सरकार के सख्त रवैए के कारण पन्नू समेत अन्य आतंकी मुख्यमंत्री भगवंत मान से काफी नाराज हैं और इसी कारण मुख्यमंत्री भगवंत मान की हत्या करने की धमकी दी गई है। पन्नू ने 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन भगवंत मान की हत्या करने की धमकी दी है। इस धमकी के संबंध में पंजाब पुलिस की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है मगर माना जा रहा है कि अब मुख्यमंत्री मान की सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाया जाएगा।

अयोध्या को भी निशाना बनाने की धमकी

पंजाब के मुख्यमंत्री को निशाना बनाने की धमकी देने से एक सप्ताह पूर्व पन्नू ने अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को भी निशाना बनाने की धमकी दी थी। पन्नू ने मुस्लिम समुदाय से जुड़े लोगों से 22 जनवरी के इस कार्यक्रम का बहिष्कार करने की अपील भी की थी। इससे पहले पन्नू ने 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या में हुए रोड शो पर हमले के लिए भी लोगों को उकसाया था।

पन्नू ने वीडियो में पंजाब के गैंगस्टरों को उससे संपर्क करने के लिए कहा है। वह सीएम मान को पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह करार दे रहा है तो पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की तुलना पूर्व डीजीपी गोबिंद राम से कर रहा है।

आतंकी पन्नू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुसलमानों का वैश्विक दुश्मन बताया था। पन्नू का कहा था कि यह मंदिर उन हजारों मुसलमानों के शवों पर बनाया गया है जिनका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया था।

कई बार दे चुका है देश तोड़ने की धमकी

पन्नू इससे पहले भी कई बार देश को तोड़ने की धमकी दे चुका है। पंजाब-हरियाणा के कई इलाकों में खालिस्तानी नारे लिखवाने में भी पन्नू का ही हाथ माना जाता रहा है। इससे पहले पन्नू ने 13 दिसंबर को संसद पर हमले की धमकी भेज दी थी है। पन्नू मूल रूप से पंजाब के अमृतसर के खानकोट का रहने वाला है। फिलहाल वह अमेरिका और कनाडा में बैठकर अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। वह पंजाब में लगातार अशांति पैदा करने की साजिश में जुटा हुआ है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story