×

Punjab Congress News: कांग्रेस हाईकमान का सिद्धू को बड़ा झटका, नहीं मिली प्रधानी

Punjab Congress News: सोनिया गांधी ने नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) को बड़ा झटका देते हुए अमरिंदर सिंह बरार (Amarinder Singh Brar) पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया।

Anshuman Tiwari
Published on: 10 April 2022 6:41 AM GMT
Navjot Singh Sidhu Amarinder Singh Brar
X

नवजोत सिंह सिद्धू - अमरिंदर सिंह बराड़ (तस्वीर साभार : सोशल मीडिया)

Punjab News : पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) को कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा झटका दिया है। विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए कई दिनों से लॉबिंग कर रहे थे मगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने सिद्धू को करारा झटका देते हुए अमरिंदर सिंह बराड़ (राजा वडिंग) (Amarinder Singh Brar) को नया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। पूर्व राज्यसभा सांसद और इस बार विधायक का चुनाव जीतने वाले प्रताप सिंह बाजवा (Pratap Singh Bajwa) को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया गया है।

सिद्धू इधर कई दिनों से अपने समर्थकों के जरिए एक बार फिर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए हाईकमान पर दबाव बना रहे थे। हालांकि हाईकमान विधानसभा चुनाव के दौरान सिद्धू की भूमिका से संतुष्ट नहीं था। माना जा रहा है कि इसी कारण पंजाब में नए चेहरे को मौका दिया गया है।

कांग्रेस की हार में सिद्धू बड़ा कारण

पंजाब में इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटों पर जीत हासिल करने वाली कांग्रेस इस बार सिर्फ 18 सीटों पर सिमट गई है। दूसरी ओर पिछले विधानसभा चुनाव में दूसरे नंबर पर रहने वाली आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने इस बार प्रचंड जीत हासिल करते हुए 92 सीटों पर कब्जा कर लिया है। आप की आंधी में नवजोत सिंह सिद्धू और सीएम पद के लिए कांग्रेस के चेहरे चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) जैसे दिग्गजों को भी हार का सामना करना पड़ा है।

अमृतसर ईस्ट सीट पर सिद्धू को अपने सियासी जीवन की पहली हार का सामना करना पड़ा है। चुनाव के बाद कांग्रेस का एक बड़ा वर्ग पार्टी की गुटबाजी और सिद्धू के उल्टे-सीधे बयानों को पार्टी की हार का बड़ा कारण बता रहा है। इसी कारण चुनावी हार के बाद सोनिया गांधी ने सिद्धू से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा मांग लिया था।

समर्थकों के जरिए बना रहे थे दबाव

हाईकमान के निर्देश के बाद सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस की प्रधानी तो छोड़ दी थी मगर हाल के दिनों में वे अपने समर्थकों के जरिए एक बार फिर हाईकमान पर दबाव बनाने में जुटे हुए थे। उन्होंने अपने समर्थकों की बैठकों के जरिए हाईकमान को एक बार फिर अपनी ताकत दिखाने की कोशिश की थी। सिद्धू के समर्थक कांग्रेस नेताओं ने भी हाईकमान से सिद्धू को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपने की मांग की थी। दूसरी ओर कांग्रेस नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव करने का इच्छुक था। हाईकमान ने पहले ही इस बात का संकेत दे दिया था कि सिद्धू को फिर प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा। अब सोनिया गांधी ने उसी राह पर चलते हुए अमरिंदर सिंह बराड़ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की कमान सौंप दी है।

राहुल गांधी के करीबी हैं बराड़

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत भूषण आशु को वर्किंग प्रेसिडेंट और प्रताप सिंह बाजवा को कांग्रेस विधायक दल का नेता बनाया है। इसके अलावा डॉ राजकुमार को कांग्रेस विधायक दल का उपनेता नियुक्त किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष बराड़ और बाजवा दोनों को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नए सीएम के रूप में चन्नी की ताजपोशी हुई थी। इसके बाद बराड़ को परिवहन मंत्री बनाया गया था।

बादल परिवार की बसों को भी किया था जब्त

परिवहन मंत्री के रूप में बराड़ रात में भी बसों की चेकिंग किया करते थे। उन्होंने पंजाब के चर्चित बादल परिवार की कई बसों को भी जब्त कर लिया था। इसे लेकर काफी सियासी भूचाल भी आ गया था मगर इसके बावजूद उन्होंने अपनी कार्रवाई जारी रखी थी। वे यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वे लगातार तीसरी बार विधायक चुने गए हैं और अब कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए पंजाब में कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपेक्षा की है।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story