×

Punjab Election 2022: पंजाब में आप के चुनाव प्रचार में कूदेंगी मिसेस केजरीवाल, पार्टी के सीएम चेहरे भगवंत मान के लिए मांगेंगी वोट

सुनीता केजरीवाल शुक्रवार को आप के सीएम चेहरे भगवंत मान के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी। उन्होंने खुद ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Divyanshu Rao
Published on: 10 Feb 2022 3:25 PM GMT
Punjab Election 2022
X

अरविंद केजरीवाल और पत्नी की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

Punjab Election 2022: पंजाब के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने खासा जोर लगा रखा है। राज्य की 117 विधानसभा सीटों पर चुनावी बाजी जीतने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) लगातार पंजाब के दौरे कर रहे हैं। अब पंजाब के चुनाव प्रचार में आप की मदद करने के लिए अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल (Sunita Kejriwal) भी मैदान में उतरने वाली हैं।

सुनीता केजरीवाल शुक्रवार को आप के सीएम चेहरे भगवंत मान के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगी। उन्होंने खुद ट्वीट करते हुए इस बात की जानकारी दी है और भगवंत मान को अपना देवर बताया है। मान के समर्थन में होने वाली जनसभा में केजरीवाल की पुत्री हर्षिता भी मौजूद रहेंगी।

पंजाब चुनाव पर आप का ज्यादा फोकस

पंजाब के विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। कई चुनावी सर्वे में आप को सबसे आगे बताया जा रहा है। यही कारण है कि आप ने पंजाब के चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक रखी है। पार्टी नेतृत्व की ओर से उत्तराखंड की अपेक्षा पंजाब को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है।

उत्तराखंड की लड़ाई मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस के बीच बताई जा रही है जबकि पंजाब में सभी दल अपनी लड़ाई आप से ही बता रहे हैं। ऐसे में अपने पति की चुनाव प्रचार में मदद करने के लिए सुनीता केजरीवाल भी मैदान में उतर रही हैं।

अरविंद केजरीवाल और सुनीता केजरीवाल की तस्वीर (फोटो:सोशल मीडिया)

मान के समर्थन में होगी जनसभा

आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों भगवंत मान को पार्टी का सीएम चेहरा घोषित किया था। भगवंत मान इस बार धूरी विधानसभा क्षेत्र से किस्मत आजमाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। सुनीता केजरीवाल ने इस बाबत अपने ट्वीट में कहा है कि कल 11 फरवरी को अपने देवर भगवंत मान के लिए वोट मांगने थूरी जा रही हूं। सुनीता केजरीवाल के इस ट्वीट पर भगवंत मान ने कहा है कि भाभी जी आपका पंजाब में स्वागत है। धूरी के लोग बेसब्री से आपका इंतजार कर रहे हैं।

शुक्रवार को धूरी विधानसभा क्षेत्र में भगवंत मान के समर्थन में एक बड़ी जनसभा का आयोजन किया गया है जिसे सुनीता केजरीवाल संबोधित करेंगी। वे अपनी बेटी हर्षिता के साथ इस जनसभा में हिस्सा लेंगी।

महिला मतदाताओं पर आप की नजर

पंजाब के चुनाव प्रचार में सुनीता केजरीवाल को सोची समझी रणनीति के तहत उतारा जा रहा है। सियासी जानकारों का मानना है कि आप की नजर महिला मतदाताओं पर है और महिला मतदाताओं को साधने के लिए ही सुनीता केजरीवाल को पंजाब के चुनाव प्रचार में उतारा जा रहा है। पंजाब के विधानसभा चुनाव में इस बार कांटे की लड़ाई है और इस कारण महिला मतदाताओं का मत काफी महत्वपूर्ण हो गया है। महिला मतदाताओं का समर्थन आप को सियासी मजबूती दे सकता है और इसी कारण पार्टी ने अब महिला मतदाताओं पर ज्यादा फोकस करने का फैसला किया है।

आम आदमी पार्टी के सीएम चेहरे भगवंत मान फिलहाल संगरूर लोकसभा सीट से सांसद है। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और पंजाब के लोगों से फीडबैक लेने के बाद उन्हें सीएम चेहरा बनाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में आप 20 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी मगर इस बार पार्टी की स्थिति ज्यादा मजबूत बताई जा रही है।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story