×

Punjab Election 2022: सीएम चन्नी के दो सीटों से लड़ने पर केजरीवाल का तंज, बोले-आप का सर्वे सच, सता रहा है हार का डर

दरअसल कांग्रेस की ओर से चन्नी को दूसरी विधानसभा सीट से भी चुनाव मैदान में उतारने के बाद आप को हमला करने का मौका मिल गया है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Divyanshu Rao
Published on: 30 Jan 2022 2:52 PM GMT
punjab Election 2022
X

अरविंदर केजरीवाल और चरणजीत सिंह चन्नी की तस्वीर 

Punjab Election 2022: पंजाब में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से जारी की गई अंतिम सूची में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का भी नाम है। पार्टी ने चमकौर साहिब के बाद एक और सुरक्षित सीट भदौर से भी मुख्यमंत्री चन्नी को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री चन्नी के दो सीटों से चुनाव लड़ने पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि हमारे सर्वे के मुताबिक चन्नी चमकौर साहिब सीट से चुनाव हार रहे हैं। इसीलिए कांग्रेस की ओर से आज जारी सूची में उन्हें दूसरी विधानसभा सीट से भी चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा की गई है।

चमकौर साहिब सीट से मिलेगी हार

दरअसल कांग्रेस की ओर से चन्नी को दूसरी विधानसभा सीट से भी चुनाव मैदान में उतारने के बाद आप को हमला करने का मौका मिल गया है। कांग्रेस की ओर से 109 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी और रविवार को बाकी आठ सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया। इस सूची में मुख्यमंत्री चन्नी का चौंकाने वाला नाम भी शामिल है।

अभी तक तो चन्नी के चमकौर साहिब सीट से ही चुनाव लड़ने की बात थी मगर पार्टी ने उन्हें एक और सुरक्षित सीट भादौर से भी मैदान में उतार दिया है।

कांग्रेस की ओर से सूची जारी करने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हमारी पार्टी की ओर से कराए गए सर्वे के मुताबिक चन्नी चमकौर साहिब विधानसभा सीट से चुनाव हार रहे हैं। आज कांग्रेस की ओर से जारी की गई सूची में उन्हें दूसरी सीट से भी मैदान में उतारने की घोषणा की गई है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि इसका मतलब कि हमास सर्वे सच है?

चरणजीत सिंह चन्नी और अरविंद केजरीवाल की तस्वीर

आप का गढ़ माना जाता है बरनाला जिला

वैसे मुख्यमंत्री चन्नी को कांग्रेस की ओर से जिस दूसरी सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है उसे आम आदमी पार्टी का गढ़ माना जाता रहा है। बरनाला जिले के अंतर्गत आने वाली इस सीट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार पीरमल सिंह धौला ने विजय हासिल की थी। हालांकि धौला ने बाद में पाला बदल लिया था। उन्होंने पिछले साल जून में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।

भदौर सुरक्षित सीट बरनाला जिले के अंतर्गत आती है और इस जिले की तीन विधानसभा सीटों पर 2017 के विधानसभा चुनाव में आप ने अच्छा प्रदर्शन किया था। बरनाला जिले के अंतर्गत आने वाली तीनों सीटों बरनाला, भदौर और महल कलां सीटों पर 2017 में आप ने जीत हासिल की थी।

अब दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद

2017 में पंजाब में कांग्रेस की लहर होने के बावजूद बरनाला जिले में कांग्रेस 20 फ़ीसदी मतों के साथ तीसरे नंबर पर पिछड़ गई थी। अब कांग्रेस ने आप का गढ़ माने जाने वाले इस जिले की सीट पर मुख्यमंत्री चन्नी को उतारने का फैसला किया है। जानकारों का कहना है कि चन्नी के चुनाव लड़ने का इस जिले में जरूर असर दिखेगा और इसीलिए कांग्रेस नेतृत्व ने यह फैसला किया है। चन्नी के चुनाव मैदान में उतरने से बरनाला जिले की सीटों पर दिलचस्प मुकाबला होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story