×

Punjab Election 2022: पीएम मोदी की जालंधर में रैली, सुरक्षा इंतजाम को लेकर चन्नी सरकार पर साधा निशाना

पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में चुनाव प्रचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब पहुंचे। जहां उन्होंने सूबे कि कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर जमकर हमला किया।

Bishwajeet Kumar
Published By Bishwajeet KumarWritten By Krishna
Published on: 14 Feb 2022 1:54 PM GMT
punjab election 2022
X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल तस्वीर)

Punjab Election 2022: 20 फरवरी को सीमाई सूबा पंजाब में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अभियान अपने आखिरी दौर में प्रवेश कर चुका है। उत्तराखंड औऱ गोवा में आज मतदान खत्म होने के बाद तमाम सियासी दलों के स्टार प्रचारकों ने अपना रूख पंजाब की ओर मोड़ कर लिया है। इसकी कड़ी में आज बीजेपी के सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पंजाब के जालंधर पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस शासित पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) पर जमकर हमला बोला।

देवी के दर्शन करने की इच्छा पर पंजाब प्रशासन ने हाथ खड़े किए

सुरक्षा कारणों से फिरोजपुर की रैली बीच में छोड़कर आने को मजबूर हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरक्षा बंदोबस्त के मोर्चे पर चन्नी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं गंवाना चाहते। सोमवार को जालंधर में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वो रैली की समाप्ति के बाद शक्तिपीठ मां त्रिपुरमालिनी के धाम मत्था टेकने जाना चाहता था, लेकिन यहां के प्रशासन ने उन्हें सड़क मार्ग से सुरक्षा मुहैया कराने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि हम व्यवस्था नहीं कर पाएंगे। आप हेलीकॉप्टर से चले जाइए। पीएम ने कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ये हाल है यहां की सरकार की। लेकिन दोबारा मां का आर्शीवाद लेने जरूर आऊंगा। पीएम के इस दावे ने एकबार फिर पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उत्पन्न कर दिया है।

पंजाब में एनडीए की सरकार बनेगी

पीएम मोदी ने पंजाब की धरती को क्रांतिकारियों की धरती करार देते हुए भगत सिंह से लेकर सरदार उधम सिंह तक औऱ सिख साम्राज्य के महान शासक महाराजा रणजीत सिंह को याद किया। पीएम ने कहा कि पंजाब वो धरती है जिसने हमेशा देश को दिशा दी है और हौसला दिया है। नवा पंजाब का नारा बुलंद करते हुए उन्होंने कहा कि नवा भारत तब बनेगा जब इस दशक में नवा पंजाब बनेगा। पीएम मोदी ने दावा करते हुए कहा कि अबकी बार पंजाब में एनडीए की सरकार बनेगी। ये पक्का है।

दलित वोट को साधने की कोशिश

पंजाब में देश की बड़ी दलित आबादी होने के चलते तमाम सियासी दलों की उनपर नजर पर हैं। पीएम मोदी भी अपवाद नहीं हैं। उन्होंने दलित समाज से आने वाले महान संत रविदास को याद करते हुए कहा कि 16 फरवरी को संत रविदासजी की जयंती है। मेरा सौभाग्य है कि मैं काशी से सांसद हूं, जहां संत रविदासजी का भव्य मंदिर बन रहा है। जो कुछ ही साल में जैसा इन दिनों विश्वनाथ धाम नजर आ रहा है वैसा ही दिखने लगेगा। बता दें भाजपा से गठबंधन टूटने के बाद अकाली दल (Akali Dal) ने सिख वोटों को साधने के लिए बसपा के साथ गठबंधन किया है। वहीं कांग्रेस सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के दलित होने के बहाने एससी वोटों को साधने की कोशिश कर रही है।

Bishwajeet Kumar

Bishwajeet Kumar

Next Story