×

Punjab Election 2022: सीएम चन्नी के बचाव में उतरीं प्रियंका गांधी, विपक्ष के साथ मीडिया पर भी लगाया गलत तरीके से बयान पेश करने का आरोप

यही वजह है कि पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपनी सफाई पेश की, फिर उनके बयान पर तालियां बजाते हुए मुस्कुराने वाली प्रियंका गांधी सामने आई हैं।

Krishna Chaudhary
Report Krishna ChaudharyPublished By Divyanshu Rao
Published on: 17 Feb 2022 5:31 PM GMT
Punjab Election 2022
X

चरणजीत सिंह चन्नी औैर प्रियंका गांधी की तस्वीर 

Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव. पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के "यूपी, बिहार के भैया" वाले बयान पर चौतरफा घिरी कांग्रेस ने अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है। एक दिन तक शीर्ष नेताओं द्वारा मौन साधे जाने के बाद अब कांग्रेस नेताओं को नुकसान का अंदाजा होने लगा है।

यही वजह है कि पहले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपनी सफाई पेश की, फिर उनके बयान पर तालियां बजाते हुए मुस्कुराने वाली प्रियंका गांधी सामने आई हैं। विपक्ष ने कांग्रेस महासचिव के इस हरकत पर उन्हें जमकर लताड़ लगाई थी। प्रियंका ने अब सीएम चन्नी के बयान पर सफाई पेश करते हुए मीडिया को ही कटघरे में डाल दिया है।

बयान को लेकर मीडिया से नाराज प्रियंका

पंजाब के लुधियाना में रैली करने पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सीएम चन्नी के विवादित बयान पर अब अपनी चुप्पी तोड़ दी है। प्रियंका ने विपक्ष पर बरसते हुए कहा कि इनका काम है कुछ भी घुमा दो। इनके साथ पूरी मीडिया है। आप लोग इनके साथ हैं। यह लोग किसी भी चीज को ट्विस्ट कर देते हैं। दरअसल प्रियंका ये बातें न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ एक साक्षात्कार के दौरान कह रहीं थीं।

चन्नी का बचाव करते नजर आईं प्रियंका

साक्षात्कार के दौरान प्रियंका गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बयान का बचाव करते हुए कहा कि चन्नीजी एक संदर्भ में बात कर रहे थे। वो कह रहे थे कि पंजाब की सरकार पंजाबियों से चलनी चाहिए। मुझे नहीं लगता कि यूपी से यहां कोई आकर राज करना चाहता है और यूपी में भी नहीं चाहते कि कोई पंजाब से आकर वहां राज करे।

उनके बयान को केवल घुमाया गया है। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी और बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए पंजाब में हैं। बीजेपी ने यूपी में किसानों का अपमान किया है। पीएम मोदी केवल चुनाव के समय पंजाब के दौरे पर आए हैं।

प्रियंका गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी की तस्वीर

चन्नी भी पेश कर चुके हैं सफाई

इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी अपने बयान पर सफाई पेश करते हुए कहा कि इसे तोड़ मरोड़कर पेश किया गया। वो ये बातें आप के नेताओं के बारे में कह रहे थे। प्रवासियों को लेकर उन्होंने कहा कि उनका पंजाब के तरक्की में बहुत योगदान है। उनके साथ रिश्ता नाखून औऱ मांस की तरह है।

गौरतलब है कि बीते दिनों एक रैली के दौरान सीएम चन्नी ने कहा था कि यूपी, बिहार औऱ दिल्ली वाले भैयों को पंजाब में नहीं घुसने देना है। इस दौरान उनके बगल में खड़ीं प्रियंका गांधी मुस्कुराते औऱ तालियां बजाते नजर आईं थी। जिसपर उनकी तीखी आलोचना हुई थी।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story