×

Election Result 2022: पंजाब में आप की आंधी, बड़े-बड़े सियासी दिग्गजों के पैर उखड़े, कांग्रेस में पसरा सन्नाटा

Punjab Election 2022 : मतगणना के रुझान से स्पष्ट हो गया है कि आप को पंजाब में जबर्दस्त बहुमत मिलने वाला है। ताजा रुझानों के मुताबिक आम आदमी पार्टी 89 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 14 सीटों पर सिमट गई है।

Anshuman Tiwari
Report Anshuman TiwariPublished By Ragini Sinha
Published on: 10 March 2022 8:40 AM GMT
Punjab election result 2022
X

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (Social media)

Punjab election result 2022 :पंजाब के विधानसभा चुनाव के नतीजों के रुझान में आम आदमी पार्टी ने गजब का प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को काफी पीछे छोड़ दिया है। पंजाब में पहले से ही आप और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा था और अधिकांश एग्जिट पोल में आप को ही आगे बताया जा रहा था। मतगणना के रुझान से स्पष्ट हो गया है कि आप को पंजाब में जबर्दस्त बहुमत मिलने वाला है। ताजा रुझानों के मुताबिक आम आदमी पार्टी 89 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 14 सीटों पर सिमट गई है। आपके जबर्दस्त प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के खेमे में सन्नाटा पसर गया है।

केजरीवाल की मेहनत रंग लाई

2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए 77 सीटों पर जीत हासिल की थी मगर इस बार पार्टी को आप ने भारी झटका दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मौजूदा विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा मेहनत पंजाब में ही की थी और उसका नतीजा सामने आता दिख रहा है।

आप की ओर से भगवंत मान को सीएम पद का चेहरा घोषित किया गया था और पूरी पार्टी ने एकजुटता के साथ चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के साथ ही शिरोमणि अकाली दल, भाजपा गठबंधन और संयुक्त समाज मोर्चा को काफी पीछे छोड़ दिया है।

चन्नी जल्द सौंपेंगे इस्तीफा

पंजाब के रुझानों से साफ हो गया है कि मतदाताओं को कांग्रेसी नेताओं का आपसी झगड़ा कतई पसंद नहीं आया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य की कमान सौंपी गई थी मगर उसके बाद भी पार्टी के मतभेद दूर नहीं हो सके। पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी कई जनसभाओं में अपने मुख्यमंत्री पर ही हमला बोला।

उन्होंने कई बार अपने मुख्यमंत्री को ही झूठा बताते हुए वादों पर खरा न उतरने का आरोप तक लगा डाला। पंजाब के कांग्रेसी नेताओं की यह आपसी गुटबाजी पार्टी की नैया पूरी तरह ले डूबी और जानकारों का कहना है कि चन्नी जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप सकते हैं।

बड़े-बड़े सियासी दिग्गजों पिछड़े

मतगणना के रुझानों से यह स्पष्ट हो गया है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, डिप्टी सीएम सुखविंदर सिंह रंधावा जैसे बड़े चेहरे भी अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में पिछड़ गए हैं।

चन्नी तो चमकौर साहिब और भदौर सुरक्षित दोनों सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों से पीछे चल रहे हैं। अमृतसर ईस्ट सीट पर नवजोत सिंह सिद्धू तीसरे स्थान पर पिछड़ते दिख रहे हैं। इससे समझा जा सकता है कि पंजाब के मतदाताओं ने इस बार राज्य में बदलाव के लिए मतदान किया है।

आप के खेमे में जबर्दस्त उत्साह

दूसरी ओर नतीजों के रुझान के बाद आम आदमी पार्टी के खेमे में जबर्दस्त उत्साह दिख रहा है। राज्य में विभिन्न स्थानों पर आप के कार्यालयों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है और ढोल नगाड़ों के साथ डांस शुरू हो गया है। जगह-जगह आप नेताओं की ओर से मिठाइयां भी बांटी जा रही हैं। पंजाब के सीएम चेहरे भगवंत मान के घर सुबह से ही जश्न मनाने की तैयारियां शुरू हो गई थीं और इससे साफ है कि आप को इस बार राज्य में जोरदार प्रदर्शन करने की उम्मीद काफी पहले से थी।

ताजा रुझानों के मुताबिक आप उम्मीदवार 89 सीटों पर आगे चल रही हैं जबकि पिछले चुनाव में 77 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 14 सीटों पर पिछड़ गई है। शिरोमणि अकाली दल और बसपा के गठबंधन को 10 और भाजपा गठबंधन को सिर्फ 3 सीटों पर विजय मिलती दिख रही है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha

Next Story