×

Punjab Elections 2022: चुनाव प्रचार के लिए अमृतसर में राहुल गांधी, स्वर्ण मंदिर से जालंधर के लिए रवाना, वर्चुअल रैली को करेंगे संबोधित

Punjab Elections 2022: राहुल गांधी ने शारीरिक रैलियों पर पाबंदी लगने के बाद पहली बार पंजाब से अपने चुनाव अभियान के शुरूआत का निर्णय लिया है।

Rajat Verma
Report Rajat VermaPublished By Vidushi Mishra
Published on: 27 Jan 2022 7:51 AM GMT
rahul gandhi punjab
X
पंजाब में राहुल गांधी (फोटो-सोशल मीडिया)

Punjab Elections 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर सभी राजनीतिक दल मतदाताओं का रुझान और ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर भरपूर मेहनत करते नज़र आ रहे हैं। ऐसे में किसी भी चुनाव के लिए सबसे अहम होता है किसी राजनीतिक दल के एक बड़े नेता का चुनाव प्रचार में उतरना। इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए पंजाब की सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी मैदान में उतर चुके हैं।

राहुल गांधी ने शारीरिक रैलियों पर पाबंदी लगने के बाद पहली बार पंजाब से अपने चुनाव अभियान के शुरूआत का निर्णय लिया है। राहुल गांधी गुरुवार 27 जनवरी को पंजाब के अमृतसर पहुंच चुके हैं और वह यहीं से अपनी वर्चुअल रैली की शुरुआत करेंगे।

"नवी सोच नवा पंजाब" अभियान

अपने इस पंजाब दौरे पर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सभी 117 कांग्रेस उम्मीदवारों के साथ अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के अतिरिक्त अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करके निकल चुके हैं। इसी दौरान राहुल गांधी ने पार्टी की एकता का प्रदर्शन भी किया। राहुल गांधी का यह पंजाब दौरा सभी कांग्रेस नेताओं को एकजुट करने के तौर पर अहम साबित हो सकता है।

अमृतसर से निकलकर राहुल गांधी अब सड़क मार्ग से जालंधर के लिए प्रस्थान कर चुके हैं, जहां वह दोपहर करीब 3 बजे "नवी सोच नवा पंजाब" अभियान के तहत जालंधर में एक वर्चुअल रैली को भी संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के इस अमृतसर दौरे की जिम्मेदारी अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला के कंधों पर है।

कांग्रेस के सबसे चर्चित नेता का प्रचार

पंजाब से चुनाव प्रचार शुरू करने का अहम निर्णय इसलिए भी हो सकता है क्योंकि वर्तमान में कांग्रेस पंजाब की सत्ता पर काबिज़ है और वह यकीनन अपनी कुर्सी बरकरार रखना चाहेगी। ऐसे में कांग्रेस के सबसे चर्चित नेता का प्रचार करना एक अलग असर डाल सकता है।

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस में आई दरार को पाटने का काम कर रहे हैं, पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू और चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई बड़े नेताओं में आपसी फूट की खबरें आती रही हैं। ऐसे में चुनाव प्रचार के मद्देनजर राहुल गांधी का यह अमृतसर द्वारा काफी है अहम रहने वाला है।

वर्तमान में पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू अमृतसर (पूर्व) विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार हैं वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद वर्तमान में कांग्रेस शासित पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी हैं जो कि चमकौर साहिब से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।

आपको बता दे कि पंजाब विधानसभा 2022 चुनाव के अंतर्गत आगामी 20 फरवरी को पंजाब की कुल 117 विधानसभा के लिए वोट डाले जाएंगे इसका परिणाम 10 मार्च को घोषित होगा।

Vidushi Mishra

Vidushi Mishra

Next Story