TRENDING TAGS :

Aaj Ka Rashifal

Punjab Politics: पंजाब में भगवंत मान को सीएम चेहरा बना सकती है आप, पार्टी जल्द कर सकती है बड़ा ऐलान

Punjab Politics: जानकारों के मुताबिक पार्टी की ओर से इस बाबत फैसला लिया जा चुका है और इसकी घोषणा जल्द की जा सकती है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Divyanshu Rao
Published on: 4 Jan 2022 12:15 PM GMT
Punjab Politics
X

आप सांसद भगवंत मान की तस्वीर 

Punjab Politics: पंजाब में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly elections 2022) के लिए आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) ने पूरी ताकत झोंक रखी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल लगातार पंजाब का दौरा करने में जुटे हुए हैं। हालांकि अब कोरोना पॉजिटिव होने के बाद उनकी सक्रियता जरूर घटेगी। पार्टी की ओर से अभी तक राज्य में मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं घोषित किया गया है मगर पार्टी से जुड़े जानकार सूत्रों का कहना है कि आप की ओर से पार्टी के सांसद भगवंत मान को सीएम पद का चेहरा बनाया जा सकता है।

जानकारों के मुताबिक पार्टी की ओर से इस बाबत फैसला लिया जा चुका है और इसकी घोषणा जल्द की जा सकती है। पार्टी का सीएम चेहरा घोषित करने के लिए उचित समय का इंतजार किया जा रहा है।

2017 में नहीं की थी घोषणा

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 14 सीटें जीतने के बाद आप के हौसले बुलंद हैं और पार्टी की ओर से राज्य के विभिन्न जिलों में जोरदार प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। 2017 के विधानसभा चुनाव में आप ने किसी भी नेता को सीएम पद का चेहरा नहीं बनाया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने इसका जिक्र करते हुए कहा था कि सीएम पद का चेहरा घोषित न करने के कारण आप को 2017 में सियासी नुकसान उठाना पड़ा था।

मान का नाम 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सीएम के दावेदार के रूप में उभरा था मगर पार्टी ने उन्हें चेहरा घोषित करने से परहेज किया था। हालांकि इस बार पार्टी की ओर से उन्हें बड़ा मौका दिए जाने की तैयारी है।

मान को मिल सकता है बड़ा मौका

मान के समर्थक काफी दिनों से उन्हें सीएम पद का चेहरा बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। हाल के दिनों में मान सियासी रूप से काफी सक्रिय रहे हैं और वे पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की सभाओं में शिरकत करते रहे हैं।

वे पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से लगातार दो बार निर्वाचित हो रहे हैं और उन्हें पंजाब में आप का मजबूत चेहरा माना जाता रहा है।

भंगवत मान की तस्वीर

उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत मनप्रीत बादल की पंजाब पीपल्स पार्टी से की थी मगर बाद में उन्होंने आप की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। पंजाब में आप को मजबूत बनाने में उनकी बड़ी भूमिका मानी जाती रही है और इसी कारण अब पार्टी की ओर से उन्हें बड़ा पुरस्कार दिया जा सकता है।

आप ने पंजाब में झोंकी पूरी ताकत

आप ने काफी पहले से विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी थी क्योंकि उसे पंजाब में पार्टी को मजबूत बनाने का बड़ा मौका नजर आ रहा है। चंडीगढ़ नगर निकाय के चुनावी नतीजों ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया है। पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से पार्टी ने 101 सीटों पर अभी तक अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।

सोमवार को पार्टी की ओर से 5 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई। इसे मिलाकर पार्टी अभी तक प्रत्याशियों के नाम की सात सूची जारी कर चुकी है।

कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल होने वाले लाली मजीठिया को मजीठा सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। मौजूदा समय में मजीठा सीट से अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रमजीत सिंह मजीठिया विधायक हैं।

हाल में पंजाब पुलिस की ओर से उनके खिलाफ ड्रग्स मामले में केस दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद बिक्रमजीत सिंह मजीठिया भूमिगत बने हुए हैं जबकि आप उम्मीदवार लाली मजीठिया ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story