Punjab Politics: जमकर हाथापाई आप कार्यकर्ताओं में, पंजाब टिकट बंटवारे पर मचा घमासान, घेरा राघव चड्ढा को

Punjab Politics: इसी दौरान टिकट बंटवारे से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ता अलग-अलग गुटों में बंटे हुए थे और उनमें इस कदर नाराजगी थी कि वे एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Divyanshu Rao
Published on: 7 Jan 2022 4:16 PM GMT
Punjab politics
X

 आप नेता राघव चड्ढा 

Punjab Politics: पंजाब में विधानसभा चुनाव (Assembly Elections) के लिए आम आदमी पार्टी के टिकट बंटवारे को लेकर जबर्दस्त घमासान छिड़ गया है। जालंधर में आज आप के नेता राघव चड्ढा (Raghav Chadha) की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जमकर हंगामा हुआ। राघव चड्ढा पंजाब के सह प्रभारी हैं और वे टिकट बंटवारे के बारे में मीडिया को जानकारी दे रहे थे।

इसी दौरान टिकट बंटवारे से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। कार्यकर्ता अलग-अलग गुटों में बंटे हुए थे और उनमें इस कदर नाराजगी थी कि वे एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट करने लगे। पार्टी कार्यकर्ता दूसरे दलों से आए लोगों को पार्टी का टिकट दिए जाने पर नाराजगी जता रहे थे।

चड्ढा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में जमकर हंगामा

पार्टी के नेता राघव चड्ढा की प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जमकर हंगामा चलता रहा। पार्टी के नेता डॉक्टर शिव दयाल माली, संजीव शर्मा और जोगिंदर पाल शर्मा के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और टिकट बंटवारे पर नाराजगी जताई। इन नेताओं के समर्थकों ने पार्टी के नेताओं पर गंभीर आरोप भी लगाए।

चड्ढा दूसरे दलों के कई नेताओं को पार्टी में शामिल करने की घोषणा करने के लिए जालंधर पहुंचे थे। इसी दौरान प्रेस क्लब के बाहर नाराज कार्यकर्ताओं का हुजूम इकट्ठा हो गया। इन कार्यकर्ताओं ने पार्टी की टिकट बंटवारे की प्रक्रिया पर नाराजगी जताई और चड्ढा के साथ ही पार्टी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।

राघव चड्ढा

जालंधर में पार्टी के मजबूत नेता माने जाने वाले डॉक्टर शिव दयाल माली ने पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करके विरोध जताया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रेस क्लब के भीतर जाने वाले रास्ते पर ब्लॉक लगा दिया और काले झंडे लहराकर विरोध प्रकट किया। इन लोगों ने अपने हाथों में पोस्टर भी ले रखे थे जिन पर लिखा हुआ था- दागी लोगों को टिकट देना बंद करो।

पंजाब में आप ने लगाया पूरा जोर

पंजाब के विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हाल में चंडीगढ़ के नगर निगम चुनाव में पार्टी ने काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 14 सीटें जीतने में कामयाबी हासिल की थी। इसके बाद पार्टी की ओर से विजय दिवस भी मनाया गया था।

आप के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हाल के दिनों में पंजाब की कई यात्राएं की हैं। केजरीवाल लोकलुभावन घोषणाओं के जरिए पंजाब के मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश में जुटे हुए हैं। कांग्रेस नेताओं में आपसी मतभेद के चलते इस बार आप के लिए अच्छी संभावनाएं मानी जा रही हैं।

104 सीटों पर आप उम्मीदवार घोषित

पार्टी की ओर से लगातार उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है। पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख भगवंत मान और पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी जरनैल सिंह की ओर से शुक्रवार को पार्टी की आठवीं सूची जारी की गई। पंजाब विधानसभा में 117 सीटें हैं और अभी तक आप की ओर से 104 सीटों पर पार्टी प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की जा चुकी है। इससे साफ हो गया है कि पार्टी राज्य में किसी और दल के साथ किसी भी प्रकार का कोई गठबंधन नहीं करेगी।

पार्टी की ओर से जल्द ही भगवंत मान को सीएम पद का चेहरा घोषित किया जा सकता है। केजरीवाल के कोरोना पॉजिटिव होने के कारण इस बात की घोषणा में विलंब हो रहा है। माना जा रहा है कि स्वस्थ होने के बाद केजरीवाल जल्द ही पंजाब पहुंचकर मान को सीएम पद का चेहरा घोषित करेंगे।

Divyanshu Rao

Divyanshu Rao

Next Story