×

Rajasthan Elections 2023: 35 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति, 17 फीसदी दागी, जानें किस पार्टी से कितने?

Rajasthan Elections 2023: राज्य की सभी 200 सीटों पर कुल 1,875 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स की रिपोर्ट आई है जिसमें दावा किया गया है कि पिछले पांच साल में राज्य में दागियों और धनी उम्मीदवारों की संख्या बढ़ी है।

Ashish Kumar Pandey
Published on: 18 Nov 2023 4:17 PM GMT
ADR Report
X

ADR Report (Pic: Newstrack)

Rajasthan Elections 2023: राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए वोट डाले जाएंगे। चुनावों को लेकर भाजपा और कांग्रेस सहित राजनीतिक पार्टियां प्रचार में जुटी हैं। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिमार्म्स (एडीआर) ने चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों द्वारा दाखिल हलफनामों पर रिपोर्ट प्रकाशित की है। रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य की सभी 200 सीटों पर कुल 1,875 उम्मीदवार मैदान में हैं।

एडीआर की रिपोर्ट में जानिए क्या-क्या जानकारियां आई हैं सामने?

कितने उम्मीदवार दागी?

पिछले पांच वर्षों में राजस्थान में दागी उम्मीदवारों में बढ़ोतरी देखी गई है। इस बार के चुनावी मैदान 1875 उम्मीदवार हैं जिनमें से 326 उम्मीदवारों (17 फीसदी) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इससे पहले 2018 के चुनाव में लड़ने वाले 2188 में से 320 उम्मीदवार (15 फीसदी) ही ऐसे थे जिन पर आपराधिक मामले दर्ज थे।

2023 में अपनी किस्मत आजमा रहे 236 उम्मीदवार (13 फीसदी) ऐसे हैं जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी तरह 2018 में 195 उम्मीदवार (नौ फीसदी) ऐसे थे जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे।


भाजपा ने दिया सबसे ज्यादा दागियों को टिकट

एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा के सबसे ज्यादा दागी उम्मीदवार हैं। भाजपा के 200 में से 61 उम्मीदवारों (31 प्रतिशत) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के 199 में से 47 उम्मीदवार (24 प्रतिशत) दागी हैं। बसपा के 185 में से आठ उम्मीदवारों (4 प्रतिशत) पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के 86 में से 15 उम्मीदवारों (17 प्रतिशत) पर केस चल रहा है।

इसी तरह भाजपा के 61 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कांग्रेस के 34 उम्मीदवार गंभीर आपराधिक मामले का सामना कर रहे हैं। बसपा के आठ उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। वहीं आप के 15 उम्मीदवार गंभीर आपराधिक मामले का सामना कर रहे हैं।

36 के खिलाफ महिला अपराध से जुड़े मामले

राजस्थान में विधानसभा का चुनाव लड़ रहे कुल उम्मीदवारों में 36 ऐसे हैं जिनके खिलाफ महिला अपराध से जुड़े मामले दर्ज हैं। एक उम्मीदवार के खिलाफ दुष्कर्म की धारा (आईपीसी 376) में मामला दर्ज है। चार उम्मीदवार हत्या से जुड़े मामलों (आईपीसी 302) का सामना कर रहे हैं। ऐसे ही 34 उम्मीदवारों पर हत्या के प्रयास (आईपीसी 307) से जुड़े मामले चल रहे हैं।

कितने करोड़पति मैदान में?

दागियों की तरह धनी उम्मीदवारों की संख्या भी राजस्थान में बढ़ी है। 2023 में उतरे कुल 1,875 प्रत्याशियों में से 35 फीसदी यानी 651 प्रत्याशी करोड़पति हैं। इससे पहले 2018 में चुनाव लड़ने वाले कुल 2,188 प्रत्याशियों में से 27 फीसदी यानी 597 प्रत्याशी करोड़पति थे।

वहीं 259 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी संपत्ति पांच करोड़ या इससे ज्यादा है। 200 उम्मीदवारों की दौलत दो से पांच करोड़ के बीच है। 50 लाख से दो करोड़ की संपत्ति वाले 408 उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे उम्मीदवार जिनकी दौलत 10 लाख से 50 लाख है उनकी संख्या 501 है। 507 प्रत्याशियों की संपत्ति 10 लाख से कम की है।

भाजपा ने दिया सबसे ज्यादा करोड़पतियों को टिकट

भाजपा के सबसे ज्यादा 176 उम्मीदवार (88 प्रतिशत) करोड़पति हैं। दूसरे स्थान पर कांग्रेस के 167 प्रत्याशी (84 प्रतिशत) करोड़पति हैं। बसपा के 36 उम्मीदवारों (20 प्रतिशत) की दौलत एक करोड़ रुपये से ज्यादा की है। वहीं आम आदमी पार्टी के कुल 78 उम्मीदवारों में से 36 यानी 46 प्रतिशत करोड़पति हैं।

इस बार राजस्थान विधानसभा के चुनावी मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों के औसत धन की बात करें तो यह 3.12 करोड़ रुपये है। 2018 में 2,188 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.12 करोड़ रुपये थी। पार्टीवार आंकड़े देखें तो, इस बार भाजपा के प्रत्याशियों के औसत संपत्ति 8.24 करोड़ रुपये है। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के उम्मीदवारों के औसत संपत्ति 10.38 करोड़ रुपये है। बसपा के उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.70 करोड़ रुपये है। वहीं आप के प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 1.35 करोड़ रुपये है।

सबसे अमीर उम्मीदवार के पास 166 करोड़ की संपत्ति

इस बार सबसे अमीर प्रत्याशी चुरू सीट से कांग्रेस के रफीक मंडेलिया हैं। उनकी कुल संपत्ति 166 करोड़ रुपये की है। दूसरे नंबर पर नीम का थाना सीट से भाजपा के प्रेम सिंह बाजोर हैं, जिनकी संपत्ति 123 करोड़ रुपए है। वहीं, नीम बहेरा सीट से कांग्रेस के अंजना उदयलाल तीसरे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। उनकी कुल संपत्ति 122 करोड़ रुपये है।

आठ के पास नहीं है कोई संपत्ति

एडीआर की रिपोर्ट से एक दिलचस्प आंकड़ा भी सामने आया है, जिसके मुताबिक चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में आठ ऐसे भी हैं, जिनकी कोई संपत्ति ही नहीं है। हालांकि, इस सूची में भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी जैसी पार्टियों के प्रत्याशी नहीं हैं।

कितने पढ़े-लिखे हैं उम्मीदवार?

चुनाव में किस्मत आजमा रहे 744 उम्मीदवार यानी 41 फीसदी पांचवीं से बारहवीं कक्षा तक पढ़े हैं। 916 उम्मीदवारों (49 फीसदी) ने स्नातक या उससे अधिक की पढ़ाई की है। इनके अलावा 37 प्रत्याशी डिप्लोमा धारी, 137 साक्षर और 11 निरक्षर हैं।

कितने उम्रदराज हैं उम्मीदवार?

उम्मीदवारों में 643 यानी 34 फीसदी की उम्र 25 से 40 के बीच है। 868 यानी 46 फीसदी की उम्र 41 से 60 के बीच है। वहीं, 356 यानी 19 फीसदी की उम्र 61 से 80 के बीच है। आठ उम्मीदवारों की उम्र 80 साल से ज्यादा की है। इस बार कुल उम्मीदवारों में 183 यानी की 10 फीसदी महिला हैं। इससे पहले 2018 में कुल 2188 उम्मीदवारों में 182 यानी आठ प्रतिशत महिला थीं।

Ashish Kumar Pandey

Ashish Kumar Pandey

Senior Content Writer

I have 17 years of work experience in the field of Journalism (Newspaper & Digital). Started my journalism career on 1 April 2005 as a sub-editor from Dainik Bhaskar Jaipur. After that, on January 1, 2008, I worked as a sub editor in I- Next News Paper (Hindi Daily) till July 31, 2009. During this I handled the responsibility of the National Desk. From August 1, 2009 to September 13, 2010, worked in Amar Ujala on National Desk and City Desk in Bareilly and Moradabad as Senior Sub Editor. From 15 September 2010 to 31 October 2011, worked as Senior Sub Editor/Senior Reporter in Hindustan newspaper Bareilly. From November 1, 2011, worked in Gwalior on the post of Chief Sub Editor in Rajasthan Patrika Hindi daily newspaper. From July 1, 2017 to January 31, 2019, worked in Patrika Dotcom Hindi Web portal, Lucknow. Worked as News Editor in Amrit Prabhat from 1 February 2019 till 31 January 2021. During my career I got opportunity to work at General Desk, Sports, City Desk and have vast experience of journalism business. Whatever responsibilities were given, I accepted it with a challenge and performed it well. My Qualifications : - ‌MA Political Science from Gorakhpur University, Gorakhpur ‌PG Diploma in Mass Communication - Guru Jamveshwar University Hisar, Haryana My Interests: Reading, writing, playing, traveling. Interest in Media: Special interest in political news and also in the field of sports, crime, health etc.

Next Story