Rajasthan Election 2023: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की छठी सूची, इस कद्दावर नेता का कटा टिकट

Rajasthan Election 2023: राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस अब तक 179 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। शेष 21 सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान बाकी है।

Krishna Chaudhary
Published on: 5 Nov 2023 2:20 AM GMT (Updated on: 5 Nov 2023 2:50 AM GMT)
Rajasthan Election 2023
X

सीएम अशोक गहलोत (सोशल मीडिया)

Rajasthan Election 2023: कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की छठी सूची जारी कर दी है। इस सूची में 23 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। पार्टी ने प्रदेश के कद्दावर नेता और मंत्री महेश जोशी का टिकट काट दिया है। जयपुर की हवामहल सीट से विधायक जोशी को इस बार कांग्रेस ने मौका नहीं दिया है। उनकी जगह जयपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आरआर तिवारी को टिकट दिया है।

काफी समय से अटकलें थीं कि कांग्रेस मंत्री महेश जोशी का टिकट इस बार काट सकती है। जयपुर में इसको लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ था। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के काफी गरीबी माने जाने वाले जोशी लगातार दिल्ली और जयपुर के बीच पिछले कुछ दिनों से दौर लगा रहे थे। बताया जाता है कि सीएम गहलोत ने भी उनके टिकट के लिए पैरवी की थी लेकिन आलाकमान के सामने उनकी एक न चली।

एक सीट आरएलडी के लिए छोड़ी

कांग्रेस ने राजस्थान में एक सीट जयंत चौधरी की पार्टी राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के लिए छोड़ी है। ये सीट है भरतपुर की सीट। 2018 के विधानसभा चुनाव में आरएलडी के डॉक्टर सुभाष गर्ग ही यहां से चुनाव जीते थे। उन्होंने बीजेपी के विनय बंसल को 15,710 मतों से हराया था। कांग्रेस ने दिग्गज भाजपा नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया के खिलाफ आमेरी सीट से प्रशांत शर्मा को मैदान में उतारा है। शर्मा पिछला चुनाव भी पूनिया के हाथों गंवा चुके हैं।

वहीं, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष सीताधर अग्रवाल को विद्याधर नगर से टिकट दिया है। इस सीट पर उनके सामने होंगी बीजेपी सांसद दीया कुमारी। इसके अलावा पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलय के खेमे के नेता माने जाने वाले अभिमन्यु पूनिया को संगरिया से, भादरा से अजीत बेनीवाल, डूंगरगढ़ से मंगलाराम गोदारा और पिलानी से प्रीतम काला को टिकट दिया गया है।

कांग्रेस कार्यालय में हुआ था भारी बवाल

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख कल यानी सोमवार 6 नवंबर को है। जयपुर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आरआर तिवारी ने एक दिन पहले ही नामांकन फॉर्म खरीद लिया था। उन्होंने दावा किया था कि 31 अक्टूबर को उन्हें दिल्ली से फोन आया था कि हवामहल सीट से वो ही पार्टी के प्रत्याशी होंगे। ये खबर फैलते ही मंत्री महेश जोशी के समर्थक भड़क गए। उन्होंने जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जमकर बवाल काटा था।

दरअसल, महेश जोशी और शांति सिंह धारीवाल जैसे नेताओं को कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस बार चुनाव में घर बैठाना चाहता है। राजस्थान में पिछले दिनों जब सीएम पद को लेकर गहलोत और पायलट के बीच ठनी थी, तब इन नेताओं ने खुलेआम अशोक गहलोत का साथ देकर आलाकमान को चैलेंज कर दिया था। महेश जोशी की तरह वरिष्ठ मंत्री शांति सिंह धारीवाल का टिकट भी अभी तक फाइनल नहीं हुआ है।

अब तक इतने उम्मीदवारों की हो चुकी है घोषणा

राजस्थान में सत्तारूढ़ कांग्रेस अब तक 179 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। शेष 21 सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान बाकी है। माना जा रहा है कि आज यानी रविवार 5 नवंबर को किसी भी वक्त आखिरी सूची जारी हो सकती है क्योंकि 6 नवंबर को नामांकन की आखिरी तारीख है।

बता दें कि राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को मतदान होगा और नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। राज्य में मुख्य लड़ाई सत्ताधारी कांग्रेस और मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के बीच है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story