×

राजस्थान: रविवार को गहलोत मंत्रिमंडल में शामिल होंगे नए चेहरे, आज की बैठक में तय होगा फार्मूला !

राजस्थान के अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में फेरबदल की कवायद तेज हो गई है। गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार के तीन मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है।

aman
By aman
Published on: 20 Nov 2021 11:45 AM GMT (Updated on: 20 Nov 2021 11:48 AM GMT)
राजस्थान: रविवार को गहलोत मंत्रिमंडल में शामिल होंगे नए चेहरे, आज की बैठक में तय होगा फार्मूला !
X

राजस्थान के अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में फेरबदल की कवायद तेज हो गई है। गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार के तीन मंत्रियों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री ने उनका इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। अब आगे की रणनीतियों पर बैठकों का दौर जारी है। राजस्थान के सीएम आवास पर आज सुबह वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन और अशोक गहलोत के बीच बैठक हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कल यानी रविवार शाम चार बजे तक राजस्थान मंत्रिमंडल का पुनर्गठन हो सकता है। लेकिन, सबकी नजर इस ओर है कि क्या इस बार सचिन पायलट को गहलोत मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है?

बता दें, कि राजस्थान सरकार में मंत्री रहे गोविंद सिंह डोटासरा, रघु शर्मा और हरीश चौधरी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद सीएम गहलोत ने तीनों मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। मुख्यमंत्री ने आज शाम मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। यह बैठक शाम 5 बजे है।

रविवार शाम मंत्रिमंडल का पुनर्गठन संभव

माना तो ये भी जा रहा है, कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से आज शाम बुलाई गई कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए जा सकते हैं। हालांकि, अभी राज्यपाल शहर से बाहर हैं, इसलिए गहलोत को उनसे मिलने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। राज्यपाल के शहर में आ जाने पर मुख्यमंत्री उनसे मिलने जाएंगे। बताया जा रहा है कि राज्यपाल इस समय जयपुर में नहीं हैं। इसलिए पूरी उम्मीद है कि 21 नवंबर रविवार को अशोक गहलोत के मंत्रिमंडल का पुनर्गठन संभव है।

पायलट-गहलोत खेमे से ये हैं संभावित नाम

अशोक गहलोत के नए मंत्रिमंडल के लिए सचिन पायलट खेमे से मंत्री पद के भी कई नाम संभावित हैं। इनमें हेमाराम चौधरी, दिपेंद्र सिंह शेखावत, बृजेन्द्र ओला और मेश मीणा तथा मुरारी लाल मीणा के नाम शामिल हैं। वहीं दूसरी तरफ, गहलोत खेमे से संभावित नाम कुछ इस प्रकार हैं। बसपा से राजेन्द्र गुढा, निर्दलीय विधायक महादेव खंडेला, संयम लोढ़ा, कांग्रेस विधायक महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, मंजू मेघवाल, रामलाल जाट, शकुंतला रावत और जाहिदा खान प्रमुख हैं।

'या तो हाई कमान जानता है या माकन'

जानकार ये भी बता रहे हैं कि 15 संसदीय सचिव बनाए जाने की उम्मीद है। लेकिन जब गहलोत से मंत्रिमंडल विस्तार और शामिल होने वाले सदस्यों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, कि 'पता नहीं फैसले क्या होंगे। ये या तो हाई कमान जानता है या अजय माकन ही जानते हैं। अजय माकन दिल्ली से जिस काम के लिए आए हैं वह काम भी करना है।'

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story