×

Rajasthan: जोधपुर गैस काण्ड में पीड़ित परिवारों को गोद लूंगी, बिना राजनीति किए इनकी मदद हो, बोली वसुंधरा राजे

Rajasthan: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की कद्दावर नेता वसुंधरा राजे जोधपुर के गैस काण्ड के पीड़ितों से मिलने के लिए भूंगरा गाँव गयीं। जहाँ ये घटना हुई वहाँ का दौरा किया।

Network
Newstrack Network
Published on: 23 Dec 2022 1:48 AM GMT
Rajasthan Former CM Vasundhara Raje
X

Rajasthan Former CM Vasundhara Raje। (Social Media)

Rajasthan: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की कद्दावर नेता वसुंधरा राजे जोधपुर के गैस काण्ड के पीड़ितों से मिलने के लिए भूंगरा गाँव गयीं। जहाँ ये घटना हुई वहाँ का दौरा किया और घायलों को देखने के लिए अस्पताल में भी गयीं। डॉक्टरों से और घायलों से मौजूदा हालात जाने। राजे ने कहा कि इस मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए। ये दुखद घटना है इस पर राजनीति हुई तो इन लोगों के साथ नाइंसाफी होगी।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उस जगह का दौरा किया जहाँ सिलेंडर ब्लास्ट हुए थे। वहाँ जा कर वसुंधरा ने देखा कि जगह जगह खून बिखरा है, कहीं चूड़ियाँ, साड़ियाँ और अन्य सुहाग के सामान पड़े हैं। सब तहस नहस हो चुका था। इतना सब देखने के बाद राजे भावुक नज़र आयी. सब देखने के बाद उन्होंने अस्पताल का रुख किया और घायलों से मिल कर उनकी कुशलता की जानकारी ली। डॉक्टरों से भी बातचीत में घायलों की असल स्थिति के बारे में पूछा। पीड़ितों के परिजनों से मिलने के बाद राजे ने उनको सांत्वना दी

वसुंधरा की घोषणा और वचन

वसुंधरा राजे ने पीड़ितों और मृतकों के परिजनों से मिलने के बाद एक अहम घोषणा की। जिसमें उन्होंने कहा कि वो गैस काण्ड में पीड़ित परिवारों को गोद ले रही हैं। राजे ने कहा कि जो मजंर मैं देख कर आई हूँ, जिसमें दीवारों पर खून लगा है, जगह जगह खून बिखरा पड़ा है, ख़ुशी का माहौल कैसे मातम में बदल गया ये सुन कर ही रूह कांपती है। ईश्वर से प्रार्थना है कि कभी ऐसा नहीं हो। मीडिया से बातचीत में वसुंधरा ने मीडिया के एक सवाल पर कहा कि प्लीज इस पर राजनीति नहीं। घायल लोगों के भोजन, आवास और बच्चों की पढाई व अन्य सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का मैं वचन देती हूँ। इसके लिए जल्दी से जल्दी कार्यवाही हो, इसे ध्यान में रखते हुए जोधपुर के 5 भाजपा नेताओं की एक कमेटी बनाई जाएगी और उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

किस किस को मिलेगी जिम्मेदारी?

राजे ने जिस कमिटी का जिक्र किया है उसमें जोधपुर के पांच बड़े भाजपा नेताओं को शामिल किया गया है। वो हैं, जोधपुर ग्रामीण भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भोपाल सिंह बडला, मेघराज लोहिया जो राज्य निगम के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं, भाजपा प्रदेश मंत्री के. के. बिश्नोई, भाजपा के पूर्व विधायक बाबूसिंह राठौड़ और अर्जुन सिंह खिंची। इन पाँचों नेताओं की कमिटी इस बात का ध्यान रखेगी कि पीड़ित परिवारों को जिस भी तरह की सहायता चाहिए वो उन्हें मुहैया करवाई जाए। जिसमें बच्चों की शिक्षा, मेडिकल सुविधाएं भी शामिल हों। पीड़ित परिवारों के आवास, उपचाराधीन और अन्य घायलों को पूरी तरह निशुल्क इलाज़, उनके भोजन इत्यादि की व्यवस्था में कोई ढिलाई नहीं बरती जाए।

और क्या कहा वसुंधरा राजे ने?

वसुंधरा राजे परिजनों से तो मिली हीं, साथ ही मृतकों की तस्वीरों पर पुष्पचढ़ा कर श्रद्धांजलि भी दी। उन्होंने कहा, कि ये ऐसा हादसा है जो हमेशा कांटे की तरह मन में चुभता रहेगा। जो चले गए वो मेरे अपने थे, जिनके जाने का दुःख हमेशा रहेगा। अब उनकी देखभाल जरुरी है जो अभी भी हमारे साथ हैं। जाने वाले वापिस नहीं आ सकते, परिजनों के घावों पर सद्भाव से, बिना राजनीति किए भावनाओं का मलहम लगाएंगे। राजे के कथनानुसार वे, इस दुर्घटना में आहत सभी लोगों और परिवारों को गोद ले कर उनके भविष्य के निर्माण में यथासंभव मदद करेंगी

कौन कौन रहा मौजूद

जब वसुंधरा राजे घटना स्थल पर पहुंची तो उनके साथ राजपाल सिंह शेखावत, विधायक हमीर सिंह भायल, महेंद्र सिंह राठौड़, पूर्व मंत्री युनुस खान, पूर्व संसदीय सचिव कैलाश वर्मा और अन्य स्थानीय और राज्यस्तरीय नेता वहाँ पहुँचे। सभी ने राजे के साथ अस्पताल, घटना स्थल और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। जोधपुर महात्मा गांधी अस्पताल में कमियों को दूर करने के लिए भी प्रशासन से बातचीत करने का आश्वासन देते हुए व्यवस्थाओं को और दुरुस्त करने को कहा।

Deepak Kumar

Deepak Kumar

Next Story