TRENDING TAGS :
Rajasthan: उदयपुर में 6 लोगों की संदिग्ध हालत में मौत, मृतकों में 4 बच्चे भी शामिल
Rajasthan: जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कस्टडी में ले लिया है। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं।
family died in suspicious condition (photo: social media )
Rajasthan News: लेक सिटी के नाम से मशहूर राजस्थान के उदयपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के गोगुंदा इलाके में एक ही परिवार के 6 लोगों को संदिग्ध हालत में मृत पाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को कस्टडी में ले लिया है। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं।
घटना गोगुंदा थाना क्षेत्र के गोल नेड़ी गांव की है। पुलिस के मुताबिक, शुरूआती जांच में लग रहा है कि परिवार के मुखिया ने ही बाकी सदस्यों को मौत की नींद सुलाकर बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। घर में तीन बच्चों के शव फंदे से लटके हुए मिले। वहीं, घर के एक कोने में बिस्तर पर एक महिला 4 माह के मासूम के साथ मृत पाई गई।
पुलिस ने सभी मृतकों की शिनाख्त कर ली है। घर में मिले मृत शख्स की पहचान प्रकाश (40 वर्ष) के रूप में हुई है, वहीं 35 वर्षीय मृत महिला की पहचान उसकी पत्नी दुर्गा के रूप में हुई है। मृत बच्चों की पहचान गणेश (5), पुष्कर (4), रोशन (2) और 4 माह के गंगाराम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि फंदा ओढ़नी का बनाया गया था।
बीमार रहता था प्रकाश
परिवार का मुखिया प्रकाश गुजरात के सूरत में रहता था। वह तीन माह पहले घर लौटा था। काफी बीमार रहने के कारण वह दोबारा काम पर नहीं लौट पाया था। बताया जा रहा है कि वह रसोई में हेल्पर का काम करता था। पुलिस के मुताबिक संभवतः प्रकाश ने परिवार की खराब आर्थिक स्थिति के कारण ऐसा खौफनाक कदम उठाया होगा। पुलिस मृतक के प्रकाश के दो भाईयों से इस संबंध में पूछताछ कर रही है, जिनका घर प्रकाश के घर के बगल में ही है।