माता-पिता को थी लड़के की चाहत!, फिर बेटी हुई तो नाम रखा 'अंतिम'.. अब बनी देश की पहली महिला वर्ल्ड चैंपियन

Antim Panghal:शुक्रवार को देशभर में जन्माष्टमी की धूम देखने को मिली। वहीं दूसरी तरफ भारत की बेटी ने बुल्गारिया में चल रही अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल कर इतिहास के पन्नों पर अपना नाम स्वर्ण अक्षरों के लिख दिया।

Suryakant Soni
Written By Suryakant Soni
Published on: 20 Aug 2022 5:10 AM GMT (Updated on: 20 Aug 2022 5:13 AM GMT)
Antim Panghal
X

Antim Panghal

Antim Panghal: अंडर 20 वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत की बेटी ने इतिहास रच दिया। जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहली बार किसी भारतीय महिला पहलवान ने गोल्ड मेडल हासिल किया। जी हां, शुक्रवार को देशभर में जन्माष्टमी की धूम देखने को मिली। वहीं दूसरी तरफ भारत की बेटी ने बुल्गारिया में चल रही अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल कर इतिहास के पन्नों पर अपना नाम स्वर्ण अक्षरों के लिख दिया। पिछले साल हुई विश्व कैडेट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली अंतिम पंघाल ने अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अंतिम पंघाल अंडर -20 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बन गई।

कजाकिस्तान की शगायेवा को हरा कर रचा इतिहास:

बता दें बुल्गारिया के सोफिया में चल रही अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में भारतीय महिला पहलवान का दबदबा कायम रहा। उनके सामने विश्व चैंपियनशिप में कोई दूसरी पहलवान बिलकुल नहीं टिक पाई। उनको एकमात्र यूक्रेन की नताली क्लिवचुत्स्का ने थोड़ी सी टक्कर दी। इसके अलावा उन्होंने मैट पर सभी को आसानी से चित्त कर दिया। विश्व चैंपियनशिप के फाइनल में उनका मुकाबला कजाकिस्तान की अल्टिन शगायेवा से हुआ। इस फाइनल में अंतिम ने अल्टिन शगायेवा को बुरी तरह हराया। उन्होंने यह मुकाबला 8-0 से अपने नाम कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया।

चौथी लड़की होने पर नाम मिला 'अंतिम':

देश की पहली महिला अंडर-20 वर्ल्ड चैंपियन अंतिम पंघाल के नाम के पीछे की कहानी बहुत ही भावुक कर देने वाली है। इनके माता-पिता रामनिवास पंघाल और कृष्णा कुमारी की चौथी संतान के रूप में अंतिम का जन्म हुआ था। स्पोर्ट्स स्टार की खबर के अनुसार अंतिम के पिता ने 3 लड़कियों के बाद लड़का चाहते थे, लेकिन जब उनके लड़की हुई तो उन्होंने इसका नाम 'अंतिम' रखा। हालांकि रामनिवास ने अपनी बेटियों को पूरा सपोर्ट किया। अंतिम को खिलाड़ी बनाने का सपना भी उनके पिता ने ही दिखाया था। उन्होंने अंतिम को खिलाड़ी बनाने के लिए अपना गांव तक छोड़ दिया। आज अपनी बेटी के इस कीर्तिमान के बाद अंतिम की इस उपलब्धि पर पूरे देश को गर्व है।

भारतीय पहलवानों ने दिखाया दम:

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय पहलवानों ने अपने दम से दुनिया को हैरान किया था। कुश्ती में भारत को सबसे अधिक पदक मिले थे। अब भारतीय युवा पहलवान भी अपना दम दिखा रहे हैं। बुल्गारिया के सोफिया में चल रही अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में भारत का दबदबा देखने को मिला। अंतिम पंघाल के अलावा भारत की सोनम मलिक 62 किग्रा और प्रियंका 65 किग्रा भारवर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में की पदक तालिका में भारत तीसरे स्थान पर रहा। पुरुष वर्ग में भारत ने 1 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज़ मेडल जीता, जबकि महिला वर्ग में भारत ने एक स्वर्ण सहित तीन रजत और एक कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

Suryakant Soni

Suryakant Soni

Next Story