सचिन, जयसूर्या और मुरलीधरन के इर्द-गिर्द रहा एशिया कप का इतिहास, जानिए इससे जुड़े रोचक तथ्य..

Asia Cup History: अब तक कुल मिलाकर एशिया कप के 14 संस्करण हुए हैं। इसमें भारत और श्रीलंका के खिलाड़ियों का बोलबाला रहा है। एशिया कप में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पहले तीन स्थान पर भारत और श्रीलंका के ही बल्लेबाज काबिज है। एशिया कप में सर्वाधिक रन बनाने की सूची में श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ सनथ जयसूर्या पहले स्थान पर आते हैं।

Suryakant Soni
Written By Suryakant Soni
Published on: 8 Aug 2022 8:24 AM GMT
Asia Cup History
X

Asia Cup 2022: एशिया कप 2022 की शुरुआत 27 अगस्त से UAE में होगी। भारत का पहला मुकाबला 28 अगस्त को अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा। इस बार खिताब जीतने की प्रबल दावेदार हमेशा की तरह भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीम मानी जा रही है। लेकिन पिछले दो बार से बांग्लादेश की टीम ने एशिया कप के फाइनल में जगह बनाई थी। ऐसे में इस बार भी बांग्लादेश को कम आंकना इन तीनों बड़ी टीमों के लिए भारी पड़ सकता है। एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी। यह खिताब अब तक सबसे अधिक बार भारत ने अपने नाम किया है। एशिया कप पहले 50-50 ओवर का होता था, लेकिन बाद में इसे टी-20 फॉर्मेट में बदल दिया गया। चलिए हम आपको बताते है एशिया कप के इतिहास से जुड़े कुछ रोचक तथ्यों और रिकार्ड्स के बारे में...

एशिया कप में सबसे अधिक रन:

अब तक कुल मिलाकर एशिया कप के 14 संस्करण हुए हैं। इसमें भारत और श्रीलंका के खिलाड़ियों का बोलबाला रहा है। एशिया कप में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में पहले तीन स्थान पर भारत और श्रीलंका के ही बल्लेबाज काबिज है। एशिया कप में सर्वाधिक रन बनाने की सूची में श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज़ सनथ जयसूर्या पहले स्थान पर आते हैं। एशिया कप में जयसूर्या का बल्ला खूब रन बरसाता था। उन्होंने एशिया कप में कुल 1220 रन बनाए हैं। उनके बाद इस लिस्ट में श्रीलंका के ही पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा का नाम आता है। उन्होंने एशिया कप के इतिहास में 1075 रन बनाए थे। इस सूची में तीसरे पायदान पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर काबिज है। सचिन ने एशिया कप में 975 रन बनाए थे।

सबसे अधिक विकेट:

एशिया कप में सर्वाधिक विकेट के मामले में भी श्रीलंका के ही गेंदबाज़ों का दबदबा देखने को मिलता है। एशिया कप के इतिहास में श्रीलंका के स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने सबसे अधिक विकेट लिए हैं। मुरलीधरन सबसे अधिक विकेट लेने की सूची में 30 विकेट के साथ पहले स्थान पर बरक़रार है। उन्हें क्रिकेट को अलविदा कहे काफी वर्ष हो गए, लेकिन आज तक कोई उनका रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाया। इस सूची में दूसरे पायदान पर उनके हमवतन गेंदबाज अजंता मेंडिस का नाम है। मेंडिस ने एशिया कप में 26 विकेट चटकाए थे। इसके बाद पाकिस्तानी स्पिनर सईद अजमल 25 विकेट के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर है। एशिया कप में स्पिनर्स का बोलबाला देखने को मिलता है।

एक पारी में सर्वाधिक स्कोर:

एशिया कप के इतिहास में कई बड़े धुआंधार बल्लेबाज हुए हैं। एशिया कप अपने भीतर कई ऐतिहासिक पारियों की यादें समेटे हुए हैं। एक मैच में सर्वाधिक रन बनाने की बात करें तो इसमें पहला स्थान भारत के 'रन मशीन' विराट कोहली का आता है। कोहली ने एशिया कप के इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेली थी। विराट कोहली की 183 रनों की पारी का रिकॉर्ड आजतक बरक़रार है। विराट के बाद इस सूची में दूसरे स्थान पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनुस खान (144 रन) का आता है। वहीं इस लिस्ट में शोएब मलिक 143 रनों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

एशिया कप में सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग रिकॉर्ड:

एशिया में वसीम अकरम, वकार यूनिस, चामिंडा वास, अनिल कुंबले और मुरलीधरण जैसे दिग्गज गेंदबाज अपना जलवा बिखेर चुके हैं। लेकिन जब बात सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग रिकॉर्ड की हो तो ये गेंदबाज कहीं नज़र नहीं आते हैं। इनकी जगह इस मामले में दूसरे गेंदबाज़ों का कब्जा रहा। एशिया कप के इतिहास की सबसे शानदार बॉलिंग रिकॉर्ड का रिकॉर्ड अजंता मेंडिस के नाम है। मेंडिस ने भारत के खिलाफ इस टूर्नामेंट के एक मैच में सिर्फ 13 रन देकर 6 विकेट झटके थे। उनका रिकॉर्ड आज तक कोई दूसरा गेंदबाज नहीं तोड़ पाया। इसके अलावा इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के आकिब जावेद (5/19) विकेट और तीसरे स्थान पर भारत के अरशद अयूब (5/21) का कब्ज़ा रहा है।

सर्वाधिक शतक लगाने वाले बल्लेबाज:

हमने आपको पहले ही बताया था कि एशिया कप में श्रीलंका और भारत के खिलाड़ियों का ही दबदबा देखने को मिला है। अब अगर बात इस टूर्नामेंट में सबसे अधिक शतक की हो तो भला श्रीलंका और भारत के बल्लेबाज कहां पीछे रहने वाले थे। एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक सनथ जयसूर्या ने लगाए हैं। जयसूर्या 6 शतक लगाकर इस सूची में पहले पायदान पर आते हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर कुमार संगकारा (4) का नाम आता है। वहीं विराट कोहली इस मामले में तीन शतक लगाकर तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। पाकिस्तान के शोएब मालिक ने भी एशिया कप में तीन शतक जड़े हैं।

एशिया कप में सर्वाधिक और न्यूनतम स्कोर:

एशिया कप के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो किसी टीम के द्वारा सर्वाधिक और न्यूनतम स्कोर का भी पता होना काफी मायने रखता है। एशिया कप में किसी टीम के द्वारा बनाए गए सबसे अधिक स्कोर का रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम दर्ज है। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ एक मैच में सात विकेट के नुकसान पर 385 रन बनाए थे। उस रिकॉर्ड को आज तक कोई तोड़ नहीं पाया। जबकि न्यूनतम स्कोर बंगलादेश के नाम है। बांग्लादेश टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच में सिर्फ 87 रन बनाए थे। वो एशिया कप के इतिहास का सबसे कम स्कोर बन गया।

Suryakant Soni

Suryakant Soni

Next Story