×

एशिया कप हॉकी: भारत ने जीत के साथ किया आगाज, जापान को 5-1 से रौंदा

aman
By aman
Published on: 11 Oct 2017 11:33 AM
एशिया कप हॉकी: भारत ने जीत के साथ किया आगाज, जापान को 5-1 से रौंदा
X
एशिया कप महिला हॉकी: काकामिगाहारा में भारतीय लड़कियों की शानदार शुरुआत

ढाका: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार (11 अक्टूबर) को जापान के खिलाफ खेले गए मैच में जीत हासिल करते हुए एशिया कप का शानदार आगाज किया। मौलाना भशानी नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने जापान को 5-1 से मात दी। इस मैच में हरमनप्रीत सिंह ने भारतीय टीम के लिए दो गोल दागे।

भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही जापान पर अपना दबदबा कायम कर लिया था। एस.वी.सुनील ने तीसरे ही मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला।

..फिर नहीं थमा गोल दागने का सिलसिला

इसके बाद केंजी कीटाजाटो ने अगले ही मिनट में फील्ड गोल कर भारत के खिलाफ जापान का स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया। इसके साथ ही पहला क्वार्टर समाप्त हो गया। दूसरे क्वार्टर में ललित उपाध्याय ने आगे बढ़ते हुए भारत को 22वें मिनट में 2-1 की बढ़त दे दी। हालांकि, भारतीय टीम के खिलाड़ियों का गोल दागने का कारवां यहीं नहीं रुका।

जापान के लिए वापसी नामुमकिन

अपने अच्छे डिफेंस को बरकरार रखते हुए जापान को गोल करने का मौका न देते हुए भारत ने 33वें मिनट में रमनदीप सिंह की बदौलत तीसरा गोल भी किया। इसके दो मिनट बाद ही हरमनप्रीत ने टीम के लिए चौथा गोल दागा। चौथे और अंतिम क्वार्टर में हरमनप्रीत ने 48वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 5-1 की बढ़त दे दी। यहां से जापान के लिए मैच में वापसी करना नामुमकिन हो गया था और उसकी हार भी लगभग तय हो गई।

अगला मुकाबला बांग्लादेश से

भारतीय टीम ने मैच की समाप्ति तक जापान के खिलाफ अपनी बढ़त को बरकरार रखते हुए अंत में 5-1 से जीत हासिल की। भारतीय टीम का सामना 13 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में मेजबान टीम बांग्लादेश से होगा।

आईएएनएस

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story