×

Asian Games 2023: एशियाई खेलों में भारत ने रचा इतिहास, 25 गोल्ड के साथ भारतीय पदकों की संख्या 100 पर पहुंची

Asian Games 2023: भारत ने आज शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपाउंड तीरंदाजी में दो पदक हासिल किए। कंपाउंड तीरंदाजी में ओजस देवतले ने स्वर्ण और अभिषेक वर्मा ने रजत पदक जीता है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 7 Oct 2023 2:23 AM GMT (Updated on: 7 Oct 2023 3:29 AM GMT)
Asian Games 2023
X

Asian Games 2023 (Social Media)

Asian Games 2023: चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया है। भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के पदकों की संख्या 100 पर पहुंचा दी है। एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ी पहली बार इतने ज्यादा पदक जीतने में कामयाब हुए हैं। भारत ने अभी तक 25 स्वर्ण, 35 रजत और 40 कांस्य पदक जीते हैं।

भारत ने आज शानदार प्रदर्शन करते हुए कंपाउंड तीरंदाजी में दो पदक हासिल किए। कंपाउंड तीरंदाजी में ओजस देवतले ने स्वर्ण और अभिषेक वर्मा ने रजत पदक जीता है। इसके साथ ही कबड्डी में भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। कबड्डी टीम की इस कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। भारत के 100 पदक जीतने पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी है। यह अपने आप में बड़ा रिकॉर्ड है क्योंकि भारत ने अभी तक इतने ज्यादा पदक नहीं जीते थे। आज भारत के कई और खेलों में भी पदक जीतने की उम्मीद है।


कबड्डी में महिला टीम ने जीता स्वर्ण

महिला कबड्डी के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है। भारत की बेटियों ने रोमांचक फाइनल में चीनी ताइपे को 26-24 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। भारत की बेटियों के इस कमाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला कबड्डी टीम को बधाई दी है।

कंपाउंड तीरंदाजी में ओजस को गोल्ड

कंपाउंड तीरंदाजी के फाइनल में दोनों भारतीय तीरंदाजों के बीच मुकाबला था। ओजस देवतले और अभिषेक वर्मा ने फाइनल में जगह बनाई थी। ऐसे में देश को दोनों पदक मिलने तय थे, लेकिन व्यक्तिगत रूप से दोनों खिलाड़ियों को पदक का रंग तय करना था। फाइनल मुकाबले के दौरान ओजस अभिषेक वर्मा पर भारी पड़े। ओजस ने 149 के स्कोर के साथ स्वर्ण और अभिषेक ने 147 का स्कोर कर रजत पदक जीतने में कामयाबी हासिल की।

भारत की ज्योति ने भी जीता स्वर्ण पदक

महिला कंपाउंड तीरंदाजी में भारत की ज्योति सुरेखा वेन्नम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। उन्होंने एशियाई खेलों में रिकॉर्ड बनाते हुए 149-145 के अंतर से फाइनल मैच जीता। उन्होंने दक्षिण कोरिया की सो सी को हराया। कंपाउंड तीरंदाजी में भारत का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है और भारत ने सभी प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है।

अदिति ने दिलाया भारत को पहला पदक

भारत की अदिति स्वामी ने आज देश को पहला पदक दिलाया। महिला तीरंदाजी की एकल प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया है। अदिति स्वामी ने पहली बार एशियाई खेलों में हिस्सा लिया है और इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबका दिल जीत लिया। उन्होंने इंडोनेशिया की रतिह फदली के खिलाफ 146-140 के अंतर से जीत दर्ज की।

भारत का 100 पदक जीतने का कमाल

एशियाई खेलों में भारत ने 13वें दिन कुल नौ पदक जीते थे और कई पदक पक्के किए थे। 13वें दिन ही यह तय हो गया था कि भारत इस बार सबसे ज्यादा पदक जीतने में कामयाब रहेगा। भारतीय पदकों की संख्या अब सौ पर पहुंच गई है और आज कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का पदक जीतना तय है।

शुक्रवार को भारत ने एशियाई हॉकी में एक बार फिर अपनी बादशाहत कायम की थी। फाइनल मुकाबले में भारत ने पिछले एशियाई खेलों के विजेता जापान को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। इस जीत के साथ ही भारत ने 2024 के पेरिस ओलंपिक खेलों का टिकट भी हासिल कर लिया है। कबड्डी में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया है। महिला कबड्डी टीम स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रही है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भारतीय खिलाड़ियों के 100 पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने साबित कर दिया है कि वे दुनिया में किसी भी दूसरे देश से कमजोर नहीं है। उन्होंने कठिन परिश्रम और समर्पण से देश का गौरव बढ़ाया है।

अब क्रिकेट के फाइनल पर सबकी निगाहें

आज सबकी निगाहें क्रिकेट के फाइनल मुकाबले पर लगी हुई हैं। भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से रौंदकर क्रिकेट के फाइनल में जगह बना ली है। दूसरी ओर अफगानिस्तान की टीम ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। अब आज फाइनल में भारत और अफगानिस्तान की टीमों के बीच भिड़ंत होगी।

भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए पुरुष क्रिकेट में भी भारत को स्वर्ण पदक मिलना तय माना जा रहा है। भारतीय टीम के खिलाड़ी शानदार फॉर्म में दिख रहे हैं और उन्होंने अभी तक खेले गए मैचों में शानदार प्रदर्शन किया है। ऐसे में सबको फाइनल मुकाबले का बेसब्री से इंतजार है।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story