×

बंगलुरु टेस्ट: नाथन लियोन ने 8 विकेट चटका कर ढाया कहर, भारत की पहली पारी 189 पर सिमटी

भारत की पारी को समेट देने में सबसे बड़ा हाथ नाथन लियोन का रहा। 8 विकेट लियोन के हिस्से में गये हैं, जबकि स्टार्क और ओ कीफ ने एक एक विकेट लिया है।

zafar
Published on: 4 March 2017 9:46 AM GMT
बंगलुरु टेस्ट: नाथन लियोन ने 8 विकेट चटका कर ढाया कहर, भारत की पहली पारी 189 पर सिमटी
X

बंगलुरु: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन चाय के बाद भारत की पहली पारी 189 रन पर सिमट गई है। नाथन लियोन ने पारी में 8 विकेट चटकाए। लोकेश राहुल शतक से चूक गये। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 40 रन बिना किसी नुकसान के बना लिये थे। इससे पहले भारत ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था।

लड़खड़ायी पारी

भारत को पहला झटका अभिनव मुकुंद के रूप में जल्दी ही लग गया। अभिनव बिना खाता खोले आउट हो गये। उन्हें स्टार्क ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। उस समय भारत का स्कोर 11 रन था।

दूसरा विकेट चेतेश्वर पुजारा का गिरा। उस समय तक भारत का स्कोर 72 रन हुआ था। पुजारा को लियोन की गेंद पर हैंड्सकॉम्ब ने लपक लिया।

शुरुआत में दो विकेट जल्दी गिर जाने के बाद कप्तान विराट कोहली पर पारी को संभालने की जिम्मेदारी आ पड़ी। लेकिन कोहली भी टीम के स्कोर में महज 16 रन और जोड़ कर पैवेलियन वापस लौट गये। कोहली को उनके 12 रन के निजी स्कोर पर लियोन ने एलबीडब्ल्यू कर दिया।कोहली के आउट होने के समय भारत का कुल स्कोर 88 रन तक पहुंच सका था।

चौथा विकेट अजिंक्य रहाणे के रूप में गिरा। तब तक भारत का स्कोर 118 रन हो गया था। अजिंक्य को विकेट कीपर वेड ने लियोन की गेद पर स्टम्प आउट कर दिया। अजिंक्य भी अपने खाते में महज 17 रन जोड़ सके।

लियोन हुए घातक

अजिंक्य के बाद अगला विकेट भी बिलकुल उसी अंदाज में गिरा। इस बार आउट होने वाले बल्लेबाज थे करुण नायर। उन्हें भी वेड ने 26 के स्कोर पर स्टम्प कर दिया। लेकिन इस बार विकेट ओ कीफ के खाते में गया। करुण नायर के रूप में भारत ने 156 रन पर पांचवां विकेट खो दिया।

छठे विकेट के रूप में अश्विन को लियोन की गेंद पर वार्नर ने लपक लिया। अश्विन ने 7 रन बनाये और भारत का स्कोर हो गया 174 पर 6 विकेट।

इसके बाद 178 पर रिद्धिमान साहा का विकेट गिरा। साहा को उनके 1 रन के निजी स्कोर पर लियोन की गेंद पर स्टीवन स्मिथ ने लपक लिया।

आठवां विकेट रवींद्र जडेजा के रूप में गिरा उन्हें भी पिछले विकेट की तरह लियोन की गेंद पर स्टीवन स्मिथ ने लपका। जडेजा ने 3 रन बनाये। जडेजा का विकेट 188 रन पर गिरा।

नवां विकेट लोकेश राहुल का गिरा। वह शतक से चूक गये । वह भी लियोन का शिकार हुए। उन्हें रेनशॉ ने लपक लिया। लोकेश ने 90 रन बनाये, जो भारत की पहली पारी में सर्वाधिक स्कोर रहा।

अंतिम विकेट इशांत शर्मा का गिरा वह भी घातक हुए लियोन के शिकार हुए । उन्हें हैेंड्सकॉम्ब ने लपक लिया । इशांत का स्कोर रहा शून्य।

भारत की पारी को समेट देने में सबसे बड़ा हाथ नाथन लियोन का रहा। 8 विकेट लियोन के हिस्से में गये हैं, जबकि स्टार्क और ओ कीफ ने एक एक विकेट लिया है।

पहले दिन स्टम्प्स के समय ऑस्ट्रेलिया ने बिना नुकसान के 40 रन बना लिये थे। डेविड वार्नर 23 रन और मैट रेनशॉ 15 रन के निजी स्कोर पर खेल रहे थे।

zafar

zafar

Next Story