×

Rohit Sharma: क्रिस गेल को पछाड़ कर रोहित शर्मा बने वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज, छक्कों का अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के पहले बैटर

World Cup 2023 IND vs NZ Rohit Sharma: आईसीसी वर्ल्ड कप इतिहास में क्रिस गेल के नाम 49 छक्के हैं, वहीं रोहित शर्मा ने आज चार छक्के लगाकर अपने नाम 51 छक्के कर लिए हैं और क्रिस गेल के कभी नहीं टूटने वाले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है

Sachin Hari Legha
Published on: 15 Nov 2023 10:07 AM GMT (Updated on: 15 Nov 2023 10:07 AM GMT)
Rohit Sharma
X

Rohit Sharma (photo. BCCI)

World Cup 2023 IND vs NZ Rohit Sharma: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस समय भारत और न्यूजीलैंड (IND vs NZ) की टीमों के बीच वर्ल्ड कप 2023 (World Cup 2023) का पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। मैच में ड्रिंक्स ब्रेक तक भारतीय टीम 15 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 118 रन बना चुकी है। इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से कीवी गेंदबाजों की कमर तोड़ कर रख दी है।

रोहित शर्मा ने रचा इतिहास

आपको बताते चलें कि मुंबई की इस पिच पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने बतौर सलामी बल्लेबाज टीम इंडिया को एक बार फिर से ऐसी धाकड़ शुरुआत दी की न्यूजीलैंड के गेंदबाज समझ ही नहीं पाए कि उनके साथ शुरू के ओवरों में हो क्या रहा है। रोहित शर्मा ने आते ही शुभमन गिल के साथ मिलकर चौके-छक्कों की बारिश कर दी।

हालांकि वह अपने अर्धशतक से चूक गए और 29 बॉल में 47 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने अपनी इस पारी में 04 चौके और 04 ही छक्के जड़े। इस पारी में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का स्ट्राइक रेट 162.07 का रहा। जब रोहित शर्मा आउट हुए तब भारतीय टीम का स्कोर 8 ओवर के बाद 70 रन था। वहीं इस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा ने छक्कों की बारिश कर क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया।

रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

गौरतलब है कि अब तक आईसीसी वर्ल्ड कप इतिहास में क्रिस गेल के नाम 49 छक्के हैं, वहीं रोहित शर्मा ने आज चार छक्के लगाकर अपने नाम 51 छक्के कर लिए हैं और क्रिस गेल के कभी नहीं टूटने वाले रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। भारतीय टीम के कप्तान इस टूर्नामेंट में आक्रामक स्ट्रेटजी के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं और सामने वाली टीम को शुरू के ओवरों में ही धराशाही कर दे रहे हैं।


Sachin Hari Legha

Sachin Hari Legha

Sports Editor

सचिन हरि लेघा। न्यूज़ ट्रैक में स्पोर्ट्स एडिटर पद की ज़िम्मेदारी। स्पोर्ट्स में क्रिकेट पर दक्षता। राजनीति व मनोरंजन से जुड़ी खबरों पर भी सम्पूर्ण दृष्टि।

Next Story