×

Commonwealth Games 2022: महिला हॉकी टीम ने घाना को 5-0 से धूल चटाई, मुक्केबाज शिव थापा प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंचे

Commonwealth Games 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में अच्छी शुरुआत की है। भारत ने पहले मैच में घाना को 5-0 से हराया। वहीं भारतीय मुक्केबाज शिव थापा ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को मात दी।

Aakash Mishra
Written By Aakash Mishra
Published on: 29 July 2022 5:06 PM GMT
Commonwealth Games 2022: महिला हॉकी टीम ने घाना को 5-0 से धूल चटाई, मुक्केबाज शिव थापा प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंचे
X

Indian Women's Hockey Team, Shiv Thapa (Image credit: Twitter)

Commonwealth Games 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार शुरूआत की है। टीम ने आज पहले मुकाबले में घाना को 5-0 से हरा दिया। अब भारत का अगला मुकाबला शनिवार यानी 30 जुलाई को वेल्स के खिलाफ होगा। आज के मैच में भारत की ओर से गुरजीत कौर (Gurjit Kaur) ने सर्वाधिक गोल किए।

पहले क्वार्टर में भारत ने सिर्फ एक गोल किए, जो कि गुरजीत कौर द्वारा आया था। भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल जारी रखा। काफी कोशिश के बावजूद टीम पहले क्वार्टर में एक से ज्यादा गोल नहीं मिल पाया।

दूसरे क्वार्टर में आया दूसरा गोल

मैच का दूसरा क्वार्टर काफी रोमांचक रहा, जहां घाना की टीम ने भरपूर पलटवार करने की कोशिश की। भारतीय गोलकीपर ने लगातार तीन गोल बचाए। वहीं भारत को दूसरा गोल दूसरे क्वार्टर में नेहा गोयल (Neha Goyal) ने दिलाया। नेहा ने गेंद को गोलपोस्ट की ओर मारा जो कि घाना कि खिलाड़ी की हॉकी स्टिक में टकराकर गोलपोस्ट के अंदर चली गई।

तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी आक्रमण जारी रखा

भारत ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में भी शानदार खेल जारी रखा। भारत के लिए तीसरा गोल संगीता कुमारी (Sangita Kumari) के हॉकी स्टिक से आया। संगीता के बाद गुरजीत ने भी मैच का अपना दूसरा गोल कर दिया। वहीं चौथे क्वार्टर में सलिमा टेटे (Salima Tete) ने घाना के खिलाफ मैच का पांचवां गोल दाग दिया।

भारतीय टीम पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाने में नाकाम रही। भारत को पूरे मैच में 11 पेनल्टी कार्नर करने का मौका मिला, जिसमें टीम सिर्फ एक ही गोल कर पाई। भारतीय हॉकी टीम इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में 16 वर्षो से चले आ रहे पदक के सूखे को खत्म करना चाहेगी।

शिव थापा ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को 5-0 से हराया

कॉमनवेल्थ गेम्स में मुक्केबाजी में भी भारत की शुरुआत शानदार रही। पांच बार के एशियाई चैम्पियनशिप पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज शिव थापा (Shiv Thapa) ने शुक्रवार को 63.5 किलोग्राम भार वर्ग के पहले राउंड के मुकाबले में पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को बुरी तरह से हरा दिया। थापा ने पाकिस्तान खिलाड़ी को 5-0 से हराया। इस जीत के साथ, 28 वर्षीय भारतीय मुक्केबाज ने लाइट वेल्टर भार वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। शिव का अगला मुकाबला प्री-क्वार्टरफाइनल में स्कॉटलैंड के रीसे लिंच से होगा। आपको बता दे कि भारत ने गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में मुक्क्केबजी में तीन स्वर्ण, तीन रजत और तीन कांस्य समेत कूल 9 पदक जीते थे।

Aakash Mishra

Aakash Mishra

Next Story