×

Commonwealth Games 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स में ये पांच खिलाड़ी लाएंगे भारत के लिए स्वर्ण पदक

Commonwealth Games 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 को लेकर भारतीय दल पूरी तरह से तैयार है। ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा के बाहर होने से भारत को झटका लगा है लेकिन भारत के अन्य खिलाड़ी पदक जीतने के लिए तैयार हैं।

Aakash Mishra
Written By Aakash Mishra
Published on: 27 July 2022 8:14 AM GMT
Commonwealth Games 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स में ये पांच खिलाड़ी लाएंगे भारत के लिए स्वर्ण पदक
X

PV Sindhu, Mirabai Chanu, Manika Batra, Ravi Dahiya (Image Credit: Social media)

Saikhom Mirabai Chanu

Commonwealth Games 2022: कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने में अब बस कुछ ही घंटे बाकी है। 28 जुलाई को इंग्लैंड के बर्मिंघम में इस टूर्नामेंट का आयोजन होना है, जो कि 8 अगस्त तक जारी रहेगा। इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के हौसले काफी बुलंद है। सभी को उम्मीद है कि भारतीय खिलाड़ी अपना सर्वश्रेठ प्रदर्शन करेंगे। हालाँकि, प्रतियोगिता शुरू होने से ठीक पहले भारत को एक बड़ा झटका लगा है। भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा नहीं लेंगे। चोटिल होने के बाद उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। नीरज भारत के लिए स्वर्ण पदक की सबसे बड़ी उम्मीद थे। नीरज चोपड़ा के बाहर हो जाने के बाद अब भी बहुत से खिलाड़ी हैं जो भारत को स्वर्ण पदक दिलवा सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे पांच खिलाड़ियों के बारे में जो बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के लिए स्वर्ण पदक ला सकते हैं।

1. पीवी सिंधु (बैडमिंटन):

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय शटलर पीवी सिंधु बैडमिंटन में स्वर्ण पदक की सबसे बड़ी दावेदार हैं। उन्होंने इससे पहले दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया है और दोनों बार पदक जीतने में कामयाब रही थी। उन्होंने 2014 ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला एकल में कांस्य जीता था। वहीं 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्हें रजत पदक जीतने में कामयाबी मिली थी। उन्होंने हाल ही में सिंगापुर ओपन में स्वर्ण पदक जीता है। इस बार सिंधु अपने पदक का रंग बदलने का कोशिश करेंगी।

2. मीराबाई चानू (वेटलिफ्टिंग):

टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली मीराबाई चानू इस वक़्त बहुत शानदार फॉर्म में चल रही हैं, कॉमनवेल्थ गेम्स में उनका रिकॉर्ड भी काफी शानदार रहा है। उन्होंने पिछली बार गोल्ड कोस्ट में भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था। वहीं 2014 में भी उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था। चानू के फॉर्म को देखते हुए कहा जा सकता है कि वह भारत को लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक दिला सकती हैं।

3. निकहत जरीन (मुक्केबाजी):

निकहत जरीन ने हाल ही में विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। वह विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली पांचवी महिला मुक्केबाज बनी।निकहत एक बार फिर स्वर्ण जीतने के इरादे से उतरेंगी। उनके इस प्रदर्शन के बाद सभी की उम्मीदें बढ़ गई है। निकहत की नजर कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार पदक जीतने पर होगी।

4. मनिका बत्रा (टेबल टेनिस):

मनिका बत्रा ने पिछले बार गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया था। वह टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उन्होंने महिला सिंगल्स के फाइनल में सिंगापुर की मेइंगयु यू को हराया था। मनिका इस बार फिर से स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतरेंगी।

5. रवि कुमार दहिया (कुश्ती):

टोक्यो ओंलिपक में रजत पदक विजेता रवि कुमार दहिया कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के इरादे से उतरेंगे। वह 57 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। रवि पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलने उतरेंगे। विश्व नंबर दो रवि दहिया ने हाल ही में 2022 एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है।

Aakash Mishra

Aakash Mishra

Next Story