×

Vinod Kambli Controversy: क्या विनोद कांबली नशे में खो बैठते हैं होश, पत्नी और नौकरानी ही नहीं इनके साथ भी कर चुके कांड

Vinod Kambli Controversy: दिग्गज क्रिकेटरों में गिने जाने वाले विनोद कांबली के सितारे लंबे समय से गर्दिश में चल रहे हैं। इस बार उनकी मॉडल पत्नी एंड्रिया ने उन पर शराब के नशे में दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है।

Krishna Chaudhary
Published on: 5 Feb 2023 9:40 AM GMT
Vinod Kambli Controversy
X

फिर विवादों में क्रिकेटर विनोद कांबली (फोटो: सोशल मीडिया)  

Vinod Kambli Controversy: 1990 के दशक में दिग्गज क्रिकेटरों में गिने जाने वाले विनोद कांबली के सितारे लंबे समय से गर्दिश में चल रहे हैं। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर - ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के दोस्त कांबली एकबार फिर से विवादों में हैं। इसबार उनकी मॉडल पत्नी एंड्रिया ने उनपर शराब के नशे में दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। एंड्रिया ने मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में पूर्व क्रिकेटर के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करा दी है।

हालांकि, ये कोई पहला मौका नहीं है, जब किसी विवाद के कारण विनोद कांबली मीडिया की सुर्खियों का हिस्सा बने हों। उनसे जुड़े विवादों की लिस्ट काफी लंबी है। कांबली इसे लेकर पूर्व में जेल की हवा भी खा चुके हैं। पूर्व क्रिकेटर का सचिन तेंदुलकर से भी विवाद हो चुका है। तो आइए एक नजर उनसे जुड़े प्रमुख विवादों पर डालते हैं।

नौकरानी के साथ मारपटी करने का आरोप

2015 में विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट पर उनके घर में काम कर रही नौकरानी ने गंभीर आरोप लगाया था। नौकरानी का आरोप था कि जब उसने कांबली दंपति से वेतन मांगा तो उसके साथ मारपीट की गई और घर में तीन दिन तक बंद रखा गया। सोनी नाम की नौकरानी ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में विनोद कांबली को जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि, बाद में पता चला कि नौकरानी ड्रग्स लेती थी और फिर इस मामले ने अलग ही डायरेक्शन पकड़ ली।

नवजोत सिद्धू और रमीज राजा को कह दिया था अपशब्द

2015 में ही विनोद कांबली ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू और पूर्व पाक क्रिकेटर रमीज राजा के लिए ट्विटर पर अपशब्द कह दिए थे, जिस पर काफी हंगामा मच गया था। दरअसल, कांबली भारतीय टीवी कार्यक्रमों में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को बुलाए जाने से नाराज थे। इसलिए उन्होंने सिद्धू के लिए कहा था कि वह अपनी बक-बक बंद करे। हालांकि, बाद में विनोद कांबली ने इस पर माफी मांग ली थी और कहा था कि उनके दोस्त ने उनके अकाउंट से ये ट्वीट किए थे, जिसे डिलीट कर दिया गया है।

बॉलीवुड सिंगर के पिता से मारपीट

पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की तरह उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट भी विवादों को जन्म देने के मामले में पीछे नहीं हैं। उन्होंने एक शॉपिंग मॉल में सिंगर अंकित तिवारी के बुजुर्ग पिता से मारपीट कर ली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मॉल में तिवारी के पिता का हाथ कांबली की पत्नी एंड्रिया के हाथ से टच हो गया था। जिस पर एंड्रिया ने बुजुर्ग पर घूसा मार दिया। इतना ही नहीं वह सैंडिल लेकर अंकित तिवारी के भाई को मारने भी दौड़ीं। सिंगर अंकित तिवारी ने इसे लेकर विनोद कांबली और उनकी पत्नी पर केस दर्ज कराया था।

नशे में गाड़ी में मार दी टक्कर

52 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली ने पिछले साल फरवरी में मुंबई के बांद्रा में एक कार को टक्कर मार दी थी। हादसे के दौरान वो पूरी तरह से नशे में थे। एक शख्स की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने कांबली को शराब पीकर गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, उन्हें जल्द जमानत मिल गई थी।

सचिन तेंदुलकर पर लगाए थे आरोप

किसी जमाने में सचिन तेंदुलकर और विनोद कांबली की दोस्ती काफी गहरी हुआ करती थी। दोनों ने घरेलू क्रिकेट में 664 रनों की साझेदारी की थी। साल 2009 में रियलिटी शो 'सच का सामना' में उन्होंने कहा था कि टीम में उनके साथ भेदभाव हुआ था। जब वो बुरे दौर से गुजर रहे थे, तब सचिन को उनकी मदद करनी चाहिए थी लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। अगर सचिन ने साथ दिया होता तो उनका क्रिकेट करियर और लंबा चलता। 2013 में सचिन ने अपनी फेयरवेल पार्टी में सबको बुलाया था लेकिन कांबली नदारद थे।

विनोद कांबली का करियर

विनोद कांबली ने भारत के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 1084 रन और वनडे क्रिकेट में 2477 रन दर्ज हैं। उन्होंने भारत की ओर से आखिरी मैच साल 2000 में खेला था। बात करें प्रथम श्रेणी के मैचों की तो कांबली के नाम 129 मैच में 9965 रन दर्ज हैं।

Prashant Dixit

Prashant Dixit

Next Story