×

Cristiano Ronaldo: 700 गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी हैं रोनाल्डो, कमाई सुन उड़ जाएंगे होश

Fifa World Cup Qatar 2022: फीफा विश्वकप में पुर्तगाल की टीम की ओर से दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो अपना पांचवां विश्व कप खेलने के लिए उतरेंगे।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 17 Nov 2022 4:58 AM GMT
Cristiano Ronaldo: 700 गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी हैं रोनाल्डो, कमाई सुन उड़ जाएंगे होश
X

Cristiano Ronaldo (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Cristiano Ronaldo Lifestyle: कतर में 20 नवंबर से शुरू होने वाले फीफा विश्वकप (Fifa World Cup Qatar 2022) में कई स्टार खिलाड़ी भी अपना जलवा बिखेरेंगे। फीफा विश्वकप (Fifa World Cup) के लिए 32 टीमों के बीच जोरदार मुकाबला होगा। इस दौरान जिन टीमों के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है, उनमें पुर्तगाल (Portugal) की टीम भी शामिल है। पुर्तगाल की टीम की ओर से दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) अपना पांचवां विश्व कप खेलने के लिए उतरेंगे।

रोनाल्डो इस बार भी विश्व कप के दौरान पुर्तगाल की टीम का नेतृत्व करते हुए नजर आएंगे। फॉरवर्ड की भूमिका में खेलने वाले रोनाल्डो ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरी दुनिया में नाम कमाया है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि मौजूदा विश्वकप के दौरान रोनाल्डो पुर्तगाल की टीम की दावेदारी को कितना मजबूत बना पाते हैं।

इस बार ग्रुप एच में है पुर्तगाल की टीम

फीफा विश्वकप के दौरान पुर्तगाल की टीम को ग्रुप एच में रखा गया है। इस ग्रुप में उरुग्वे, दक्षिण कोरिया और घाना जैसी मजबूत टीमें है। पुर्तगाल को अपना पहला मैच 24 नवंबर को खेलना है जिसमें उसका मुकाबला घाना की टीम के साथ होगा। 28 नवंबर को पुर्तगाल की भिड़ंत उरुग्वे के साथ होगी जबकि 2 दिसंबर को पुर्तगाल की टीम का मुकाबला दक्षिण कोरिया की टीम के साथ होगा। हर ग्रुप से टॉप पर रहने वाली दो टीमों को अगले दौर में एंट्री मिलेगी।

रोनाल्डो (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

क्लब फुटबॉल में 700 गोल दागने का कमाल

पुर्तगाल की टीम में रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) के प्रदर्शन पर सबकी निगाहें होंगी। 37 वर्षीय दिग्गज फुटबॉलर ने फुटबाल करियर की शुरुआत 20 साल पहले की थी। करियर की शुरुआत के दौरान रोनाल्डो स्पोर्टिंग लिस्बन क्लब (Sporting Lisbon Club) के साथ जुड़े थे। अपने 20 साल के करियर के दौरान रोनाल्डो स्पोर्टिंग लिस्बन के अलावा मैनचेस्टर यूनाइटेड (Manchester United), रियल मैड्रिड (Real Madrid) और युवेंतस क्लब (Juventus Club) की ओर से शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। रोनाल्डो के प्रदर्शन को उनके रिकॉर्ड के जरिए बखूबी समझा जा सकता है। वे अभी तक 944 मैचों के दौरान 700 गोल दाग चुके हैं।

रोनाल्डो ने पिछले महीने के दौरान यह बड़ी उपलब्धि (Cristiano Ronaldo Record) हासिल की थी। रोनाल्डो क्लब फुटबॉल में 700 गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी हैं। पिछले महीने इंग्लिश प्रीमियर लीग के एक मैच के दौरान एवरटन के खिलाफ गोल दाग कर उन्होंने यह बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उनके गोल की बदौलत ही उनके क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड को मैच में जीत हासिल हुई थी।

रियल मेड्रिड की ओर से दागे सबसे ज्यादा गोल

यदि रोनाल्डो के करियर (Cristiano Ronaldo Career) को देखा जाए तो उन्होंने अपने पहले क्लब स्पोर्टिंग लिस्बन की ओर से पांच गोल दागे थे। स्पोर्टिंग लिस्बन टीम का उन्होंने सिर्फ एक सीजन में प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद ही उन्हें मैनचेस्टर यूनाइटेड ने अपनी टीम में शामिल कर लिया था। मैनचेस्टर यूनाइटेड की ओर से पहले और दूसरे फेज में मिलाकर उन्होंने कुल 144 गोल दागने में कामयाबी हासिल की।

रोनाल्डो ने लंबे समय तक की स्पेनिश क्लब रियल मैड्रिड का प्रतिनिधित्व किया। रियल मेड्रिड की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और कुल मिलाकर 450 गोल दागे। रोनाल्डो रियल मैड्रिड के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर हैं। रियल मैड्रिड के बाद वे इटैलियन फुटबॉल क्लब युवेंतस से जुड़े। इस क्लब के लिए खेलते हुए भी उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है और वे अभी तक 101 गोल दाग चुके हैं।

पुर्तगाल के लिए कर चुके हैं 117 गोल

अपना क्लब फुटबॉल करियर के दौरान रोनाल्डो ने हैट्रिक जमाने में भी कमाल का प्रदर्शन किया है। क्लब फुटबॉल करियर के दौरान वे 50 बार हैट्रिक जमाने में कामयाब रहे हैं। रोनाल्डो ने 700 में से 129 गोल पेनल्टी के जरिए दागे हैं। चैंपियंस लीग में भी रोनाल्डो ने टॉप स्कोरर का तमगा हासिल कर रखा है। चैंपियंस लीग के 183 मैचों में वे 140 गोल दागने का कमाल दिखा चुका है।

जहां तक अंतरराष्ट्रीय मैचों में गोल दागने का सवाल है तो इस मामले में भी रोनाल्डो सबसे आगे हैं। उन्होंने पुर्तगाल के लिए 189 मैच खेलते हुए 117 इंटरनेशनल गोल दागे हैं। रोनाल्डो की उम्र 37 साल हो चुकी है मगर उनका अभी संन्यास लेने का इरादा नहीं है। वे 2024 में खेले जाने वाले यूरो कप तक अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं।

रोनाल्डो (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

रोनाल्डो की कमाई सुन उड़ जाएंगे होश (Cristiano Ronaldo Income)

क्रिस्टियानो रोनाल्डो गत फरवरी महीने में दुनिया के पहले ऐसे सेलिब्रिटी बने थे जिनके इंस्टाग्राम पर फॉलोवर्स की संख्या 40 करोड़ को पार कर गई थी। इससे समझा जा सकता है कि रोनाल्डो वैश्विक स्तर पर कितने मशहूर और लोकप्रिय हैं। इस संबंध में दिलचस्प बात यह है कि. दिसंबर 2020 में क्रिस्टियानो रोनाल्डो के 20 करोड़ फॉलोवर्स हुए थे और वे सोशल मीडिया पर यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले इंसान थे।

इसका मतलब है कि महज दो सालों में रोनाल्डो के फॉलोवर्स की तादाद दोगुना बढ़ गई। अब तो यह संख्या 45 करोड़ को पार कर चुकी है। इंस्टाग्राम पर इतने ज्यादा फॉलोवर्स होने के कारण रोनाल्डो की कमाई में भी भारी इजाफा हुआ है। रोनाल्डो को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए करीब 19 करोड़ रुपए की कमाई होती है। पिछले साल रोनाल्डो सबसे ज्यादा भुगतान पाने वाले खिलाड़ियों में तीसरे नंबर पर थे।

रोनाल्डो की सालाना कमाई साल 2022 में 700 करोड़ से भी ज्यादा है। यदि रोनाल्डो की कुल संपत्ति (Cristiano Ronaldo Net Worth 2022) की बात की जाए तो साल 2022 की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, रोनाल्डो की कुल संपत्ति करीब 490 मिलियन डॉलर (3610 करोड़) के करीब है।

इस बार पुर्तगाल को ढेर सारी उम्मीदें

कतर में खेले जा रहे फीफा विश्व कप में कई दिग्गज फुटबॉलर अपने-अपने देशों की ओर से प्रदर्शन करते नजर आएंगे। जिन टीमों को इस बार खिताब का दावेदार माना जा रहा है, उनमें पुर्तगाल की टीम भी शामिल है। पुर्तगाल ने अभी तक फीफा विश्व कप नहीं जीता है। ऐसे में यह देखने वाली बात होगी कि इस बार रोनाल्डो अपने टीम को विश्व कप जिताने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं।

Shreya

Shreya

Next Story