×

IND vs SL ICC World Cup 2023: भारत ने धमाकेदार बल्लेबाजी के दम पर खड़ा किया 357 रन का विशाल स्कोर, विराट-गिल शतक से चूके, अय्यर की तूफानी पारी

IND vs SL ICC World Cup 2023: भारत और श्रीलंका के बीच आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के तहत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 33वां मैच खेला जा रहा है।

Kalpesh Kalal
Published on: 2 Nov 2023 12:50 PM GMT
Virat Kohli & Shubhman Gill
X

IND vs SL (Source_Twitter)

IND vs SL ICC World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में खतरनाक फॉर्म में चल रही मेजबान टीम इंडिया का गुरुवार को श्रीलंका से सामना हो रहा है। श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर और विराट कोहली की बेहतरीन पारियों के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 357 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है।

भारत की तूफानी बल्लेबाजी के आगे ढेर हुए लंकाई गेंदबाज

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वर्ल्ड कप के 33वें मैच में भारतीय टीम ने जबरदस्त बल्लेबाजी की। भारत ने भले ही रोहित शर्मा का विकेट जल्दी खो दिया लेकिन इसके बाद विराट कोहली के 88 रन, शुभमन गिल के 92 रन और श्रेयस अय्यर के तूफानी अंदाज में खेली गई 86 रनों की पारी की मदद से भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 357 रनों का स्कोर खड़ा किया है। जिसके बाद अब लंका को 358 रनों का टारगेट दिया है।


IND vs SL ICC World Cup 2023: India scored a huge score of 357 runs

रोहित रहे नाकाम, विराट-गिल ने पारी को संभाला

श्रीलंका के कप्तान कुसल मेंडिस ने यहां पर टॉस जीता और सिक्का अपने पाले में गिरते ही उन्होंने फील्डिंग करने का फैसला किया। जिसके बाद भारतीय टीम बैटिंग के लिए उतरी। फॉर्म में चल रहे रोहित शर्मा ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया और अपने इरादें स्पष्ट किए। लेकिन दिलशान मधुशंका ने दूसरी ही गेंद पर हिटमैन को बोल्ड कर बड़ी मछली फंसा दी। श्रीलंका इस शुरुआत से काफी खुश थी, लेकिन इसके बाद विराट कोहली और शुभमन गिल ने उनकी खुशी को काफूर कर दिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने भारत को पहला विकेट सस्ते में आउट होने का कोई प्रभाव नहीं पड़ने दिया और शानदार बल्लेबाजी की।

विराट-गिल दोनों चूके शतक से, मधुशंका ने दोनों को भेजा पैवेलियन

भारतीय टीम के लिए विराट कोहली और शुभमन गिल की जोड़ी ऐसी जम गई कि इनके रहते लगातार रनों की रफ्तार बनी रही। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच रनों की होड़ देखने को मिली, जहां पहले विराट कोहली ने 50 गेंदों में अपनी फिप्टी पूरी की। भारत ने भी अपना 100 रन का आंकड़ा पार किया। कुछ ही देर बाद शुभमन गिल ने भी 55 गेंद में फिफ्टी बना डाली। दोनों बल्लेबाज मजबूती से जम गए और लंकाई गेंदबाजी की खूब पिटाई की। देखते ही देखते दोनों बल्लेबाजों ने 150 गेंद में 150 रन की पार्टनरशिप कर दी। इसके बाद लगने लगा कि विराट और गिल अपनी सेंचुरी पूरी करेंगे, लेकिन तभी दिलशान मशुशंका फिर से अटैक पर आए और उन्होंने पहले तो 92 के निजी स्कोर पर शुभमन गिल को कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। गिल ने अपनी पारी के दौरान 92 गेंद पर 11 चौके और 2 छक्के जड़े। भारत को 193 रन पर दूसरा झटका लगा व 189 रन की मैराथन साझेदारी टूटी। इसके बाद मधुशंका ने अपने अगले ही ओवर में विराट कोहली को भी शतक से वंचित कर दिया। जिन्होंने कोहली की 94 गेंद में 11 चौके से सजी 88 रन की पारी पर ब्रेक लगाया।

सूर्या और राहुल नहीं दिखा सके दम

भारतीय टीम को 196 के स्कोर पर तीसरा झटका लगने के बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल से आस थी। राहुल और अय्यर ने टीम इंडिया के स्कोर को आगे बढ़ाते हुए 250 के पार पहुंचा दिया। लेकिन फिर 40वें ओवर में चमीरा ने राहुल की 21 रन की पारी को खत्म करते हुए इंडिया को 254 रन पर चौथा झटका दिया। दोनों ही बल्लेबाजों के बीच 60 रन की अहम साझेदारी हुई। इसके बाद सूर्यकुमार यादव से इस बैटिंग विकेट पर अच्छी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वो कुछ खास नहीं कर पाए और मधुशंका ने उन्हें 12 के निजी स्कोर पर चलता किया।

अय्यर की तूफानी पारी की मदद से भारत ने खड़ा किया 357 रन का स्कोर

भारत की आधी पारी 276 रन पर पैवेलियन लौट गई। एक छोर से श्रेयस अय्यर बहुत ही अच्छी लय मे दिखे, जिन्होंने केवल 36 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर दी। अय्यर यहां पर पिछली कुछ पारियों की नाकामी की खुन्नस खाते हुए दिखे और बहुत ही तूफानी अंदाज में 6 छक्कों और 3 चौको की मदद से 56 गेंद में 86 रन बनाकर मधुशंका का शिकार बने। भारत को 48वें ओवर में 333 रन पर छठा झटका लगा। आखिर में रवीन्द्र जडेजा के 35 रन की मदद से भारत ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 357 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। श्रीलंका के लिए दिलशान मधुशंका ने 80 रन खर्च कर 5 विकेट झटके।

Kalpesh Kalal

Kalpesh Kalal

क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर

जुनून की हद तक क्रिकेट से लगाव।वीरेंद्र सहवाग प्रिय क्रिकेटर।बारह साल की उम्र से क्रिकेट पर लिखना पढ़ना शुरू। 2011 में खेल पत्रकारिता की पारी शुरू।बीते करीब 5 साल से क्रिकेट कंटेंट राइटर ।

Next Story