TRENDING TAGS :
ईडन गार्डन्स में टीम इंडिया का शर्मनाक सरेंडर! 93 रनों पर सिमटी पारी, 30 रनों से हारी भारत
India vs South Africa Test: पहले टेस्ट में भारत और दक्षिण अफ्रीका का मुकाबला रोमांचक रहा। भारत की दूसरी पारी सिर्फ 93 रन पर ऑलआउट, जबकि साउथ अफ्रीका ने 30 रनों से जीत दर्ज की। जडेजा और सिराज ने भी असरदार गेंदबाजी की।
India vs South Africa Test: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया। यह मैच रोमांचक होने के बावजूद टीम इंडिया के लिए निराशाजनक रहा। दक्षिण अफ्रीका ने 30 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारत की दूसरी पारी सिर्फ 93 रनों पर सिमट गई और यही हार की सबसे बड़ी वजह बनी। अगर गेंदबाजी की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर मुकाबले के सबसे बड़े हीरो साबित हुए। उन्होंने मैच में कुल 8 विकेट झटके और भारतीय बल्लेबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। सीरीज का दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।
मुकाबले की शुरुआत टॉस से हुई, जहां दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी टीम पहली पारी में 159 रन ही बना पाई। इस स्कोर को जवाब देते हुए भारत ने अपनी पहली पारी में 189 रन जोड़े और 30 रनों की बढ़त हासिल की। शुरुआती बढ़त मजबूत थी, लेकिन दूसरी पारी में भारतीय टीम पूरी तरह बिखर गई। रनचेज के दौरान भारत की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि केएल राहुल सिर्फ 1 रन बनाकर चलते बने। मार्को जानसेन ने दोनों को सस्ते में पवेलियन भेज दिया।
इसके बाद ध्रुव जुरेल ने कुछ रन बनाए, लेकिन वह भी टी20 अंदाज में बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में हार्मर के हाथों कैच आउट हो गए। टीम के स्टैंड-इन कप्तान ऋषभ पंत भी विकेट पर ज्यादा देर टिक नहीं पाए और केवल 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा ने थोड़ी देर संघर्ष जरूर किया, लेकिन वह भी हार्मर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। भारत की बल्लेबाजी लाइनअप लगातार गिरती गई और पूरी टीम 93 रनों के बेहद मामूली स्कोर पर ढेर हो गई।दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका की हालत ऐसी रही
भारत के गेंदबाजों ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में भी जोरदार प्रदर्शन किया। 91 रन तक पहुँचते-पहुँचते अफ्रीका ने अपने 7 विकेट खो दिए थे। रवींद्र जडेजा ने अपनी फिरकी से अफ्रीकी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। उन्होंने एडेन मार्करम (4), वियान मुल्डर (11), टोनी डी जोरजी (2) और ट्रिस्टन स्टब्स (5) को आउट करके पारी का पूरा रुख बदल दिया। जडेजा का साथ कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने भी अच्छी तरह निभाया। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने मुश्किल हालात में जिम्मेदारी दिखाते हुए टिककर बल्लेबाजी की। दूसरे दिन के आखिरी समय में ही नहीं, तीसरे दिन भी उन्होंने धैर्य के साथ खेलते हुए टीम को संभाला। उन्होंने कॉर्बिन बॉश (25) के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए 44 रनों की अहम साझेदारी की। पारी के आखिरी दो विकेट मोहम्मद सिराज ने लिए। सिराज ने साइमन हार्मर (7) और केशव महाराज (0) को लगातार झटकों में आउट कर दिया। बावुमा ने 136 गेंदों पर नाबाद 55 रन बनाए और टीम को 153 के कुल स्कोर तक पहुँचाया। भारत की ओर से जडेजा सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने चार विकेट झटके।
साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी
साउथ अफ्रीका की दूसरी पारी में टीम 153 रन पर ऑलआउट हो गई। रयान रिकेल्टन 11 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। एडेन मार्करम सिर्फ 4 रन ही जोड़ पाए और ध्रुव जुरेल के हाथों कैच देकर जडेजा की गेंद पर लौट गए। वियान मुल्डर ने 11 रन बनाए और ऋषभ पंत को कैच देकर जडेजा का शिकार बने। कप्तान टेम्बा बावुमा ने सबसे जिम्मेदारी से खेलते हुए नाबाद 55 रन बनाए और टीम को संभाला। टोनी डी जोरजी (2 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (5 रन) भी जडेजा की फिरकी के सामने टिक नहीं पाए। काइल वेरेने 9 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हुए। मार्को जानसेन 13 रन बनाकर केएल राहुल को कैच थमाकर कुलदीप यादव का दूसरा शिकार बने। इसके बाद कॉर्बिन बॉश ने 25 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर विकेट खो दिया। अंतिम चरण में साइमन हार्मर 7 रन बनाकर सिराज द्वारा बोल्ड हुए और केशव महाराज बिना खाता खोले सिराज की ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। पूरी टीम 54 ओवर में 153 रन बनाकर पवेलियन लौट गई।


