×

IPL 2024 Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस की टीम का इतिहास, आईपीएल सफर और ऑनर सबकुछ एक नजर में

IPL 2024 Mumbai Indians History: आईपीएल के इतिहास में 5 बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस इस बार छठे खिताब पर नजरें बनाए हुए हैं। हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खेलेगी टीम

Kalpesh Kalal
Published on: 23 Feb 2024 9:39 AM GMT
IPL 2024 Mumbai Indians History
X
IPL 2024 Mumbai Indians History (Source_Social Media)

IPL 2024 Mumbai Indians History: विश्व क्रिकेट को अपनी चकाचौंध के आगोश में ले चुके इंडियन प्रीमियर लीग का रोमांच एक बार फिर से छाने वाला है। आईपीएल के 16 साल के सफर से कारवां इस बार आगे बढ़ता जा रहा है और यहां इस साल 17वां सीजन होने वाला है। इस मेगा टी20 लीग के इस साल होने वाले एडिशन की रणभेरी 22 मार्च को बजेगी, जिसके बाद करीब 2 महीनों तक पूरा क्रिकेट जगत आईपीएल के रंग में रंगा नजर आने वाला है। आईपीएल का शुरुआती शेड्यूल के सामने आने के बाद से ही अब फैंस से लेकर टीमें हर कोई तैयार नजर आ रहा है, जिनके नजरें 22 मार्च पर मछली की आंख की तरह जा टिकी हैं।

मुंबई इंडियंस की टीम है छठा खिताब जीतने को तैयार

इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफलतम टीमों से एक मुंबई इंडियंस की टीम इस बार फिर से दुनिया हिलाने को तैयार है। ब्ल्यू आर्मी इस बार नए कप्तान के साथ उतरेगी। जहां इस टीम को सबसे बेहतरीन कप्तान रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाया गया है। गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड करने के बाद हार्दिक को टीम का नेतृत्व सौंप दिया है। अब 5 बार की चैंपियन ये टीम छठी बार खिताब जीतने के लिए अपना सबकुछ झोंकनें को तैयार हैं। मुंबई इंडियंस की टीम अपने अभियान की शुरुआत 24 मार्च को अहमदाबाद से करेगी, जहां हार्दिक पंड्या अपनी पिछली टीम गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलने के लिए उतरेंगे।

साल 2013 में रोहित की कप्तानी में जीता था पहला आईपीएल खिताब

मुंबई इंडियंस की टीम आईपीएल के इतिहास की सबसे बेहतरीन टीमों में शुमार रही हैं। साल 2008 में शुरु हुए आईपीएल के बाद इस टीम को शुरुआत के 5 साल तक कामयाबी नहीं मिल सकी। टीम के लिए सचिन तेंदुलकर से लेकर हरभजन सिंह और रिकी पोंटिंग ने कमाल संभाली, इसके बाद 2013 के सीजन के बीच में ही रोहित शर्मा को कप्तानी दी गई। रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान पहले ही सीजन में टीम की झोली में चमचमाता खिताब डाल दिया। मुंबई इंडियंस को 5 साल के इंतजार के बाद आईपीएल खिताब जीतने में कामयाबी मिली।

अब तक जीत चुके हैं 5 खिताब

आईपीएल में 2013 के सत्र में पहला खिताब जीतने के बाद तो मुंबई इंडियंस की गाड़ी सरपट दौड़ पड़ी। इसके बाद तो हिटमैन की कमान में ये टीम हर साल लगातार अलग ही नजर आने लगी। इसके बाद मुंबई इंडियंस ने 2015 , 2017 में खिताब जीतकर चैंपियन बनने की हैट्रिक पूरी की। इसके बाद भी टीम का जलवा जारी रहा और मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में लगातार 2 टूर्नामेंट अपने नाम कर खिताबी पंजा पूरा किया। ये सभी टाइटल टीम को रोहित शर्मा की कप्तानी में ही मिले।

आईपीएल की सबसे सफलतम टीमों में से एक है मुंबई इंडियंस

मुंबई इंडियंस की टीम को पिछले 3 साल से खास कामयाबी नहीं मिली है। लेकिन ये टीम इस मेगा टी20 लीग की सबसे सफलतम टीमों में से एक है। इस टीम ने 2008 से अपने सफर की शुरुआत की और 2023 तक 16 सालों में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। इस टीम ने 247 मैच अब तक खेले हैं, जिसमें उन्होंने 138 मैचों में जीत हासिल की है, तो वहीं 105 मैच गंवाएं हैं। इसके अलावा 4 मैच टाई रहे जिसमें 2 में जीत मिली, तो 2 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस का विनिंग परसेंटेज 55.87 का रहा है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के स्वामित्व में खेलती है मुंबई इंडियंस

अब बात आती है मुंबई इंडियंस के मालिकाना हक की... तो ये टीम भारत के सबसे बड़े उद्घोगपति मुकेश अंबानी की टीम है। इनकी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के बैनर तले खेलने वाली मुंबई इंडियंस की टीम की स्थापना 2008 में हुई। टीम के ऑनर के रूप में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी है, तो साथ ही उनका बेटा आकाश अंबानी है। इस टीम की ब्रांड वेल्यू 106 मिलियन डॉलर है।

Kalpesh Kalal

Kalpesh Kalal

क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर

जुनून की हद तक क्रिकेट से लगाव।वीरेंद्र सहवाग प्रिय क्रिकेटर।बारह साल की उम्र से क्रिकेट पर लिखना पढ़ना शुरू। 2011 में खेल पत्रकारिता की पारी शुरू।बीते करीब 5 साल से क्रिकेट कंटेंट राइटर ।

Next Story