×

IPL 2024: रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक को क्यों बनाया कप्तान, मुंबई इंडियंस के कोच ने कर दिया खुलासा

IPL 2024: रोहित शर्मा को मुंबई इंडियंस ने कप्तानी से हटा दिया है। हार्दिक पंड्या को गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड करने के बाद टीम की कमान सौंपी

Kalpesh Kalal
Published on: 6 Feb 2024 6:29 AM GMT
Hardik Pandya-Rohit Sharma
X

IPL 2024 (Source_Social Media)

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग के सबसे सफलतम कप्तान रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस को 5 खिताब दिलाए। हिटमैन ने अपनी कप्तानी से काफी प्रभावशाली प्रदर्शन किया और वो पिछले 11 सीजन से ब्ल्यू आर्मी की कमान संभाल रहे थे, लेकिन इस बार रोहित शर्मा नहीं बल्कि उनकी जगह पर हार्दिक पंड्या टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड किया है और ट्रेडिंग के बाद उन्होंने टीम का कप्तान भी बना दिया।

रोहित को हटाकर मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को बनाया है कप्तान

रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाना और उनकी जगह पर हार्दिक पंड्या को कप्तानी सौंपनें का फैसला हर किसी को हैरान कर रहा है। बड़े-बड़े क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी अभी तक रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने की वजह समझ नहीं पा रहे हैं। तो वहीं फैंस भी मुंबई इंडियंस के इस फैसले से इतने ज्यादा खफा है कि उन्होंने इस टीम को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करना तक शुरू कर दिया। इससे साफ है कि फैंस रोहित शर्मा की वजह से मुंबई इंडियंस को पसंद करते थे।

रोहित की जगह हार्दिक को कप्तान बनाने को लेकर कोच बाउचर का खुलासा

हार्दिक पंड्या को ट्रेड करना, रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाना और उनकी जगह पर आईपीएल ऑक्शन होने के ठीक 5 दिन पहले हार्दिक को कप्तानी देने का फैसला करना ये तमाम घटनाक्रम बहुत ही नाटकीय रहा। जिसे लेकर फैंस की नाराजगी अभी तक भी देखी जा सकती है। इसी बीच मुंबई इंडियंस के हेड कोच मार्क बाउचर ने इस मामले को लेकर अपनी बात रखी है। मार्क बाउचर ने बताया कि क्यों हार्दिक को कप्तानी सौंपी गई और रोहित का इस बार क्या रोल रहने वाला है।

बाउचर ने कहा- हार्दिक पंड्या को कप्तानी देने क्रिकेटिंग फैसला

मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच मार्क बाउचर ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा कि, ''मुझे लगता है कि यह पूरी तरह से क्रिकेट को लेकर फैसला था। हमने हार्दिक को एक खिलाड़ी के रूप में वापस लाने के लिए विंडो पीरियड देखा। मेरे लिए यह एक बदलाव का चरण है। भारत में बहुत से लोग समझ नहीं पाते हैं। लोग काफी भावुक हो जाते हैं, लेकिन आप जानते हैं आप इससे भावनाओं को दूर ले जाते हैं। मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक क्रिकेट से जुड़ा निर्णय है जो लिया गया था। मुझे लगता है कि यह एक व्यक्ति और एक खिलाड़ी के रूप में रोहित का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लाएगा।"

रोहित शर्मा एक बहुत शानदार इंसान- मार्क बाउचर

इसके बाद पूर्व दक्षिण अफ्रीकी विकेटकीपर बल्लेबाज ने आगे कहा कि, ''एक बात जो मैंने रोहित के साथ समझी वह यह है कि वह एक शानदार इंसान है। मेरा मतलब है कि वह लंबे समय से कप्तानी कर रहे हैं और उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। अब वह भारत का भी नेतृत्व करते हैं। बात यह है कि वह बहुत व्यस्त हैं और पिछले कुछ सीजन में उसने बल्ले से शायद सबसे अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन एक कप्तान के रूप में उसने अच्छा प्रदर्शन किया है।"

Kalpesh Kalal

Kalpesh Kalal

क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर

जुनून की हद तक क्रिकेट से लगाव।वीरेंद्र सहवाग प्रिय क्रिकेटर।बारह साल की उम्र से क्रिकेट पर लिखना पढ़ना शुरू। 2011 में खेल पत्रकारिता की पारी शुरू।बीते करीब 5 साल से क्रिकेट कंटेंट राइटर ।

Next Story