×

IPL 2017 : तीसरी बार मुंबई बना चैंपियन , पुणे को एक रन से हराकर जीती ट्रॉफी

Rishi
Published on: 21 May 2017 2:14 PM GMT
IPL 2017 : तीसरी बार मुंबई बना चैंपियन , पुणे को एक रन से हराकर जीती ट्रॉफी
X

हैदराबाद :मुंबई इंडियंस टीम ने सांस रोक देने वाले मुकाबले में जीत हासिल करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें सीजन का खिताब जीत लिया है। यह मुंबई की तीसरी खिताबी जीत है। रोहित शर्मा की कप्तानी में रविवार को राजीव गांधी स्टेडियम में दो बार के चैम्पियन मुम्बई ने राइजिंग पुणे सुपरजाएंट टीम को एक रन से हराते हुए 10वें सीजन का खिताब जीता।

मुंबई ने पहले खेलते हुए पुणे के सामने 130 रनों का लक्ष्य रखा। अजिंक्य रहाणे (44) और कप्तान स्मिथ (51) की उम्दा पारियों के बावजूद पुणे की टीम 20 ओवरों में 6 विकेट पर 128 रन ही बना सकी।

- मुंबई की ओर से मिशेल जॉनसन ने तीन सफलता हासिल की जबकि जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिले।

-जॉनसन ने अंतिम ओवर में दो सफलता हासिल की।

-इसमें कप्तान स्मिथ का भी विकेट शामिल है, जो काफी हद तक पुणे को जीत दिलाने की स्थिति में दिखाई दे रहे थे।

अच्छी नहीं थी पुणे की शुरुआत

- पुणे की शुरुआत अच्छी नहीं थी। उसने अपने युवा स्टार राहुल त्रिपाठी (3) का विकेट 17 के ही कुल योग पर गंवा दिया था।

- इसके बाद रहाणे और स्मिथ ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़ते हुए पुणे को जीत की ओर अग्रसर किया लेकिन 71 के कुल योग पर रहाणे के आउट होते ही मानो बदकिस्मती ने पुणे को घेर लिया।

- उसने 98 के कुल योग पर महेंद्र सिंह धोनी (10) का विकेट गंवाया।

-इसके बाद स्मिथ ने मनोज तिवारी (7) के साथ टीम को जीत तक ले जाने का प्रयास किया लेकिन तिवारी 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए।

क्रिस्टीयन अंतिम गेंद पर रन आउट हुए। इस तरह मुम्बई ने यह मैच एक रन से अपने नाम किया। क्रूनाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

आगे की स्लाइड में पढ़ें पूरी खबर ...

इससे पहले, पुणे ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत मुम्बई इंडियंस को आठ विकेट पर 129 रनों पर सीमित कर दिया। मुम्बई की ओर से क्रूनाल पांड््या ने सबसे अधिक 47 रन बनाए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का मुम्बई का फैसला सही नहीं रहा। उसने मात्र आठ रन के कुल योग पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों लेंडल सिमंस (3) और पार्थिव पटेल (4) के विकेट गंवा दिए। इन दोनों को जयदेव उनादकट ने आउट किया।

इसके बाद अंबाती रायडू (12) और कप्तान रोहित शर्मा (24) ने तीसरे विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। स्कोर 41 रनों तक पहुंचा था कि कप्तान स्टीवन स्मिथ ने रायडू को रन आउट कर मुम्बई को तीसरा झटका दिया।

रोहित 56 के कुल योग पर आउट हुए। रोहित ने 22 गेंदों पर चार चौके लगाए। उन्हें एडम जाम्पा ने आउट किया। केरन पोलार्ड (7) और हार्दिक पांड्या (10) भी कुछ खास नहीं कर सके और क्रमश: 65 तथा 78 के कुल योग पर आउट हुए।

पिछले मैच में मुम्बई के हीरो रहे कर्ण शर्मा (1) को 79 के कुल योग पर डेनियल क्रिस्टीयन और शार्दुल ठाकुर ने सहभागिता से रन आउट किया।

इसके बाद हालांकि क्रूनाल और मिशेल जानसन (नाबाद 13) ने पारी को सम्भालते हुए आठवें विकेट के लिए 50 रन जोड़े। क्रूनाल ने 38 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्के लगाए। जानसन ने 13 गेंदों पर एक छक्का लगाया। पांड्या का विकेट 129 के कुल योग पर गिरा।

पुणे की ओर से उनादकट, क्रिस्टीयन और जाम्पा ने दो-दो विकेट लिए। दो खिलाड़ी रन आउट हुए।

मुंबई की टीम ने फाइनल में अब तक का सबसे कम स्कोर बनाया लेकिन वह इस स्कोर को बचाने में सफल रही। इससे पहले 2009 के फाइनल में डेक्कन चार्जर्स ने फाइनल में 143 रन बनाए थे और फिर अच्छी गेंदबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह रनों से हराया था।

ये भी देखें : फाइनल भिडंत IPL 10: तीसरे खिताब में RPS बन सकती है MI की राह में रोड़ा

टीमें :

मुंबई इंडियंस : रोहित शर्मा (कप्तान), पार्थिव पटेल, लेंडल सिमंस, अंबाती रायडू (विकेटकीपर), केरन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, कर्ण शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मिशेल जॉनसन और लसिथ मलिंगा।

राइजिंग पुणे सुपरजाएंट : स्टीवन स्मिथ (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, अजिंक्य रहाणे, ल्यूक फग्र्यूसन, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), मनोज तिवारी, डेनियल क्रिस्टियन, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जयदेव उनादकट और एडम जाम्पा।

Rishi

Rishi

आशीष शर्मा ऋषि वेब और न्यूज चैनल के मंझे हुए पत्रकार हैं। आशीष को 13 साल का अनुभव है। ऋषि ने टोटल टीवी से अपनी पत्रकारीय पारी की शुरुआत की। इसके बाद वे साधना टीवी, टीवी 100 जैसे टीवी संस्थानों में रहे। इसके बाद वे न्यूज़ पोर्टल पर्दाफाश, द न्यूज़ में स्टेट हेड के पद पर कार्यरत थे। निर्मल बाबा, राधे मां और गोपाल कांडा पर की गई इनकी स्टोरीज ने काफी चर्चा बटोरी। यूपी में बसपा सरकार के दौरान हुए पैकफेड, ओटी घोटाला को ब्रेक कर चुके हैं। अफ़्रीकी खूनी हीरों से जुडी बड़ी खबर भी आम आदमी के सामने लाए हैं। यूपी की जेलों में चलने वाले माफिया गिरोहों पर की गयी उनकी ख़बर को काफी सराहा गया। कापी एडिटिंग और रिपोर्टिंग में दक्ष ऋषि अपनी विशेष शैली के लिए जाने जाते हैं।

Next Story