×

MI vs KKR IPL Match Highlights: केकेआर ने मुंबई को 24 रनों से हराया, हार्दिक की टीम आईपीएल से हुई बाहर

IPL 2024 MI vs KKR IPL Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 51वां मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई में शुक्रवार (03 मई 2024) को खेला गया

Sachin Hari Legha
Published on: 3 May 2024 6:59 PM GMT
MI vs KKR IPL Match Highlights
X

MI vs KKR IPL Match Highlights (Photo. IPL/BCCI)

MI vs KKR IPL Match Highlights: इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 51वां मैच मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई में स्थित वानखेड़े स्टेडियम में शुक्रवार (03 मई 2024) को खेला गया। मुंबई इंडियंस की ओर से भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई। जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से कप्तानी का बोझ श्रेयस अय्यर के कंधों पर था। टॉस का सिक्का मुंबई इंडियंस के खेमे में गिरा। लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने 12 साल बाद मुंबई इंडियंस को मुंबई में किसी आईपीएल मैच में हराया।

MI vs KKR मैच का हाल

आपको बताते चलें कि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही भी साबित हुआ, क्योंकि केकेआर की टीम ने मात्र 57 रनों के स्कोर तक ही अपने 5 अहम विकेट खो दिए। हालांकि इस बीच वेंकटेश अय्यर ने टीम की पारी को एक छोर से संभाल कर रखा। वहीं मनीष पांडे ने भी छठे विकेट के लिए उनका साथ दिया। लेकिन वह भी 31 गेंद में 42 रन बनाकर आउट हो गए।

मनीष पांडे के आउट होने के बाद भी वेंकटेश अय्यर क्रीज पर डटे रहे। हालांकि उनका साथ देने के लिए किसी भी बल्लेबाज ने कोई खास योगदान नहीं दिया। आखरी समय में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर वेंकटेश अय्यर भी 52 गेंद में 70 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। लिहाजा कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ 19.5 ओवर में 169 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए, वहीं नुवान तुषारा को भी 3 सफलताएं मिली।

यहां से मुंबई इंडियंस की टीम को 170 रनों का टारगेट मिला। लेकिन यह लक्ष्य टीम के लिए किसी पहाड़ से कम भी नजर नहीं आ रहा था। क्योंकि रोहित शर्मा और ईशान किशन दोनों ही जल्दी ही वापस लौट गए। इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने मुंबई की उम्मीदों को जरूर जीवित रखा। लेकिन उनका साथ देने के लिए कोई भी खिलाड़ी सामने नहीं आया। मैच में हार्दिक पांड्या भी बतौर बल्लेबाज फ्लॉप साबित हुए।

लिहाजा मुंबई इंडियंस धीरे-धीरे हार के करीब बढ़ती गई। डेथ ओवरों के दौरान सूर्यकुमार यादव भी 35 गेंद में 56 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद टिम डेविड भी 20 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो गए। धीरे-धीरे मुंबई इंडियंस की टीम भी 18.5 ओवर तक 145 के मामूली स्कोर पर ऑल आउट हो गई। केकेआर की ओर से मिचेल स्टार्क ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए और टीम की जीत को सुनिश्चित किया। इसी जीत के साथ मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 से बाहर होने वाली सबसे पहली टीम बनी और कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2013 के बाद से पहली बार मुंबई को मुंबई की धरती पर हराया।

Sachin Hari Legha

Sachin Hari Legha

Sports Editor

सचिन हरि लेघा। न्यूज़ ट्रैक में स्पोर्ट्स एडिटर पद की ज़िम्मेदारी। स्पोर्ट्स में क्रिकेट पर दक्षता। राजनीति व मनोरंजन से जुड़ी खबरों पर भी सम्पूर्ण दृष्टि।

Next Story