×

MS Dhoni Birthday: हमेशा चर्चा में रही धोनी की हेयर स्टाइल, पाक दौरे के समय मुशर्रफ भी हो गए थे दीवाने

MS Dhoni Birthday: करोड़ों फैंस के साथ ही पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भी धोनी की हेयर स्टाइल के दीवाने थे।‌ टीम इंडिया की मुशर्रफ से मुलाकात के दौरान तत्कालीन पाक राष्ट्रपति ने धोनी से बाल के बारे में सवाल भी पूछा था।

Anshuman Tiwari
Published on: 7 July 2023 4:33 AM GMT
MS Dhoni Birthday: हमेशा चर्चा में रही धोनी की हेयर स्टाइल, पाक दौरे के समय मुशर्रफ भी हो गए थे दीवाने
X
MS Dhoni (photo: social media )

MS Dhoni Birthday: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी क्रिकेट फैंस के बीच काफी लोकप्रिय बने हुए हैं। 7 जुलाई 1981 को रांची में पैदा होने वाले धोनी आज अपना 42वां जन्मदिन मना रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल में अपना जलवा दिखाते रहे हैं। आईपीएल 2023 के दौरान धोनी ने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को विजयी बनाया था। धोनी की कप्तानी में चेन्नई की टीम पांचवीं बार आईपीएल चैंपियन बनने में कामयाब हुई थी।

क्रिकेट फैंस और मीडिया के बीच धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट और उनके बाल हमेशा चर्चा का विषय बने रहे। अपनी हेयर स्टाइल से वे हमेशा अपने फैंस को चौकाते रहे हैं। समय-समय पर उनकी हेयर स्टाइल में काफी बदलाव आता रहा और उनकी हेयर स्टाइल ने खूब चर्चा बटोरी।

शुरुआत में धोनी के काफी लंबे थे बाल

बिल्कुल ठंडे दिमाग से कप्तानी करने वाले धोनी को कैप्टन कूल के रूप में भी खूब प्रसिद्धि मिली। टीम इंडिया के लिए उन्होंने 2004 में खेलना शुरू किया था और उस समय धोनी के बाद काफी लंबे थे। धोनी ने 2004 में सौरव गांगुली की अगुवाई में टीम इंडिया के लिए खेलना शुरू किया था। उस समय धोनी अपने शानदार खेल के साथ ही एक और चीज के लिए खूब चर्चा में थे और वह थी उनकी हेयर स्टाइल। बाद के दिनों में भी धोनी की हेयर स्टाइल में हमेशा चर्चा का विषय बनी रही।

धोनी की हेयर स्टाइल के मुशर्रफ भी दीवाने

करोड़ों फैंस के साथ ही पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भी धोनी की हेयर स्टाइल के दीवाने थे।‌ टीम इंडिया की मुशर्रफ से मुलाकात के दौरान तत्कालीन पाक राष्ट्रपति ने धोनी से बाल के बारे में सवाल भी पूछा था। उस समय यह खबर मीडिया की सुर्खियां बनी थी।

2006 में लाहौर में खेले गए एक मुकाबले के बाद मुशर्रफ की धोनी से मुलाकात हुई थी। पाकिस्तान टीम के खिलाफ इस मैच के दौरान धोनी ने शानदार बल्लेबाजी की थी और 42 गेंदों पर 72 रन बना डाले थे। धोनी की शानदार पारी की बदौलत टीम इंडिया जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान मुशर्रफ और धोनी का आमना-सामना हुआ था।

धोनी को पुरस्कार देने के बाद मुशर्रफ ने उनके बालों की जमकर तारीफ की थी। मुशर्रफ ने धोनी से कहा था कि मैच के दौरान मैंने मैदान में कई प्ले कार्ड देखे जिसमें धोनी को बाल कटाने की सलाह दी गई थी मगर मेरा मानना है कि उन्हें बाल नहीं कटाने चाहिए। मुशर्रफ ने धोनी से कहा था कि आप मेरी राय मानो तो बाल मत कटाओ क्योंकि आप बड़े बालों में ज्यादा अच्छे लगते हो।

जॉन अब्राहम को देखकर लंबे बाल रखे

2011 में विश्व कप जीतने के बाद माही ने अपनी खूबसूरत बाल कटवाकर हर किसी को हैरत में डाल दिया था। हर किसी की दिलचस्पी इस बात को जानने में थी कि आखिर धोनी ने अपने लंबे बाल क्यों कटवा दिए। धोनी ने एक बार इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि उन्हें बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम काफी पसंद है और उनकी हेयर स्टाइल देख कर ही उन्होंने अपने लंबे बाल रखे थे। बहुत कम लोगों को इस बात की जानकारी है कि जॉन अब्राहम और बिपाशा बसु धोनी के काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। वैसे धोनी ने 2007 का आईसीसी टी 20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भी अपने लंबे बाल छोटे करा लिए थे।

काफी लोगों ने की हेयर स्टाइल की नकल

क्रिकेट खिलाड़ी आकाश चोपड़ा ने एक पुरानी याद के दौरान कहा था कि 2004 में भारतीय टीम जिंबाब्वे और केन्या के दौरे पर गई हुई थी। उस दौरान चोपड़ा और धोनी को एक ही रूम शेयर करना था। इस दौरान चोपड़ा ने धोनी को बाल कटवाने की सलाह दी थी। चोपड़ा का कहना था कि तुम बाल कटवा लो नहीं तो लोग तुम्हें गंभीरता से नहीं लेंगे।

इस पर धोनी का कहना था कि मैं बाल नहीं कटवाऊंगा और एक दिन ऐसा भी हो सकता है कि मुझे देखकर लाखों लोग लंबे बाल रखना शुरु कर दें। धोनी की कही बात आगे चलकर सही साबित हुई और उन्हें देखकर काफी लोगों ने लंबे बाल रखने शुरू कर दिए।

मन्नत पूरी होने पर कटवाए थे बाल

2011 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद धोनी ने अपना सिर मुंडवा लिया था। कहा जाता है कि उन्होंने यह मन्नत मांगी थी कि अगर टीम इंडिया विश्वकप जीत जाएगी तो वह अपने बाल मुंडवा लेंगे। हरभजन सिंह ने उस समय की घटना को याद करते हुए बताया था कि जीत के बाद जब हम सभी खिलाड़ी मैदान से ड्रेसिंग रूम में पहुंचे तो सभी ने जीत का जमकर जश्न मनाया।

इसी बीच धोनी कुछ देर के लिए उठकर बाहर चले गए और जब वापस लौटे तो उनके सिर पर बाल नहीं थे। उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उन्होंने मन्नत मांगी थी कि जीत के बाद वे अपने बाल मुंडवा लेंगे। आज भी धोनी समय-समय पर अपनी हेयर स्टाइल में काफी बदलाव करते रहते हैं। उनका हेयर स्टाइल पहले की तरह अब भी चर्चा का विषय बना रहता है।

Anshuman Tiwari

Anshuman Tiwari

Next Story