'इंडिया हाउस' भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं का प्रतीक : नीता अंबानी

Paris Olympics 2024 : रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता एम अंबानी ने पारंपरिक भारतीय तरीके से दीप प्रज्वलित करके इंडिया हाउस की शुरूआत की।

Network
Newstrack Network
Published on: 29 July 2024 11:00 AM GMT
इंडिया हाउस भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं का प्रतीक : नीता अंबानी
X

Paris Olympics 2024 : पेरिस ओलंपिक की शानदार शुरूआत के एक दिन बाद पेरिस में भारत के पहले कंट्री हाउस यानी इंडिया हाउस का उद्घाटन हुआ। रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता एम अंबानी ने पारंपरिक भारतीय तरीके से दीप प्रज्वलित करके इंडिया हाउस की शुरूआत की। उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के मेहमान, आईओसी अधिकारी और भारत की मशहूर हस्तियां शामिल थीं। उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में आईओसी समिति के सदस्य सेर मियांग एनजी, भारतीय ओलंपिक संघ की प्रेसिडेंट पी.टी. उषा, फ्रांस में भारत के राजदूत जावेद अशरफ, बीसीसीआई के जय शाह और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा शामिल रहे।

इस मौके पर आईओसी सदस्या नीता अंबानी ने ओलंपिक को भारत लाने की खुलकर वकालत की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक के इतिहास में पहली बार बने इंडिया-हाउस में आपका स्वागत है। आज हम 2024 के पेरिस ओलंपिक खेलों में एक नया सपना देख रहे हैं, एक ऐसा सपना जो 1.4 अरब भारतीयों का है। भारत को ओलंपिक में लाने का और ओलंपिक को भारत में लाने का, एक साझा सपना। अब समय आ गया है कि एथेंस में पहली बार जलाई गई ओलंपिक ज्योति हमारी प्राचीन भूमि भारत में भी प्रज्वलित हो। वह दिन दूर नहीं जब भारत ओलंपिक खेलों की मेजबानी करेगा। इंडिया हाउस के उद्घाटन पर यह हमारा सामूहिक संकल्प है।

इंडिया हाउस, भारत के लिए नई शुरुआत

इंडिया हाउस के महत्व पर नीता अंबानी ने कहा कि इंडिया हाउस को भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। हम आशा करते हैं कि हमारे एथलीटों के लिए यह घर से दूर एक घर बन जाए, एक ऐसी जगह जहां हम उनका सम्मान करें, उनके जज्बे को सलाम करें और उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाएं। इंडिया हाउस आखिरी मंजिल नहीं है, यह भारत के लिए एक नई शुरुआत है। इंडिया हाउस में हम दुनिया का स्वागत करते हैं, ताकि वे पेरिस के हृदय में भारत की सुंदरता, विविधता और समृद्ध विरासत का अनुभव कर सकें।

इंडिया हाउस के उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड गायक शान ने अपनी गायकी से समां बांध दिया। उनके बॉलीवुड गानों पर दर्शक खुल कर झूमे। आगंतुकों का स्वागत ढोल की थाप के साथ किया गया। इसके बाद मुंबई के दृष्टिहीन बच्चों ने पारंपरिक भारतीय खेल मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन किया। इंडिया हाउस पार्क ऑफ नेशंस में पार्क डे ला विलेट में स्थित है और 27 जुलाई से 11 अगस्त तक ओलंपिक खेलों के दौरान स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

Rajnish Verma

Rajnish Verma

Content Writer

वर्तमान में न्यूज ट्रैक के साथ सफर जारी है। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की। मैने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत इंडिया एलाइव मैगजीन के साथ की। इसके बाद अमृत प्रभात, कैनविज टाइम्स, श्री टाइम्स अखबार में कई साल अपनी सेवाएं दी। इसके बाद न्यूज टाइम्स वेब पोर्टल, पाक्षिक मैगजीन के साथ सफर जारी रहा। विद्या भारती प्रचार विभाग के लिए मीडिया कोआर्डीनेटर के रूप में लगभग तीन साल सेवाएं दीं। पत्रकारिता में लगभग 12 साल का अनुभव है। राजनीति, क्राइम, हेल्थ और समाज से जुड़े मुद्दों पर खास दिलचस्पी है।

Next Story