×

TRENDING TAGS :

Election Result 2024

Olympics : ओलंपिक खेल गांव में मिला कोरोना का पहला केस, आयोजन से पहले महामारी की दस्तक से हड़कंप

Olympics : टोक्यो ओलंपिक आयोजन कमेटी के प्रवक्ता ने खेल गांव में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman TiwariPublished By Shivani
Published on: 17 July 2021 6:10 AM GMT
Olympics
X

ओलंपिक (Concept Image Social Media)

Olympics : टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) की शुरुआत से पहले खेल गांव (Athletes Village First Coronavirus Case) में कोरोना का पहला मामला के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन को शुरू होने में अब सिर्फ छह दिन का समय बचा है मगर खेल गांव में कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद आयोजकों की चिंता बढ़ गई है।

खिलाड़ियों और विभिन्न देशों से आने वाले दलों को कोरोना से बचाने के लिए आयोजकों की ओर से काफी सतर्कता बरती जा रही है। कई स्तरों पर जांच पड़ताल के बावजूद खेल गांव में पहला केस सामने आने के बाद अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर जोर दिया जा रहा है।

सतर्कता के बावजूद मिला पहला केस

टोक्यो ओलंपिक आयोजन कमेटी के प्रवक्ता ने खेल गांव में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। कमेटी के प्रवक्ता मासा तकाया ने बताया कि स्क्रीनिंग टेस्ट के दौरान खेल गांव में एक व्यक्ति के संक्रमित होने का पता चला है। उन्होंने कहा कि खेल गांव में यह कोरोना का पहला मामला है। इसलिए अब और सतर्कता बरती जा रही है।


ओलंपिक खेलों के दौरान कोरोना को बढ़ने से रोकने के लिए जापान की ओर से पहले ही कोरोना आपातकाल की घोषणा की जा चुकी है। जापान सरकार ने हाल ही में ओलंपिक खेलों के समापन तक यह आपातकाल लगाने की घोषणा की थी। ओलंपिक खेलों का आयोजन 23 जुलाई से शुरू होकर 8 अगस्त तक चलेगा।

दर्शकों को नहीं मिलेगा प्रवेश (Olympics Without Audience)

आयोजन कमेटी ने इस बार विभिन्न आयोजन स्थलों पर दर्शकों को प्रवेश न देने का फैसला किया है। इसका मकसद खिलाड़ियों को कोरोना से बचाना और संक्रमण दर को बढ़ने से रोकना बताया जा रहा है।


पिछले साल पूरी दुनिया में फैली कोरोना महामारी के कारण टोक्यो ओलंपिक खेलों का आयोजन एक साल के लिए टाल दिया गया था। अब खेलों का यह महाकुंभ बिना दर्शकों के आयोजित किया जाने वाला है। इसमें विदेशी दर्शकों के साथ ही स्थानीय दर्शकों को भी प्रवेश नहीं मिल सकेगा।

90 सदस्यीय भारतीय दल आज रवाना होगा (90 Indian Players Join Olympics)

इस बीच टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए 90 सदस्यीय भारतीय दल आज टोक्यो के लिए रवाना होगा। पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल में शामिल खिलाड़ियों के साथ बातचीत करके उनका उत्साह बढ़ाया था। भारतीय दल में शामिल खिलाडी एयर इंडिया की चार्टर्ड फ्लाइट से टोक्यो रवाना होंगे।

आज रवाना होने वाले भारतीय दल में पुरुष और महिला हॉकी टीमों के अलावा जिमनास्ट, तीरंदाज, जूडो, बैडमिंटन और टेबल टेनिस के खिलाड़ी व कोच और सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। भारतीय खेल दल को खेल गांव में तीन दिनों तक एकांतवास में रहना होगा। हालांकि इस दौरान खिलाड़ियों को प्रैक्टिस की इजाजत दी जाएगी।

बजरंग के साथ मैरीकॉम होंगी भारतीय ध्वजवाहक (Olympics Indian Flagbearers )

इस बार के टोक्यो ओलंपिक में भारत का सबसे बड़ा दल हिस्सा लेगा। भारतीय दल में इस बार 122 खिलाड़ी शामिल होंगे। 90 खिलाड़ियों की आज टोक्यो रवानगी के बाद शेष खिलाड़ी बाद में टोक्यो के लिए उड़ान भरेंगे। भारतीय दल में सानिया मिर्जा और मैरीकॉम जैसी स्टार खिलाड़ी भी शामिल हैं।


38 वर्षीय मैरीकॉम अपने तीसरे और अंतिम ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेंगी। लंदन ओलंपिक में मैरीकॉम ने कांस्य पदक जीता था। मैरीकॉम टोक्यो में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में बजरंग पूनिया के साथ भारतीय ध्वजवाहक भी होंगी।

Shivani

Shivani

Next Story