×

SL vs PAK Highlights: आखिरी दो गेंदों पर पाक के हाथ से निकला मैच, श्रीलंका ने इस तरह पलटी बाजी, अब फाइनल भारत से

SL vs PAK Asia Cup 2023 Highlights: आखिरी दो गेंदों पर श्रीलंका को जीत हासिल करने के लिए 6 रनों की दरकार थी। जमाल खान के इस ओवर की पांचवीं गेंद पर असालंका ने चौका जड़ दिया और फिर आखिरी गेंद पर दो रन लेकर श्रीलंका को पाकिस्तान पर रोमांचक जीत दिला दी।

Anshuman Tiwari
Written By Anshuman Tiwari
Published on: 15 Sep 2023 2:51 AM GMT (Updated on: 15 Sep 2023 3:28 AM GMT)
SL vs PAK Asia Cup 2023
X

SL vs PAK Asia Cup 2023   (photo: social media)

SL vs PAK Asia Cup 2023 Highlights: कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में गुरुवार को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दिल की धड़कनें रोक देने वाला मुकाबला खेला गया। मैच में एक समय पाकिस्तान की जीत के कयास लगाए जाने लगे थे मगर चरिथ असालंका ने आखिरी दो गेंदों पर मैच का पासा पलट दिया। आखिरी दो गेंदों पर श्रीलंका को जीत हासिल करने के लिए 6 रनों की दरकार थी। जमाल खान के इस ओवर की पांचवीं गेंद पर असालंका ने चौका जड़ दिया और फिर आखिरी गेंद पर दो रन लेकर श्रीलंका को पाकिस्तान पर रोमांचक जीत दिला दी।

वर्षा से बाधित इस मैच में टॉस जीतने के बाद पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। मोहम्मद रिजवान की नाबाद 86 रनों की पारी की बदौलत पाकिस्तान ने निर्धारित 42 ओवर में 7 विकेट पर 252 रन बनाए थे। डीएलएस मेथड के तहत श्रीलंका को भी 252 रनों का ही टारगेट मिला था। श्रीलंका ने कुसल मेंडिस के 91 और चरिथ असालंका की 49 रनों की नाबाद पारी की बदौलत 8 विकेट पर टारगेट हासिल करते हुए दो विकेट से शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ पाकिस्तान का एशिया कप से सफर समाप्त हो गया। अब श्रीलंका की रविवार को भारत के साथ खिताबी मुकाबले में भिड़ंत होगी।

PAK VS SL, Super 4 Asia Cup 2023 Cricket Match: श्री लंका ने पाकिस्तान को दिया मात, फाइनल में भारत से करेगा मुकाबला

पाकिस्तान की ओर से रिजवान की शानदार पारी

कोलंबो में खेले गए अन्य मैचों की तरह इस मैच में भी बारिश ने खलल डाला। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बारिश के कारण मैच बाधित होने पर मैच को घटाकर 42 ओवरों का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने 7 विकेट पर 252 रन बनाए।

पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद रिजवान ने शानदार बैटिंग करते हुए 73 गेंद पर 86 रनों की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने छह चौके और दो छक्के जड़े। इफ्तिखार अहमद ने भी श्रीलंका के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए 40 गेंद में 47 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने चार चौके और दो छक्के जड़े। पाकिस्तान की ओर से ओपनिंग बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक ने भी 52 रनों की पारी खेलते हुए पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

श्रीलंका को मिला था 252 रनों का टारगेट

जवाब में खेलने उतरी श्रीलंका की टीम को डीएलएस मेथड के तहत 42 ओवर में 252 रन का ही टारगेट मिला। श्रीलंका की टीम को कुसल परेरा ने अच्छी शुरुआत दिलाई मगर चार चौके जड़ने के बाद वे रन आउट हो गए। श्रीलंका के ओपनिंग बल्लेबाज पथुम निसांका ने 29 रनों की पारी खेली। सदीरा समरविक्रमा ने 51 गेंद में 48 रन बनाते हुए श्रीलंका को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

श्रीलंका की ओर से कुसल मेंडिस में शानदार पारी खेलते हुए 87 गेंद पर 91 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 8 चौके और एक छक्का जड़ा। आखिर में श्रीलंका की टीम को एशिया कप के फाइनल में पहुंचने में सबसे बड़ी भूमिका चरिथ असालंका की रही जिन्होंने 47 गेंद पर 49 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का जड़ा।

शाहीन ने बढ़ा दिया श्रीलंका पर दबाव

श्रीलंका की टीम को जीत हासिल करने के लिए आखिर के दो ओवर में 12 रनों की दरकार थी। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने 41वां ओवर करने के लिए शाहीन अफरीदी को मोर्चे पर लगाया। उस समय श्रीलंका का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 240 रन था। शाहीन ने शुरुआती दो गेंद पर सिर्फ तीन रन दिए।

चौथी गेंद पर उन्होंने धनंजय डी सिल्वा को कैच आउट कराया जबकि शाहीन की पांचवीं गेंद पर वेलालागे कैच आउट हो गए। शाहीन की आखिरी गेंद पर भी सिर्फ एक रन ही बन सका। इस तरह शाहीन ने अपने ओवर के दौरान सिर्फ चार रन देते हुए दो विकेट भी हासिल किए।

काफी रोमांचक रहा आखिरी ओवर

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने आखिरी ओवर करने के लिए जमान खान को बुलाया। श्रीलंका की टीम को आखिरी छह गेंद पर 8 रन बनाने थे। पहली गेंद पर लेग बाय से एक रन बना। दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं बन सका जबकि तीसरी गेंद पर सिर्फ एक रन बना। चौथी गेंद पर मदुशन रन आउट हो गए और इसी के साथ श्रीलंका पर दबाव बढ़ गया क्योंकि अब आखिरी दो गेंदों पर छह रनों की दरकार थी।

जमान ने अपनी पांचवीं गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी जिस पर चरिथ असालंका ने थर्ड मैन पर चौका जड़ दिया। पारी की आखिरी गेंद पर जीत हासिल करने के लिए श्रीलंका को अब दो रनों की जरूरत थी। जमान खान ने आखिरी गेंद धीमी गति से डाली जिस पर दो रन बनाते हुए असालंका ने अपनी टीम को पाकिस्तान पर रोमांचक जीत दिला दी। असालंका ने 47 गेंद पर 49 रनों की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने तीन चौके और एक छक्का जड़ा।

उनकी इस पारी की बदौलत पाकिस्तान एशिया कप से बाहर हो गया जबकि श्रीलंका ने फाइनल में जगह बना ली। अब सबकी निगाहें रविवार को भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले खिताबी मुकाबला पर लगी हैं।

Monika

Monika

Content Writer

पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है

Next Story