×

Women's World Cup: भारत को मिली 2025 महिला विश्व कप की मेजबानी, चैंपियंस ट्रॉफी की भी होगी शुरुआत

Women’s World Cup: आईसीसी ने 2025 महिला विश्व कप की मेजबानी भारत को सौंपी। वहीं 2024 और 2026 महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश और इंग्लैंड को दी गई।

Aakash Mishra
Written By Aakash Mishra
Published on: 27 July 2022 5:31 AM GMT
Womens World Cup: भारत को मिली 2025 महिला विश्व कप की मेजबानी, चैंपियंस ट्रॉफी की भी होगी शुरुआत
X

Women’s World Cup (Image Credit: Twitter)

Women's World Cup: भारत 2025 महिला विश्व कप की मेजबानी करेगा। आईसीसी ने 2024 से 2027 तक होने वाले महिला क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर मेजबानों की घोषणा कर दी है। यह 2016 के बाद पहली बार होगा जब भारत महिलाओं के लिए कोई विश्व कप की मेजबानी करेगा। इससे पहले 2016 में भारत ने पुरुषों के साथ महिलाओं के टी20 विश्व कप को होस्ट किया था। वहीं भारत में पिछली बार महिलाओं के लिए 50 ओवर का विश्व कप 2013 में आयोजित हुआ था। आईसीसी ने 2023 और 2025 में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल वेन्यू का भी ऐलान कर दिया है।

बांग्लादेश में टी20 विश्व कप

2024 महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश को दी गई है। इससे पहले बांग्लादेश ने 2014 में महिला और पुरुष टी20 विश्व कप की मेजबानी की थी। इस टूर्नामेंट का आयोजन सितंबर-अक्टूबर के महीने में होगा। जिसमें 10 टीमों के बीच कुल 23 मैच खेलें जाएंगे। बता दे कि ऑस्ट्रेलिया महिला और पुरुष दोनों टी20 विश्व कप का डिफेंडिंग चैंपियन है। ऑस्ट्रेलिया ने 2020 टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत को हरा कर खिताब अपने नाम किया था।

2026 टी20 विश्व कप इंग्लैंड में होगा

इंग्लैंड को 2026 महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी दी गई है। इस टूर्नामेंट में टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी। जहां टीमों के बीच कुल 33 मैच खेले जाएंगे। पहला महिला टी20 विश्व कप 2009 में इंग्लैंड में ही खेला गया था। जहां इंग्लैंड ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया था।

2023 और 2025 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल लॉर्ड्स में

आईसीसी ने घोषण किया कि 2023 और 2025 आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल इंग्लैंड के लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान में खेला जाएगा। 2021 टेस्ट विश्व चैंपियनशिप का फाइनल भी इंग्लैंड में ही खेला गया था। जो कि साउथेम्प्टन के एजेस बाउल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। जहां न्यूजीलैंड ने भारत को हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया था।

नए टूर्नामेंट का आयोजन

पहली बार महिला चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले पुरुष क्रिकेट में चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन हो चुका है मगर महिला क्रिकेट में यह पहली बार होगा। पहले चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी श्रीलंका को दी जाएगी। हालाँकि, इसके लिए शर्त रखा गया है कि श्रीलंका को पहले टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करना होगा। यह टूर्नामेंट टी20 प्रारूप में खेला जाएगा।

आईसीसी के अध्यक्ष ग्रेग बार्कले ने रखी अपनी बात

आईसीसी चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने कहा, "हमें बांग्लादेश, भारत, इंग्लैंड और श्रीलंका को आईसीसी वुमेंस की व्हाइट बॉल स्पर्धाओं की मेजबानी से सम्मानित करते हुए खुशी हो रही है। महिलाओं के खेल के विकास में तेजी लाना आईसीसी की रणनीतिक प्राथमिकताओं में से एक है और इन आयोजनों को हमारे खेल के कुछ सबसे बड़े बाजारों में ले जाना हमें ऐसा करने का एक शानदार मौका देता है और क्रिकेट के एक अरब से अधिक प्रशंसकों के साथ अपने संबंध को गहरा करता है।"

Aakash Mishra

Aakash Mishra

Next Story