×

WPL 2023: मुंबई इंडियंस ने पहले सीजन के लिए हरमनप्रीत कौर को बनाया कप्तान, नीता अंबानी ने की घोषणा

WPL 2023: MI ने हरमनप्रीत कौर कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी दी है। हरमन भारतीय महिला टीम की कप्तान भी हैं। हाल ही में उन्होंने द. अफ्रीका में टी20 विश्व कप में भी टीम की कमान संभाली थी।

aman
Written By aman
Published on: 1 March 2023 4:10 PM GMT (Updated on: 1 March 2023 4:17 PM GMT)
Mumbai Indians
X

Harmanpreet Kaur (Social Media)

Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL 2023) के लिए हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) को अपनी टीम का कप्तान बनाया है। इस नजरिए से देखें तो अब भारतीय पुरुष और महिला टीम के कप्तान मुंबई इंडियंस (MI) के भी कप्तान हैं। स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) टीम इंडिया और मुंबई इंडियंस के कप्तान पहले से ही हैं। उनके साथ अब इस क्लब में हरमनप्रीत कौर भी शामिल हुई हैं। हरमनप्रीत भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हैं। हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारतीय महिला टीम दक्षिण अफ्रीका में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

हरमनप्रीत कौर को क्रिकेटर के तौर पर लंबा अनुभव है। वो हाल ही में 150 T20I खेलने वाली पहली क्रिकेटर बनीं। हरमन ने 20 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में कदम रखा था। एक दशक से अधिक समय से वो सभी फॉर्मेट में राष्ट्रीय टीम के लिए एक स्तंभ की तरह रही हैं। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कप्तान के रूप में उन्हें अच्छा अनुभव है। हरमनप्रीत को उनके बेहतर प्रदर्शन और खेल में योगदान के लिए अर्जुन पुरस्कार तक से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने मार्च 2009 में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 1.8 करोड़ रुपए की कीमत पर खरीदा। वह अब तक 3 टेस्ट मैच, 124 वनडे और 151 टी20 मैचों में खेल चुकी हैं।

क्या कहा नीता अंबानी ने?

मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी (Nita Ambani) ने हरमनप्रीत कौर के नियुक्ति की घोषणा की। वो बोलीं, 'हम मुंबई इंडियंस (MI) की पहली महिला क्रिकेट टीम की कप्तान के रूप में हरमनप्रीत को पाकर रोमांचित हैं। राष्ट्रीय कप्तान के रूप में उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट टीम (Indian women's cricket team) को कुछ सबसे रोमांचक जीत दिलाई हैं। उन्होंने कहा, मुझे यकीन है कि हरमनप्रीत कोच चार्लोट एडवर्ड्स (Coach Charlotte Edwards) और मेंटर झूलन गोस्वामी (Mentor Jhulan Goswami) के समर्थन में हमारी MI महिला टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने तथा अधिक गौरव दिलाने के लिए प्रेरित करेंगी।'

'प्रतिभा की नर्सरी' है मुंबई इंडियंस

नीता अंबानी ने कहा, हरमन ने हेड कोच चार्लोट एडवर्ड्स के खिलाफ खेली हैं। साथ ही, झूलन गोस्वामी के साथ खेली और कप्तानी की हैं। दुनिया के अन्य हिस्सों में टी20 लीग में खेलने वाली पहली भारतीय होने के नाते वह दुनिया में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रही हैं। उन्होंने कहा, अब वह एक ऐसी टीम का नेतृत्व करेंगी, जिसमें महिला क्रिकेट के कुछ सबसे बड़े नाम शामिल हैं। उन्हें युवा खिलाड़ियों का भी साथ मिलेगा। सभी अपनी प्रतिभा दिखाने को उत्सुक हैं। क्योंकि, मुंबई इंडियंस वैश्विक क्रिकेट के लिए 'प्रतिभा की नर्सरी' है।


MI ने 5 खिलाड़ियों को एक करोड़ से ज्यादा में खरीदा

मुंबई इंडियंस WPL 2023 टूर्नामेंट में अपना पहला मैच 4 मार्च को डीवाई पाटिल स्टेडियम (DY Patil Stadium) में गुजरात जाएंट्स (Gujarat Giants) के खिलाफ खेलेगी। आपको बता दें, मुंबई इंडियंस (MI) ने हाल ही में नीलामी में अपने 5 खिलाड़ियों पर एक करोड़ से ज्यादा की रकम खर्च ख़रीदा है। MI ने सबसे ज्यादा रकम नताली सीवर (Natalie Severe) पर खर्च किए हैं। नताली के लिए टीम ने 3.2 करोड़ रुपए खर्च किए। वहीं, पूजा वस्त्राकर (Pooja Vastrakar), अमेलिया केर (Amelia Kerr) और यास्तिका भाटिया (Yastika Bhatia) पर भी मुंबई ने एक करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए हैं।

मुंबई इंडियंस (MI) टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), नताली सीवर, अमेलिया केर, पूजा वस्त्राकर, यस्तिका भाटिया, हीथर ग्राहम, इसाबेल वोंग, अमनजोत कौर, धारा गुर्जर, सायका इशाक, हेले मैथ्यूज, क्लो ट्राइटन, हुमायरा काजी, प्रियंका बाला, सोनम यादव, नीलम बिष्ट और जिंतिमनी कलिता।

मुंबई इंडियंस की कोचिंग टीम : शार्लेट एडवर्ड्स (हेड कोच), झूलन गोस्वामी (बॉलिंग कोच और मेंटर), देविका पलशिकार (बल्लेबाजी कोच) और लिडिया ग्रीनवे (फील्डिंग कोच) हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story