×

Bhagwant Mann Cabinet: पंजाब में 10 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ, देखें कौन-कौन बना मंत्री

Bhagwant Mann Cabinet: पंजाब के सीएम भगवंत मान कैबिनेट का आज गठन हुआ। मान कैबिनेट के 10 मंत्रियों ने शपथ ली, जिसमें एक महिला मंत्री भी बनी हैं।

aman
Written By aman
Published on: 19 March 2022 7:35 AM GMT (Updated on: 19 March 2022 10:37 AM GMT)
punjab bhagwant mann cabinet new ministers take oath in chandigarh aam aadmi party
X

पंजाब के सीएम भगवंत मान कैबिनेट का आज गठन 

पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के भगवंत मान मुख्यमंत्री ने बीते दिनों मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। आज शनिवार को उनके मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। जिसके तहत AAP के 10 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। चार कैबिनेट मंत्री हैं।

भगवंत मान के नेतृत्व वाली कैबिनेट में इन सभी 10 मंत्रियों को शामिल करने का शपथ ग्रहण समारोह पंजाब के राजभवन में शुरू हुआ। पंजाब के राज्यपाल बी एल पुरोहित ने हरपाल सिंह चीमा, हरभजन सिंह और विजय सिंगला तथा बलजीत कौर को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई।

डॉ बलजीत कौर ने कहा, कि मैं पंजाब के लोगों और पार्टी आलाकमान को धन्यवाद देती हूं। यह आप की मानसिकता दिखाती है कि आपने एक महिला को कैबिनेट में शामिल किया है। वो आगे कहती हैं मैं अपने सभी कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करूंगी। बता दें, डॉ बलजीत कौर पेशे से डॉक्टर हैं। उन्होंने महिलाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए काम करने की बात कही।

इन 10 चेहरों को मिली मंत्रिमंडल में जगह

पंजाब की भगवंत मान सरकार के मंत्रिमंडल में आज 10 मंत्री शामिल हुए हैं राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले विधायक हरपाल सिंह चीमा ने शपथ लिया। उसके बाद भगवंत मान सरकार की एकमात्र महिला सदस्य डॉ. बलजीत कौर ने शपथ लिया। फिर हरभजन सिंह, डॉ. विजय सिंगला मंत्री, लाल चंद, गुरमीर सिंह मीत, कुलदीप सिंह धालीवाल ,लालजीत सिंह भुल्लर, ब्रम शंकर (जिम्पा) हरजोत सिंह बैंस ने मंत्री पद की शपथ ली।

हरपाल सिंह चीमा

भगवंत मान मंत्रिमंडल में सबसे पहले दिड़बा विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने हरपाल सिंह चीमा ने मंत्री पद की शपथ ली। ये विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रहे हैं।हरपाल चीमा पेशे से वकील रहे हैं। ये आम आदमी पार्टी के साथ शुरू ही जुड़े रहे हैं। वे आम आदमी पार्टी के बड़े दलित चेहरा माने जाते हैं।

डॉ. बलजीत कौर

आप विधायक डॉ. बलजीत कौर आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद साधु सिंह की बेटी हैं। बलजीत मलोट विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई हैं। डॉक्टर बलजीत कौर पेशे से नेत्र रोग विशेषज्ञ हैं। भगवंत मान मंत्रिमंडल की एकमात्र महिला मंत्री हैं।

डॉ. विजय सिंगला

मानसा से विधायक निर्वाचित हुए डॉ. विजय सिंगला ने प्रसिद्ध पंजाबी गायक और कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू मूसेवाला को मात दी थी। ये भी पेशे से डॉक्टर हैं।

हरभजन सिंह ईटीओ

अगला शपथ लेने वाले मंत्री रहे हरभजन सिंह ईटीओ। इन्हें भी भगवंत मान ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया है। हरभजन सिंह ईटीओ जंडियाला विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। ये साल 2012 में ईटीओ बने थे। 2017 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर आम आदमी में शामिल हो गए थे और अब भगवंत मान मंत्रिमंडल में मंत्री बने हैं।

युवा चेहरों को मिली तरजीह

भगवंत मान के कैबिनेट में युवा चेहरों को खास तौर पर तरजीह दी गई है। अजनाला से जीते 60 वर्षीय कुलदीप सिंह धालीवाल मान कैबिनेट के सबसे बुजुर्ग मंत्री हैं। इस नए मंत्रिमंडल की औसत उम्र करीब 46 साल 11 महीने यानी 47 साल है। मुख्यमंत्री मान सहित कुल 11 मंत्रियों में 31 साल के हरजोत सिंह भगवंत मान सबसे युवा मंत्री हैं। जबकि, 32 वर्षीय गुरमीत सिंह मीत हेयर दूसरे तथा 40 वर्षीय लालजीत सिंह भुल्लर तीसरे सबसे युवा चेहरे हैं। भगवंत मान मंत्रिमंडल में शामिल 6 मंत्रियों की उम्र पचास साल से कम है। इनमें 46 वर्षीय डॉ. बलजीत कौर, 47 साल के हरपाल चीमा और 48 साल के सीएम भगवंत मान शामिल हैं। 50 साल से अधिक उम्र के पांच मंत्रियों में 51 साल के लाल चन्द, 52 साल के विजय सिंगला, 53 साल के हरभजन सिंह ईटीओ, 56 साल के ब्रम शंकर और 60 साल के कुलदीप सिंह धालीवाल शामिल हैं।

मंत्रिमंडल के दो मंत्री 10वीं पास

पंजाब में नव गठित भगवंत मान सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों में दो केवल 10 वीं पास हैं। 10वीं पास मंत्रियों में अजनाला से जीतकर आए कुलदीप सिंह धालीवाल और भोआ से जीते लालचन्द शामिल हैं। चुनावी हलफनामे में धालीवाल ने खुद को किसान बताया है। जबकि, लाल चन्द ने स्वयं को समाजसेवी होने की जानकारी दी है। वहीं, 12वीं पास मंत्रियों में पट्टी से जीतकर आए लालजीत सिंह भुल्लर तथा होशियारपुर से जीते ब्रम शंकर शामिल हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान भी 12वीं पास ही हैं।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story