×

Karnataka: येदियुरप्पा को भरोसा बेदाग साबित होंगे ईश्वरप्पा, कहा-...मगर पद से इस्तीफा देना ही होगा

संतोष पाटिल नमक शख्स ने उडुपी में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले संतोष पाटिल ने अपने दोस्तों को वॉट्सऐप मेसेज कर बताया था कि वह के. एस. ईश्वरप्पा के चलते यह कदम उठा रहा है।

aman
Written By aman
Published on: 15 April 2022 10:56 AM GMT
bjp leader bs yediyurappa supports ks eshwarappa before his resignation
X

येदियुरप्पा और ईश्वरप्पा (फाइल फोटो) 

Karnataka : कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (b.s. yediyurappa) के.एस.ईश्वरप्पा (ks eshwarappa) के समर्थन में उतर आए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया, कि ईश्वरप्पा अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से बेदाग साबित होंगे। कर्नाटक कैबिनेट में उनकी फिर वापसी होगी। बता दें, कि ईश्वरप्पा के खिलाफ पुलिस ने संतोष पाटिल को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जिसके बाद अनुमान जताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम ही वो मुख्यमंत्री बोम्मई को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं।

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा ने कहा, 'ईश्वरप्पा के लिए इस्तीफा देने की स्थिति पैदा हो गई है और वह ऐसा करने भी जा रहे हैं। अगर, आगामी 2-3 महीने में जांच पूरी हो जाती है, तो फिर ये साबित हो जाएगा कि इस केस में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। वो निर्दोष हैं।'

'पद से इस्तीफा देना ही होगा'

बी,एस, येदियुरप्पा ने कहा, 'ईश्वरप्पा एक बार बेदाग साबित हो जाएं फिर उन्हें दोबारा मंत्रिपरिषद में शामिल करने में कोई दिक्कत नहीं आएगी।' हालांकि, बीजेपी नेता ने ये स्वीकारा कि जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं, उसमें के. ईश्वरप्पा को अपने पद से इस्तीफा देना ही होगा। येदियुरप्पा बोले, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनके साथ सब अच्छा हो।'

क्या है मामला?

बता दें, कि बीते मंगलवार को संतोष पाटिल नमक शख्स ने उडुपी (Udupi) के एक लॉज में आत्महत्या (suicide) कर ली थी। आत्महत्या से पहले संतोष पाटिल ने अपने दोस्तों को वॉट्सऐप मेसेज कर बताया था कि वह के. एस. ईश्वरप्पा के चलते यह कदम उठा रहा है। इससे पहले, पाटिल ने आरोप लगाया था कि के.एस. ईश्वरप्पा ने उनसे ठेकों पर 40 प्रतिशत की हिस्सेदारी मांगी थी।

गिरिराज सिंह से की थी शिकायत

दरअसल, संतोष पाटिल की आत्महत्या के बाद राज्य की सियासत में उबाल आ गया है। कांग्रेस लगातार ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग कर रही है। कांग्रेस ने इस्तीफे की मांग पर प्रदर्शन भी किया है। बीते महीने संतोष पाटिल ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह से ईश्वरप्पा की शिकायत की थी।

क्या ईश्वरप्पा का इस्तीफा बीजेपी के लिए झटका?

येदियुरप्पा से जब ये सवाल पूछा गया कि क्या ईश्वरप्पा का इस्तीफा बीजेपी के लिए झटका होगा? तो उन्होंने कहा, कि ऐसा कोई सवाल ही नहीं उठता। निश्चित तौर पर वह जल्द ही मंत्री बनकर वापस लौटेंगे। गौरतलब है कि, ईश्वरप्पा और येदियुरप्पा दोनों ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत शिमोगा से साथ की थी। इसके अलावा राज्य में बीजेपी को स्थापित करने में दोनों नेताओं की अहम भूमिका रही है।

क्या कहा मुख्यमंत्री ने?

इसी मुद्दे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा, कि ईश्वरप्पा के इस्तीफे से उनकी सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बोम्मई बोले, 'इसे सरकार के लिए झटके के तौर पर नहीं देखा जाए। वो आगे कहते हैं, कि जांच के बाद सच सामने आएगा। बोम्मई ने कहा कि कांग्रेस को जांचकर्ता और जज नहीं बनना चाहिए। इसके लिए उसे जांच पूरी होने तक इंतजार करना होगा।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story