×

BJP नेता किरीट सौमेया और बेटे की बढ़ी मुश्किलें, INS विक्रांत मामले में अग्रिम जमानत याचिका खारिज

INS Vikrant Case : महाराष्ट्र के होम डिपार्टमेंट के मुताबिक, बीजेपी नेता किरीट सौमेया और उनके बेटे नील सौमेया के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद से दोनों का कोई पता नहीं है।

Krishna Chaudhary
Written By Krishna ChaudharyPublished By aman
Published on: 12 April 2022 1:24 PM GMT
kirit somaiya and his son in trouble court rejected anticipatory bail petition ins vikrant case
X

Maharashtra News : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के पूर्व सांसद किरीट सौमेया (Kirit Somaiya) की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। सोमवार को मुंबई सेशन कोर्ट द्वारा उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उन पर और उनके बेटे नील सौमेया पर गिरफ्तारी की तलवार लटकने लगी है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) ने मंगलवार को किरीट सौमेया और उनके बेटे को समन जारी (Summons Issued) किया है। दोनों को 13 अप्रैल को मुंबई पुलिस के सामने पेश होना होगा।

महाराष्ट्र के होम डिपार्टमेंट के मुताबिक, बीजेपी नेता किरीट सौमेया और उनके बेटे नील सौमेया के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद से दोनों का कोई पता नहीं है। सेशन कोर्ट (sessions court) से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओयू) की तीन सदस्यीय टीम ने आज यानी मंगलवार को बीजेपी नेता के मुंबई स्थित दफ्तर समेत अन्य ठिकानों पर तलाशी की। लेकिन, दोनों कहीं नहीं मिले। अब ईओयू ने उनके खिलाफ समन जारी कर दिया है।

किरीट सौमेया पर आरोप

किरीट सौमेया और उनके बेटे नील सौमेया पर वर्ष 2013-14 में आईएनएस विक्रांत (INS Vikrant) को बचाने के लिए चलाए गए कैंपेन के दौरान जमा किए गए पैसे की हेराफेरी का मामला दर्ज है। इस मामले में एक पूर्व नौसैनिक पवन भोंसले द्वारा बीजेपी नेता किरीट सौमेया के खिलाफ मुंबई के ट्रांबे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई गई थी। शिकायतकर्ता पूर्व नौसेनिक ने आरोप लगाया था, कि उसने 2000 रुपए का चंदा दिय़ा था, लेकिन उसे रसीद नहीं दी गई। भाजपा नेता ने इस अभियान में 57 करोड़ रुपये से ज्यादा इकट्ठा कर लिए थे। आरोप के मुताबिक उन्होंने राशि को महाराष्ट्र के राज्यपाल के सचिव कार्यालय में जमा करने के बजाय फंड की हेराफेरी की।

क्या कहा वकील ने?

किरीट सोमैया के वकील पावनी चड्ढा ने बताया कि, हम हाईकोर्ट में जाएंगे और अपना पक्ष रखेंगे। किरीट सोमैया के वकील ने सुनवाई के दौरान कोर्ट में कहा, कि 57 करोड़ जमा करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, वो सरासर गलत हैं। उस समय हम सिर्फ 11 हजार रुपए जमा कर पाए थे। उन्होंने कहा, कि राज्यपाल के पास ऐसा कोई कोष नहीं था, जिसके कारण वो पैसे उन्होंने अपनी पार्टी को दे दिए थे।

महाराष्ट्र की सियासत गरमाई

इस मामले को लेकर महाराष्ट्र की सियासत भी गरमा गई है। शिवसेना इस मौके का उपयोग विपक्षी दल बीजेपी को घेरने के लिए करती नजर आ रही है। ईडी की कार्रवाई से तिलमिलाए शिवसेना नेता संजय राउत ने भाजपा नेता किरीट सौमेया पर आरोप लगाया, कि उन्होंने इस पैसे का इस्तेमाल अपने बिजनेस के लिए किया। ये केवल घोटाला ही नहीं बल्कि देशद्रोह भी है।

संजय राउत का तंज

संजय राउत ने किरीट सोमैया द्वारा अग्रिम जमानत याचिका दायर किए जाने पर तंज कसते हुए कहा था, कि कहीं वे विदेश भागने के फिराक में तो नहीं हैं? किरीट सौमेया के भगौड़े मेहुल चौकसी के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। वहीं, भाजपा नेता किरीट सौमेया अपने ऊपर लगे आरोप को नकार रहे हैं। उन्होंने उद्धव सरकार पर जानबूझकर फंसाने का आरोप लगाया है।

aman

aman

Content Writer

अमन कुमार - बिहार से हूं। दिल्ली में पत्रकारिता की पढ़ाई और आकशवाणी से शुरू हुआ सफर जारी है। राजनीति, अर्थव्यवस्था और कोर्ट की ख़बरों में बेहद रुचि। दिल्ली के रास्ते लखनऊ में कदम आज भी बढ़ रहे। बिहार, यूपी, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों के लिए डेस्क का अनुभव। प्रिंट, रेडियो, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया चारों प्लेटफॉर्म पर काम। फिल्म और फीचर लेखन के साथ फोटोग्राफी का शौक।

Next Story