TRENDING TAGS :
पंजाब में करारी शिकस्त के बाद सिद्धू का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा, चला सोनिया का हंटर
Punjab News : हाल ही में पांच राज्यों में मिली हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफे की मांग की थी।
navjot singh sidhu
Navjot Sidhu Resign : पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद आज पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें, कि हाल ही में संपन्न पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मिली करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इन राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा था। जिसके बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
कांग्रेस नेता नवजोत सिद्धू ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर इस्तीफे की जानकारी दी। सिद्धू ने कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष की इच्छा के अनुसार मैं पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं।'
उल्लेखनीय है, कि कांग्रेस पार्टी हाल में संपन्न पंजाब विधानसभा चुनाव में महज 18 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रहते नवजोत सिंह सिद्धू खुद अमृतसर पूर्वी सीट से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी ने चुनाव हार गए। राज्य की सत्ता में रही कांग्रेस की इस बुरी हार के बाद लगातार नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे की मांग पार्टी के अंदर उठ रही थी।
सिद्धू भी उठाते रहे हैं सवाल
कांग्रेस पार्टी के भीतर पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान लगातार आंतरिक कलह की बातें सामने आती रही थी। कांग्रेस पार्टी ने इस चुनाव में नवजोत सिद्धू की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद से नवजोत सिद्धू और उनके परिवार की तरफ से लगातार पार्टी आलाकमान के इस फैसले पर सवाल उठाए जाते रहे।
गौरतलब है, कि नवजोत सिंह सिद्धू को पिछले साल जुलाई महीने में पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। नवजोत सिद्धू ने तत्कालीन सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के इस्तीफे के बाद भी अपनी ही पार्टी की सरकार पर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस पार्टी को अपने नेताओं की आपसी फूट का खामियाजा विधानसभा चुनाव में हार के रूप में भुगतना पड़ा। यही वजह रही कि तमाम दिग्गज नेता चुनाव हार गए।